X
X

Fact Check: स्वतंत्रता दिवस के नाम पर धोखाधड़ी करने के लिए वायरल किये जा रहे फर्जी लिंक, न करें क्लिक 

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कैशबैक के नाम से वायरल तीनों लिंक फर्जी है। फर्जी लिंक को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, लिंक पर क्लिक करना आर्थिक तौर पर खतरनाक साबित हो सकता है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Aug 2, 2025 at 04:56 PM
  • Updated: Aug 22, 2025 at 06:24 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कई लिंक को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सरकार कई तरह के लाभ दे रही है। सरकार मुद्रा योजना के तहत सभी को हजार रुपये दे रही है। इसी तरह वायरल पोस्ट में यह भी कहा जा रहा है कि फोन पे की तरफ से स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 699 रुपये का कैशबैक मिल रहा है। लिंक पर क्लिक कर पैसों को खाते में पाया जा सकता है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। पोस्ट में मौजूद तीनों लिंक फर्जी है। फर्जी लिंक को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, लिंक पर क्लिक करना आर्थिक तौर पर खतरनाक साबित हो सकता है।.

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘फ्रीडम ऑफर’ ने 25 जुलाई 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “78वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं …स्क्रैच करें और पाएं अपना इनाम ₹699 तक।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने पोस्ट में दिये गये लिंक के यूआरएल पर गौर किया। हमने पाया कि टुडे ऑफर फोर यू डॉट इन है। वहीं, सरकार की असली वेबसाइट मुद्रा डॉट ओआरजी डॉट इन है। हमने असली वेबसाइट को खंगाला। हमें ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली कि सरकार इस योजना के तहत स्वतंत्रता दिवस पर कैशबैक दे रही है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने सरकार की योजनाओं से जुड़ी जानकारी देने वाली वेबसाइट माय स्कीम पर जाकर सर्च किया। हमें वहां पर भी ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली कि सरकार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कैशबैक दे रही है।

माय  स्कीम वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, सरकार मुद्रा योजना के तहत गैर-कृषि क्षेत्र में विनिर्माण, व्यापार या सेवा क्षेत्रों में लगे सूक्ष्म उद्यमों को लोन उपलब्ध कराती है।

हमने फोन पे की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर इस बारे में जाकर सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई जानकारी वहां पर नहीं मिली।

अधिक जानकारी के लिए हमने पूर्व आईपीएस एवं साइबर एक्सपर्ट त्रिवेणी सिंह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “अगर केंद्र सरकार की किसी योजना के तहत इस तरह का कोई एलान किया जाएगा, तो उसे मीडिया जरूर कवर करेगा। ऐसे में किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। ऐसा करना आर्थिक तौर पर खतरनाक हो सकता है।”

अंत में हमने पोस्ट को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर इसी तरह की फर्जी पोस्ट को शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कैशबैक के नाम से वायरल तीनों लिंक फर्जी है। फर्जी लिंक को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, लिंक पर क्लिक करना आर्थिक तौर पर खतरनाक साबित हो सकता है।

  • Claim Review : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सरकार दे रही है हजार रुपये का कैशबैक।
  • Claimed By : FB User Freedom offer
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later