Fact Check: ‘रामायणम्’ फिल्म से सनी देओल के हनुमान लुक का लीक वीडियो एआई-निर्मित
'रामायणम्' फिल्म में हनुमान का किरदार निभाने के लिए सनी देओल के तैयार होने का वीडियो असली नहीं, बल्कि फर्जी है। असल में वायरल हो रहे इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 12, 2026 at 03:47 PM
- Updated: Nov 12, 2026 at 03:49 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिवाली के मौके पर रिलीज हुई ‘रामायणम्’ फिल्म से जोड़कर अभिनेता सनी देओल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सनी देओल को हनुमान का किरदार निभाने के लिए तैयार होते और मेकअप करवाते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह ‘रामायणम्’ फिल्म के सेट से लीक हुए सनी देओल के लुक का वीडियो है। दावा है कि फिल्म में सनी देओल कुछ इस तरह नजर आएंगे।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहा यह वीडियो एआई की मदद से बनाया गया है।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर ‘ajitsamachar’ ने 7 नवंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “हनुमान बने Sunny Deol, रामायण फिल्म से लीक हुआ लुक।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें इस दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। इस वीडियो को गौर से देखने पर हमें सनी देओल की प्रतिक्रिया का तरीका रोबोटिक लगा। ऐसे में हमें वीडियो के एआई-निर्मित होने का संदेह हुआ।
इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है या नहीं, यह जानने के लिए हमने एआई डिटेक्शन टूल ‘Deploy Detect’ की मदद ली। इस टूल के एनालिसिस में वायरल वीडियो के करीब 100 फीसदी एआई से बने होने के संकेत मिले।

हमने वीडियो की जांच के लिए एक अन्य टूल ‘AI Video Detector’ का भी इस्तेमाल किया। इस टूल ने भी वीडियो के 80 फीसदी तक एआई-निर्मित होने के संकेत दिए।

तीसरे टूल ‘Truth Scan’ ने वीडियो के एआई-निर्मित होने की 99 फीसदी संभावना जताई।

चौथे टूल ‘Undetectable’ के जरिए जब हमने वीडियो को सर्च किया, तो इसने 97 फीसदी तक वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

पड़ताल के दौरान हमें सनी देओल के हनुमान लुक पर एक न्यूज रिपोर्ट ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 5 नवंबर 2026 को प्रकाशित मिली। इस रिपोर्ट के अनुसार, ‘रामायणम्’ के पार्ट-1 के अंत में हनुमान का एक लुक दिखाया गया है। खास बात यह है कि फिल्म में भी पीछे की ओर से हनुमान का लुक दिखाया गया है।
अधिक जानकारी के लिए हमने सनी देओल के पीए पंकज जोशी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा यह वीडियो फर्जी है।
क्या है संदर्भ?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायणम्’ फिल्म बन रही है। यह फिल्म दो पार्ट में आएगी। इसका पहला पार्ट दिवाली पर रिलीज कर दिया गया है। पहले पार्ट में रणबीर कपूर ने राम, साई पल्लवी ने सीता, रवि दुबे ने लक्ष्मण और यश ने रावण के किरदार निभाए हैं। पार्ट-2 में सनी देओल हनुमान का किरदार निभाएंगे। इससे जुड़ी पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब 10 हजार लोग फॉलो करते हैं। इंस्टाग्राम पर यूजर मई 2020 से सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि ‘रामायणम्’ फिल्म में हनुमान का किरदार निभाने के लिए सनी देओल के तैयार होने का वीडियो असली नहीं, बल्कि फर्जी है। असल में वायरल हो रहे इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है।
- Claim Review : रामायणम् फिल्म से सनी देओल का हनुमान लुक हुआ लीक।
- Claimed By : Insta User ajitsamachar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












