Fact Check: जॉर्ज सोरोस के बेटे से गले मिलते राहुल गांधी की वायरल तस्वीर फेक, AI की मदद से बनाई गई है काल्पनिक इमेज
जॉर्ज सोरोस के बेटे के शादी में शिरकत करते राहुल गांधी की वायरल तस्वीरें असली नहीं, बल्कि एआई जेनरेटेड हैं।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jun 24, 2025 at 05:25 PM
- Updated: Jun 25, 2025 at 02:23 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नेता-प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। फोटो में राहुल गांधी को शादी समारोह में शामिल होते हुए और एक शख्स को गले लगाते हुए देखा जा सकता है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीरें उनकी अमेरिकी कारोबारी जॉर्ज सोरोस के बेटे अलेक्जेंडर सोरोस की शादी में शामिल होने की हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा फेक है और इसके साथ वायरल हो रही तस्वीरें असली नहीं, बल्कि एआई जेनरेटेड हैं।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर Soumen Roy ने 19 जून 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “गजब की दोस्ती,राहुल ने भारत को किया शर्मसार?**मां अस्पताल में , लेकिन बेटा भारत के सबसे बड़े दुश्मन जाॅर्ज सोरोस के बेटे की शादी में जश्न मना रहा है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल तस्वीरों की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गौर से देखा। हमने पाया कि जिस तस्वीर में राहुल गांधी जॉर्ज सोरोस के बेटे अलेक्जेंडर सोरोस से गले मिल रहे हैं। उस तस्वीर में अलेक्जेंडर सोरोस के हाथ राहुल गांधी के कुर्ते में मिल रहे हैं। साथ ही फोटो में मौजूद दुल्हन के हाथों की बनावट भी अटपटी है। ऐसे में हमें फोटो के एआई टूल्स की मदद से बने होने की आशंका हुई।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने एआई डिटेक्शन टूल की मदद से चेक किया। हमने हाइव मॉडरेशन की मदद से भी फोटो को सर्च किया। इस टूल ने फोटो के 86.1 फीसदी तक एआई जेनरेटेड होने की संभावना बताई।
एक अन्य टूल साइट इंजन की मदद से हमने तस्वीर को सर्च किया। इस टूल ने भी फोटो को 99 फीसदी तक एआई जेनरेटेड होने की संभावना जताई।
अधिक पुष्टि के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से राहुल गांधी के अलेक्जेंडर सोरोस की शादी में शामिल होने के बारे में सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
प्यूपिल की वेबसाइट पर 17 जून 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, हुमा आबेदीन और अलेक्जेंडर सोरोस 14 जून को अपने हैम्पटन्स स्थित घर में शादी के बंधन में बंधे थे।
राहुल गांधी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट को खंगालने पर हमने पाया कि राहुल गांधी ने 10 जून को छात्रों से बातचीत की थी। जबकि 19 जून 2025 को अपने जन्मदिन के मौके पर उन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी।
रॉबर्ट वाड्रा ने राहुल गांधी के साथ पूरे परिवार की तस्वीर को शेयर करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी थी। पोस्ट को 24 जून 2025 को शेयर किया गया था।
हमें जांच के दौरान अलेक्जेंडर सोरोस की शादी की कई तस्वीरें और वीडियो मिलें, जिनमें ये साफ देखा जा सकता है कि समारोह की तस्वीरें वायरल तस्वीरों से काफी अलग है। दुल्हन के शादी के कपड़े भी एक जैसे नहीं हैं।
अधिक जानकारी के लिए हमने एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे (Azahar machwe) से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि तस्वीरों में लोगों की हाथों की बनावट को देखकर समझा जा सकता है कि इन्हें एआई की मदद से बनाया गया है।
अधिक जानकारी के लिए हमने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि एआई की मदद से तस्वीरों को बनाकर गलत तरीके से वायरल किया जा रहा है। दुष्प्रचार की मंशा से राहुल गांधी की छवि को खराब करने के लिए इन तस्वीरों को शेयर किया जा रहा है। ।
अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से प्रेरित पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि जॉर्ज सोरोस के बेटे के शादी में शिरकत करते राहुल गांधी की वायरल तस्वीरें असली नहीं, बल्कि एआई जेनरेटेड हैं। इन काल्पनिक तस्वीरों को राहुल गांधी के खिलाफ दुष्प्रचार की मंशा से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : जॉर्ज सोरोस के बेटे की शादी में शामिल होने पहुंचे राहुल गांधी की तस्वीर।
- Claimed By : FB User Soumen Roy
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












