Fact Check: ‘बॉर्डर 2’ फिल्म की शूटिंग की यह वायरल तस्वीर एआई निर्मित
‘बॉर्डर 2’ फिल्म की शूटिंग की तस्वीर के नाम से वायरल हो रही तस्वीर असल में एआई निर्मित है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jan 22, 2026 at 05:24 PM
- Updated: Jan 22, 2026 at 06:08 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसी से जोड़ते हुए एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। फोटो में देखा जा सकता है कि सनी देओल, सुनील शेट्टी, अक्षय खन्ना और जैकी श्रॉफ बैठकर खाना खा रहे हैं और एक महिला इन्हें खाना परोस रही है। इस तस्वीर को ‘बॉर्डर 2’ फिल्म की शूटिंग के दौरान का बताकर शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि असल में ये तस्वीर एआई टूल्स की मदद से बनाई गई है,जिसे अब फर्जी दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर ‘meghabanjare03’ ने वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “Border 2 के शूटिंग के दौरान।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल तस्वीर से मिलती-जुलती कई तस्वीरें मिली। इन तस्वीरों में खाना परोसने वाली महिला बदल जाती है और एक अन्य तस्वीर में महिला मौजूद ही नहीं है। तस्वीर को गौर से देखने पर हमने पाया कि जैकी श्रॉफ के चेहरे की बनावट काफी अटपटी है। ऐसे में हमें तस्वीर के एआई से बने होने का संदेह हुआ।

हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए फोटो को एआई की मदद से बने मल्टीमीडिया की जांच करने वाले टूल्स से सर्च किया।
हमने हाइव मॉडरेशन टूल की मदद से तस्वीर को सर्च किया। इस टूल ने फोटो के 99 फीसदी तक एआई जेनरेटेड होने की संभावना बताई।

हमने डी कॉपी की मदद से तस्वीर को सर्च किया। इस टूल ने फोटो के 78 फीसदी तक एआई जेनरेटेड होने की संभावना जताई।

गूगल के बैक स्टोरी टूल से भी हमने इस तस्वीर को चेक किया। इस टूल ने भी वायरल तस्वीर को एआई निर्मित बताया है।

हमने वायरल पोस्ट को एआई टेक्नोलॉजी में काम कर रहे एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया कि तस्वीर में मौजूद लोगों के चेहरे की बनावट काफी अजीब और अटपटी है। जैकी श्रॉफ की उंगलियों की बनावट भी सही नहीं है। एआई से बनी तस्वीरों में इस तरह की खामियां होती है।
मूवीज रेटिंग और रिव्यू की वेबसाइट ‘आईएमडीबी’ पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, सनी देओल को छोड़कर फिल्म की बाकी स्टार कास्ट नई है। वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ ‘बॉर्डर 2’ फिल्म का हिस्सा हैं।

अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में भी फिल्म की कास्ट को लेकर यही जानकारी दी गई है।
अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 106के लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि ‘बॉर्डर 2’ फिल्म की शूटिंग की तस्वीर के नाम से वायरल हो रही तस्वीर असल में एआई निर्मित है।
- Claim Review : Border 2 की शूटिंग की तस्वीर।
- Claimed By : FB User meghabanjare03
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












