X
X

Fact Check: भाजपा के दिवंगत सांसद और विधायक के बीच हुई मारपीट का पुराना वीड‍ियो FAKE दावे के साथ वायरल

विश्वास न्‍यूज (नई द‍िल्ली)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव साल 2027 में होने वाले हैं। इसी के साथ सोशल मीडिया में फेक और भ्रामक राजनी‍त‍िक पोस्‍ट का स‍िलस‍िला भी शुरू हो गया है। इसी क्रम में दो नेताओं की मारपीट का एक वीडियो वायरल करते हुए दावा क‍िया जा रहा है क‍ि एक ब्राह्मण सांसद ने एक राजपूत विधायक को जूतों से पीट द‍िया। यह वीड‍ियो पहले भी चुनाव के आसपास अलग-अलग भ्रामक दावों के साथ वायरल होता रहा है।

विश्वास न्‍यूज पहले भी इस वीड‍ियो की सच्‍चाई जांच चुका है। दरअसल, यह घटना मार्च 2019 की है। उस वक्‍त यूपी के संत कबीर नगर में एक बैठक के दौरान तत्‍कालीन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद शरद त्रिपाठी और पार्टी के ही एक विधायक राकेश सिंह बघेल के बीच मारपीट हो गई थी। उस समय के वीड‍ियो को 2026 का बताकर भ्रामक दावे के साथ वायरल क‍िया जा रहा है।

क्‍या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Salman Khan’ ने 17 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “यह खुद आपस में लड़ रहे हैं, तो कहां से महंगाई बेरोजगारी शिक्षा पर ध्यान देंगे! भाजपा सांसद और विधायक युद्ध! ब्राह्मण सांसद ने राजपूत विधायक को 1 मिनट में 20 जूते मारे।”

इस वीडियो के साथ क‍िए गए दावों को सच मानकर अन्य यूजर्स भी इसे वायरल कर रहे हैं। फेसबुक पोस्‍ट का आर्काइव्‍ड वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज पहले भी कई बार वायरल वीड‍ियो की जांच कर चुका है। इसके ल‍िए वीडियो के कई स्‍क्रीनशॉट निकाले गए। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के माध्‍यम से खोजना शुरू किया गया। हमारी खोज के दौरान सबसे पुराना वीड‍ियो हमें ‘पीयूष राय’ नाम के एक एक्‍स हैंडलपर मिला था। यह वीडियो दूसरे एंगल से रिकॉर्ड किया गया था, लेक‍िन इसमें दोनों नेताओं को मारपीट करते हुए साफ देखा जा सकता है। इस वीड‍ियो को पहली बार 6 मार्च 2019 को अपलोड क‍िया गया था। वीडियो के साथ कैप्‍शन में बताया गया क‍ि, यूपी के संत कबीर नगर के भाजपा सांसद शरद त्रिपाठी ने स्‍थानीय भाजपा विधायक राकेश बघेल पर एक मीटिंग के दौरान हमला कर दिया।

सर्च के दौरान हमें ‘जागरण डॉट कॉम’ पर प्रकाश‍ित एक खबर म‍िली। 7 मार्च 2019 को प्रकाश‍ित इस खबर में बताया गया, “यूपी के संत कबीर नगर जिले के प्रभारी मंत्री और प्राविधिक एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन उर्फ गोपाल जी की अध्यक्षता में चल रही योजना समिति की बैठक में भाजपा सांसद शरद त्रिपाठी व भाजपा के ही विधायक राकेश सिंह बघेल के बीच जमकर जूतमपैजार हुई।” पूरी खबर को विस्‍तार से आप यहां पढ़ सकते हैं।

हमारी जांच के दौरान दोनों नेताओं के बीच मारपीट की इस घटना से जुड़ा एक वीड‍ियो हमें जागरण के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। इसे 6 मार्च 2019 को अपलोड करते हुए घटना के बारे में व‍िस्‍तार से बताया गया था। वीड‍ियो के कैप्‍शन में बताया गया, “संत कबीर नगर जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्राविधिक चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन उर्फ गोपाल की उपस्थिति में सांसद शरद त्रिपाठी और मेंहदावल के विधायक राकेश सिंह बघेल के बीच मारपीट हो गई। मारपीट उस समय हुई जब प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की बैठक चल रही थी। मारपीट के बाद डीएम रवीश गुप्त एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। मारपीट के बाद बैठक स्थगित हो गई है।”

हमारी अब तक की जांच में यह स्‍पष्‍ट हो गया क‍ि यूपी के संत कबीर नगर में हुई घटना के पुराने वीड‍ियो को यूपी व‍िधानसभा चुनाव 2027 से पहले भ्रामक दावे के साथ वायरल क‍िया जा रहा है।

वायरल पोस्‍ट पर यूपी भाजपा के प्रदेश प्रवक्‍ता राकेश त्रिपाठी का कहना है क‍ि वायरल वीड‍ियो काफी पुराना है। हाल-फिलहाल में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।

क्‍या है संदर्भ?

‘जागरण डॉट कॉम’ की 9 स‍ितंबर 2026 की एक खबर के अनुसार, उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी के साथ सियासी सरगर्मी भी बढ़ गई है।

वीड‍ियो में द‍िख रहे यूपी के संत कबीर नगर के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का वर्ष 2021 में निधन हो चुका है। ‘आजतक’ की वेबसाइट ने एक जुलाई 2021 को पूर्व सांसद के न‍ि‍धन को लेकर व‍िस्‍तार से एक खबर प्रकाश‍ित की थी।

पड़ताल के अंतिम चरण में हमने पुराने वीड‍ियो को भ्रामक दावे के साथ पोस्‍ट करने वाले यूजर के अकाउंट की जांच की। हमें पता चला कि इस फेसबुक यूजर को आठ हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट 2017 में बनाया गया था। फेसबुक प्रोफाइल के अनुसार, यूजर सऊदी अरब के रियाद में रहता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साब‍ित हुई। सात साल पहले भाजपा सांसद और व‍िधायक के बीच हुई मारपीट के वीडियो को अभी का बताकर वायरल क‍िया जा रहा है। दरअसल, वायरल वीड‍ियो मार्च 2019 का है। उस वक्‍त संत कबीर नगर में तत्‍कालीन भाजपा सांसद और विधायक के बीच आपस में मारपीट हो गई थी।

  • Claim Review : भाजपा के ब्राह्मण सांसद ने राजपूत विधायक को जूते मारे।
  • Claimed By : Facebook User Salman Khan
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later