X
X

Fact Check: तेलंगाना में पदयात्रा के दौरान अमित शाह के विरोध के झूठे दावे से कांग्रेस की सभा का पुराना वीडियो वायरल

अमित शाह ने 2 नवंबर 2026 को हैदराबाद में पदयात्रा निकाली थी। उस दौरान उनका विरोध किए जाने का दावा गलत है। वायरल वीडियो जुलाई 2023 में हुई कांग्रेस की एक जनसभा का है।

Amit Shah Telangana Padyatra, Amit Shah News, Amit Shah Viral Video

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नवंबर 2026 में तेलंगाना में एक पदयात्रा निकाली गई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक सभा के दौरान कई लोगों को एक गाड़ी को घेरे हुए देखा जा सकता है और पुलिसकर्मी भीड़ में फंसे वाहन को वहां से निकालने की कोशिश करते दिख रहे हैं। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि तेलंगाना में लोगों ने अमित शाह का विरोध किया, जिस कारण उन्हें वहां से जाना पड़ा।

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की तो पता चला कि वीडियो तेलंगाना में जुलाई 2023 में हुई कांग्रेस की एक सभा का है। उस दौरान लोगों ने हाथ हिलाकर लोकसभा में नेता विपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का अभिनंदन किया था। उस दौरान के वीडियो को अब अमित शाह की पदयात्रा का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

एक्स यूजर ‘Ritu Choudhary’ ने 4 नवंबर 2026 को वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “अमित शाह तेलंगाना में राहुल गांधी का विरोध करने पहुंचे थे, लेकिन बाजी उल्टी पड़ गई। लोगो ने ऐसा भगाया की गुजरात याद आ गया होगा।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। एक्स यूजर ‘Shantanu’ ने इस वीडियो को 4 जुलाई 2023 को पोस्ट करते हुए लिखा था, “खम्माम में राहुल गांधी भाषण के बाद जब वहां से जा रहे थे, तब तेलुगू लोगों का उत्साह देखिए। तेलंगाना में कांग्रेस की लहर।”

इस वीडियो में गाड़ी के अंदर बैठे राहुल गांधी दिख रहे हैं और वहां मौजूद लोगों के हाथ में कांग्रेस का झंडा भी देखा जा सकता है।

साथ ही, वीडियो में दिख रही गाड़ी का नंबर ‘TS’ से शुरू हो रहा है।

इस आधार पर गूगल पर कीवर्ड से सर्च करने पर हमें ‘डेक्कन क्रॉनिकल‘ की खबर मिली। 13 मार्च 2024 को छपी इस रिपोर्ट के अनुसार, “केंद्र सरकार ने तेलंगाना में TS की जगह TG को मंजूरी दे दी है। तेलंगाना में गाड़ियों के नए रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट पर अब TG लिखा जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन और हाईवे मंत्रालय ने मंगलवार देर रात इस बारे में एक गजट नोटिफिकेशन जारी किया। यह बदलाव नई रजिस्टर्ड गाड़ियों पर लागू होगा, जबकि TS नंबर प्लेट वाली पुरानी गाड़ियां भी चलन में रहेंगी।”

इसके बाद हमने तेलंगाना के खम्माम में जुलाई 2023 में हुई कांग्रेस की जनसभा के बारे में सर्च किया। कांग्रेस सांसद ‘K.C. Venugopal’ ने 2 जुलाई 2023 को इस सभा का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था, “आज खम्माम में माहौल बेहद जोशपूर्ण है। यह ‘भारत जोड़ो’ की लहर है, जहां लोगों का हुजूम कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के प्रति अपना समर्थन दिखाने के लिए उत्सुक है।”

एक्स यूजर ‘Shantanu’ और कांग्रेस सांसद ‘K.C. Venugopal’ के वीडियो में मंच और पीछे लगे टेंट देखे जा सकते हैं।

इससे पता चलता है कि वायरल वीडियो तेलंगाना के खम्माम में जुलाई 2023 में हुई कांग्रेस की जनसभा का है।

राहुल गांधी के यूट्यूब चैनल से 2 जुलाई 2023 को खम्माम में हुई ‘तेलंगाना जन गर्जना सभा’ का वीडियो पोस्ट किया गया था।

इसके बाद हमने पदयात्रा के दौरान अमित शाह के विरोध से संबंधित रिपोर्ट के लिए गूगल पर कीवर्ड की मदद से सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली।

इस बारे में हमने तेलंगाना के स्थानीय पत्रकार श्रीहर्ष से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो अमित शाह की पदयात्रा का नहीं है। यह कांग्रेस की सभा का एक पुराना वीडियो है।

क्या है संदर्भ?

अमित शाह ने 2 नवंबर 2026 को हैदराबाद में पदयात्रा निकाली थी। ‘आजतक’ के यूट्यूब चैनल पर 2 नवंबर 2026 को अपलोड की गई वीडियो न्यूज के अनुसार, दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए ‘इंडी’ गठबंधन ने रैली की थी। इसके जवाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में पदयात्रा का आयोजन किया था। इसके तहत अमित शाह के नेतृत्व में हैदराबाद में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई।

भाजपा के फेसबुक पेज से 2 नवंबर 2026 को इस पदयात्रा का लाइव प्रसारण किया गया था।

वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक राजनीतिक दल से जुड़ी यूजर मार्च 2016 से एक्स पर एक्टिव हैं और उनके 44 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: अमित शाह ने 2 नवंबर 2026 को हैदराबाद में पदयात्रा निकाली थी। उस दौरान उनका विरोध किए जाने का दावा गलत है। वायरल वीडियो जुलाई 2023 में हुई कांग्रेस की एक जनसभा का है।

  • Claim Review : तेलंगाना में लोगों ने अमित शाह का विरोध किया, जिस कारण उन्हें वहां से जाना पड़ा।
  • Claimed By : X User- Ritu Choudhary
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later