Fact Check: बिहार में दिनदहाड़े महिला को जबरन उठाकर ले जाने के दावे के साथ वायरल वीडियो स्क्रिप्टटेड
बिहार में महिला के अपहरण के दावे के साथ वायरल हो रहे वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो स्क्रिप्टेड है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 4, 2026 at 04:14 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक महिला का कथित किडनैपिंग का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला को कार सवार जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश करते हैं। तभी एक बाइक सवार यह सब देख लेता है और मदद करने की कोशिश करता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह बिहार में हुई घटना का वीडियो है।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा फर्जी साबित हुआ। असल में वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि स्क्रिप्टेड है। स्क्रिप्टेड वीडियो को यूजर्स अब गलत दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘क्षत्रिय गजेंद्र सिंह’ ने 3 नवंबर 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “हमने पहले भी जंगल राज देखा है आज भी देख रहा हु #नीतीश के न रहने के बाद #बिहार में जंगल राज… भाजपा के सम्राट चौधरी के शासन में राह चलती लड़की का अपहरण…. अगर ये सम्राट चौधरी की बेटी होती तो एक्शन तुरंत होता… पर क्या ही दिक़्क़त है जनता है पिसने दो इन्हें यही चाहती है भाजपा सरकार।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन ‘isa007stunt’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 12 अक्टूबर 2026 को अपलोड किया गया था। वीडियो को देखने पर हमने पाया कि सब काफी नाटकीय ढंग से हो रहा था। ऐसे में हमने जब कमेंट देखना शुरू किया, तो पाया कि लोग वीडियो को स्क्रिप्टेड बता रहे हैं।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने यूजर के अकाउंट को खंगालना शुरू किया। हमने पाया कि अकाउंट पर इस तरह के अन्य नाटकीय वीडियो मौजूद हैं। इन वीडियो में वायरल वीडियो वाली बोलेरो गाड़ी को देखा जा सकता है। साथ ही बाइक वाला शख्स सभी वीडियो में नाटकीय तरीके से लोगों की मदद करने की कोशिश करता है।

जांच के दौरान हमें शख्स का यूट्यूब चैनल भी मिला। यूट्यूब चैनल पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, इन वीडियो को मनोरंजन के लिए बनाया गया है। यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो जैसे कई वीडियो मौजूद हैं और उनके डिस्क्रिप्शन में भी यह बताया गया है कि इन्हें मनोरंजन के लिए बनाया गया है।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण, पटना के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ अरुण अशेष से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो बिहार में हुई घटना का नहीं है।
हमने isa007stunt के इंस्टाग्राम अकाउंट से संपर्क करने की कोशिश की है। रिप्लाई आने पर रिपोर्ट को अपटेड किया जाएगा।
क्या हो रहा है वायरल?
बिहार के जमुई के बाद अब समस्तीपुर में नाबालिग छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और अभ्रद्र व्यवहार की घटना सामने आई थी। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पर देखा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे का साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब 19 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को दिल्ली का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बिहार में महिला के अपहरण के दावे के साथ वायरल हो रहे वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो स्क्रिप्टेड है।
- Claim Review : बिहार में सरेआम महिला का हुआ अपहरण।
- Claimed By : FB User क्षत्रिय गजेंद्र सिंह
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












