Fact Check: जर्मनी में संसद के बाहर फिलीस्तीन का झंडा फहराने का वीडियो इजरायल का बताकर किया जा रहा शेयर
जर्मनी में संसद के बाहर फिलीस्तीनी झंडा फहराए जाने के वीडियो को इजरायल का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Nov 11, 2026 at 03:48 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इजरायल में हुए चुनाव के बाद प्रमुख विपक्षी नेता गादी आइजनकोट को सरकार बनाने का मौका मिला है। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक भवन पर फिलीस्तीन का झंडा फहराते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि इजरायल में मुस्लिम सरकार बनते ही संसद पर फिलिस्तीन का झंडा फहराया गया।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की तो पता चला कि वीडियो जर्मनी का है, जहां एक संगठन के कार्यकर्ता ने जर्मनी का झंडा उतारकर फिलिस्तीनी झंडा लगा दिया था। इस मामले में जर्मन पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया था।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Hasan Tahalka’ ने 10 नवंबर 2026 को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “फादरलैंड के जाने के बाद। फिलिस्तीन में मुस्लिम गठबंधन की सरकार बनने के बाद अब वहा वाले अन्ध भक्त फिलिस्तीनी को परेशान करेगे तो कुटे जाएगे! वहा की सरकार बनते ही कानुन बन गया है।”
वीडियो पर लिखा है, “इजराइल में मुस्लिम सरकार बनते ही पार्लियामेंट में लहरा दिया फिलिस्तीन का झंडा।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। यूट्यूब चैनल ‘JewishBreakingNews’ पर 9 नवंबर 2026 को वायरल वीडियो से संबंधित जानकारी को अपलोड किया गया है। इसमें वायरल क्लिप के हिस्से को भी देखा जा सकता है। जानकारी के अनुसार, “हमास समर्थक कार्यकर्ताओं ने रीचस्टैग पर फिलिस्तीनी झंडा फहराया।”
यूट्यूब चैनल ‘trtworld’ पर 8 नवंबर 2026 को इससे संबंधित वीडियो न्यूज को पोस्ट किया गया है। इसमें भी वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, “8 नवंबर को बर्लिन में गाजा में इजरायल द्वारा किए जा रहे नरसंहार के खिलाफ बर्लिन की नीति का विरोध करते हुए प्रदर्शनकारियों ने बुंडेस्टाग (जर्मन संसद) के बाहर लगे खंभे से जर्मनी का राष्ट्रीय ध्वज हटाकर वहां फिलिस्तीन का झंडा लगा दिया। बर्लिन पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया।”
बर्लिन के न्यूज पोर्टल ‘बर्लिनर’ पर 9 नवंबर 2026 को छपी रिपोर्ट में वीडियो के कीफ्रेम को देखा जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, “8 नवंबर की सुबह एक युवक ‘प्लात्ज डेर रिपब्लिक’ में लगे खंभे पर चढ़ गया और उसने जर्मन झंडा उतारकर वहां फिलिस्तीनी झंडा लगा दिया। दो अन्य व्यक्ति खंभे के नीचे खड़े होकर उसकी मदद कर रहे थे। ‘पीसफुली अगेंस्ट जेनोसाइड’ नाम के एक समूह ने इस घटना की ज़िम्मेदारी ली थी। पुलिस ने फिलिस्तीनी झंडे को हटा दिया और तीनों को हिरासत में लिया गया था। इस मामले में बुंडेस्टैग (जर्मन संसद) की अध्यक्ष जूलिया क्लोक्नर ने मांग की है कि संसद को और अधिक सुरक्षा की आवश्यकता है। संसद की सुरक्षा के लिए रीचस्टैग (Reichstag) इमारत के आस-पास का इलाका भी बहुत महत्वपूर्ण है।”
इस मामले में हमने इजरायल के फैक्ट चेकर यूरिया बार मेर से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो इजरायल की संसद नेसेट का नहीं है।
क्या है संदर्भ?
इजरायल में हुए आम चुनाव में केयर टेकर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को संसद में बहुमत नहीं मिल सका है। ‘बीबीसी’ की 9 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल की 120 सदस्यों वाली संसद में सरकार बनाने के लिए 61 सांसदों का समर्थन जरूरी है। चुनाव में नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और यहूदी सहयोगियों ने 53 सीटें जीती हैं, जबकि आइजनकोट की याशर पार्टी और तीन अन्य यहूदी विपक्षी पार्टियों को 48 सीटें हासिल हुई हैं। इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने इजरायली सेना के पूर्व कमांडर आइजनकोट को सरकार बनाने के लिए न्योता दिया है।
जर्मनी के वीडियो को इजरायल का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। उत्तर प्रदेश के तुलसीपुर के रहने वाले यूजर के करीब 10 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: जर्मनी में संसद के बाहर फिलीस्तीनी झंडा फहराए जाने के वीडियो को इजरायल का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : इजरायल में मुस्लिम सरकार बनते ही संसद पर फिलिस्तीन का झंडा फहराया गया।
- Claimed By : FB User- Hasan Tahalka
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












