Fact Check: अमित शाह ने सिर्फ बीजेपी को वोट देने वालों को नहीं बताया भारत का नागरिक, वायरल बयान फर्जी
अमित शाह के नाम पर वायरल हो रहा बयान फर्जी है। दरअसल, अमित शाह ने यह कहा था कि जो भारत का नागरिक है, सिर्फ उन्हीं लोगों को वोट देने का अधिकार मिलेगा।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 6, 2026 at 10:54 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारतीय जनता पार्टी पर चुनाव में गड़बड़ी करने और कथित रूप से वोट चोरी करने के आरोप विपक्ष लगा रहा है। साथ ही, विपक्ष ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जैसी रैलियां भी कर रहा है। विपक्ष के इन आरोपों का जवाब देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत देश के कई शहरों में पदयात्राएं शुरू की हैं। इसी से जोड़कर अब एक ग्राफिक तेजी से वायरल हो रहा है। इस ग्राफिक पर अमित शाह के नाम से एक कथित बयान वायरल हो रहा है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है, “जो BJP को वोट डालेगा केवल वही भारत का नागरिक है!”
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहा यह दावा गलत है। अमित शाह ने इस तरह का कोई विवादित बयान नहीं दिया है। उनके नाम से फर्जी बयान वायरल हो रहा है। असली ग्राफिक ‘टीवी9’ का है और उस पर सिर्फ भारत के नागरिक को वोट डालने का अधिकार वाला अमित शाह का बयान लिखा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Sakshi Sharma’ ने 3 नवंबर 2026 को वायरल ग्राफिक शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “#VoterList में गड़बड़ी के पीछे का सारा खेल यही है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल बयान से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने फोटो को गूगल लेंस पर सर्च किया। हमें असली तस्वीर ‘TV9 Bharatvarsh’ के आधिकारिक फेसबुक पेज पर मिली। पोस्ट को 2 नवंबर 2026 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, “हैदराबाद में बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वोट वही डालेगा जो भारत का नागरिक होगा।”

दोनों ग्राफिक्स के बीच अंतर को नीचे देखा जा सकता है।

‘आजतक’ की वेबसाइट पर 2 नवंबर 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान का हिस्सा बनने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2 नवंबर को हैदराबाद पहुंचे थे। वहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता SIR के साथ मजबूती से खड़े हैं। देश में सिर्फ उन्हीं लोगों को वोट देने का अधिकार मिलेगा, जो भारत के नागरिक हैं।
इस मामले पर अधिक जानकारी के लिए हमने बीजेपी प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा दावा गलत है।
क्या है संदर्भ?
भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव में गड़बड़ी और ‘वोट चोरी’ के विपक्ष के आरोप के जवाब में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत बीजेपी के मंत्री देश के विभिन्न शहरों में पदयात्राएं कर रहे हैं। इसी अभियान के तहत 2 नवंबर 2026 को हैदराबाद में एक पदयात्रा आयोजित की गई थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसका हिस्सा बनने के लिए वहां पहुंचे थे। इसी अभियान के तहत 5 नवंबर को वह हरियाणा के करनाल में भी पदयात्रा करने के लिए पहुंचे थे। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ें।
अंत में हमने फेक ग्राफिक को गलत दावे के साथ शेयर करने वाली फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर के 36 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। यह यूजर 20 अगस्त 2019 से फेसबुक पर सक्रिय है और प्रोफाइल में खुद को महाराष्ट्र का बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अमित शाह के नाम पर वायरल हो रहा बयान फर्जी है। दरअसल, अमित शाह ने यह कहा था कि जो भारत का नागरिक है, सिर्फ उन्हीं लोगों को वोट देने का अधिकार मिलेगा।
- Claim Review : गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- BJP को जो वोट देगा, केवल वही भारत का नागरिक है।
- Claimed By : FB User Sakshi Sharma
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












