X
X

Fact Check: बलजिंदर सिंह का समर्थन करते हुए शाह रुख खान का वायरल वीडियो AI जनरेटेड

बलजिंदर को बचाने की बात कहते एक्टर शाह रुख खान का वायरल वीडियो फेक निकला। शाह रुख का असली वीडियो 2015 में एडिनबर्ग विश्वविद्यालय में दी गई एक स्पीच का है, जिसमें एआई की मदद से ऑडियो को बदलकर अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Sep 24, 2026 at 04:54 PM
  • Updated: Sep 24, 2026 at 07:06 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सऊदी अरब में ट्रक चलाने का काम करने वाले पंजाब निवासी बलजिंदर सिंह को वहां की एक अदालत ने ड्रग तस्करी से जुड़े मामले में मौत की सजा सुनाई है। इसी से जोड़कर अभिनेता शाह रुख खान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें शाह रुख को कहते हुए सुना जा सकता है, “बलजिंदर सिंह को फेक केस में फंसाया गया है और मैं तुम्हें बचाकर पंजाब वापस ले आऊंगा।”

विश्वास न्‍यूज ने विस्तार से दावे की पड़ताल की। वायरल वीडियो फर्जी साबित हुआ। वायरल वीडियो को एआई की मदद से तैयार किया गया है। शाह रुख खान ने असली वीडियो में ऐसी कोई बात नहीं बोली है, जैसा कि वायरल वीडियो में दिखाया गया है। वीडियो में शाह रुख खान की एआई-जेनरेटेड आवाज का इस्तेमाल किया गया है। असली वीडियो 2015 का है, जब उन्होंने लाइफ और कठिनाइयों के बारे में एडिनबर्ग विश्वविद्यालय में एक स्पीच दी थी।

क्या हो रहा है वायरल?

इंस्टाग्राम यूजर ‘punjab.login’ ने 22 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए अंग्रेजी में कैप्शन लिखा जिसका हिन्दी अनुवाद है, “सही मायनों में किंग!” खबर है कि सऊदी अरब में मौत की सजा का सामना कर रहे बलजिंदर सिंह के लिए शाह रुख खान ने अपना समर्थन जताया है। इस घटनाक्रम ने लोगों का ध्यान खींचा है, क्योंकि बलजिंदर सिंह का परिवार लगातार मदद और न्याय की गुहार लगा रहा है।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें असली वीडियो ‘The University of Edinburgh’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। इसे 16 अक्टूबर 2015 को शेयर किया गया था। वीडियो में शाह रुख खान को अपनी लाइफ के अनुभवों को साझा करते हुए सुना जा सकता है। वह मूल वीडियो में जीवन की कठिनाइयों का सामना करते हुए खुद पर भरोसा रखने की बातें कहते हैं। डिस्क्रिप्शन में भी यही जानकारी दी गई है, “बॉलीवुड अभिनेता डॉ. शाह रुख खान ‘लाइफ लेसंस’ (जीवन के सबक) विषय पर अपना अनुभव शेयर कर रहे हैं।”

वायरल वीडियो का ऑडियो एआई की मदद से बनाया गया है। इसकी पुष्‍ट‍ि के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल ‘Hive Moderation’ की मदद से चेक किया। इस टूल ने ऑडियो के 94 फीसदी तक के एआई से बने होने के संकेत दिए।

अधिक पुष्टी के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। डीएयू की टीम ने एआई डिटेक्शन ‘hiya’ की मदद से भी ऑडियो को चेक किया। इस टूल ने भी ऑडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

डीएयू ने अपनी एनालिसिस में यह भी बताया कि वीडियो में एसआरके के होंठों की हरकतें ऑडियो ट्रैक में बोले गए शब्दों से मेल नहीं खा रही हैं। ऑडियो ट्रैक में हल्की गूंज भी है।  शाह रुख वाले हिस्से की विज़ुअल क्वालिटी भी बहुत खराब है।

क्या है संदर्भ?

बलजिंदर सिंह पंजाब के पठानकोट जिले के सुजानपुर के रहने वाले हैं। वह करीब दस साल पहले काम की तलाश में सऊदी अरब गए थे और वहां ट्रक चलाने का काम करने लगे थे। लगभग 3 साल पहले उन्हें ड्रग तस्करी के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया था और अब साल 2026 में वहां की एक अदालत ने उन्हें मौत की सजा सुनाई है। अब सितंबर 2026 में बलजिंदर के परिवार ने भारत सरकार से उन्हें बचाने की गुहार लगाई है। परिवार के अनुसार, किसी पहचान वाले ने उन्हें दवा का एक पैकेट दिया था। बलजिंदर ने बिना जांचे उस पैकेट को अपने ट्रक में रख लिया था। सीमा पर ट्रक की स्कैनिंग के दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले पर पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 18 हजार से भी अधिक लोग फॉलो करते हैं। इंस्टाग्राम पर यूजर जुलाई 2026 से सक्रिय है। यूजर पंजाब से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्‍यूज की पड़ताल में बलजिंदर को बचाने की बात कहते एक्टर शाह रुख खान का वायरल वीडियो फेक निकला। शाह रुख का असली वीडियो 2015 में एडिनबर्ग विश्वविद्यालय में दी गई एक स्पीच का है, जिसमें एआई की मदद से ऑडियो को बदलकर अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : सऊदी अरब में बलजिंदर सिंह को मौत की सजा मिलने पर शाह रुख खान उनके समर्थन में उतरे।
  • Claimed By : Inst User Punjab login
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later