Fact Check: पीएम मोदी के सामने शाहरुख खान ने जिहाद को लेकर नहीं कही कोई बात, एडिटेड वीडियो वायरल
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल वीडियो फर्जी साबित हुआ। शाहरुख खान ने पीएम मोदी के सामने जिहाद को लेकर कोई बयान नहीं दिया था।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Nov 28, 2025 at 01:33 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें शाहरुख को पीएम मोदी के सामने जिहाद का अर्थ बताते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को सच समझकर कई यूजर्स सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इस वीडियो की जांच की। यह एडिटेड साबित हुआ। दरअसल, पीएम मोदी और शाहरुख खान के वायरल वीडियो में दूसरे वीडियो की आवाज जोड़ी गई है। वर्ष 2011 में एक कार्यक्रम में शाहरुख ने जिहाद को लेकर अपनी बात रखी थी। उसी वीडियो के ऑडियो का इस्तेमाल अब शाहरुख व पीएम मोदी के वीडियो में करके वायरल किया गया है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर शाहिद परवेज ने एक वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया, “दुनियाँ का सबसे अमीर और बॉलीवुड का सबसे बड़ा सुपरस्टार शाहरुख खान। प्रधानमंत्री मोदी जी के सामने जिहाद का असली मतलब समझा रहे हैं और प्रधानमंत्री जी सहमति जाहिर करते हुए सिर हिला रहे।”
वीडियो में शाहरुख खान को पीएम मोदी के सामने यह बोलते हुए देखा जा सकता है, “मैं इस्लामिक रिलीजन का हूं। मैं मुस्लिम हूं। हमारे में एक शब्द है जिसका बहुत मिसयूज होता है-जिहाद। जिहाद का थॉट प्रोसेस भी बिल्कुल यही है कि हमारे अंदर जो बुरी सोच है, उससे लड़ना और इसपर जीत हासिल करना, इसे जिहाद कहते हैं। बाहर सड़कों पर लोगों को मारने को जिहाद नहीं कहते हैं।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने पीएम मोदी और शाहरुख खान के वीडियो के असली सोर्स को खोजने के लिए कीवर्ड सर्च का सहारा लिया। सर्च के दौरान यह वीडियो हमें कई यूट्यूब चैनल पर मिला।
देश गुजरात एचडी नाम के एक यूट्यूब चैनल ने वायरल वीडियो को 20 अक्टूबर 2019 को अपलोड करते हुए कैप्शन में बताया कि यह वीडियो महात्मा गांधी के 150वीं बर्थ एनिवर्सिरी का है। उस वक्त शाहरुख खान ने पीएम के घर पर अपनी बात रखी थी। इस पूरे वीडियो को सुनने से यह स्पष्ट हो गया कि इसमें जिहाद को लेकर कोई बात नहीं कही गई थी। असली वीडियो में शाहरुख खान महात्मा गांधी को लेकर अपनी बात कह रहे थे। इसके अलावा वीडियो में शाहरुख को पीएम मोदी के अभियानों की तारीफ करते हुए भी सुना जा सकता है।
इसी तरह असली वीडियो हमें कनक न्यूज नाम के एक यूट्यूब चैनल पर भी मिला। इसे 19 अक्टूबर 2019 को अपलोड किया गया था।
अब तक की जांच से यह स्पष्ट हो गया कि पीएम मोदी के सामने वाले शाहरुख खान के वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके आवाज अलग से जोड़ी गई है। अब हमें यह जानना था कि शाहरुख खान का जिहाद वाला भाषण कब का और किस संदर्भ में दिया गया है। इसके लिए हमने एक बार फिर से कीवर्ड सर्च का इस्तेमाल किया। हमें शाहरुख खान का 14 साल पुराना एक वीडियो मिला।
वीडियो से पता चला कि यह वीडियो 14 नवंबर 2011 का है। उस वक्त शाहरुख खान ने पुणे में एक किताब का विमोचन किया था। उसी वक्त उन्होंने किताब में लिखी गई बातों के संदर्भ में जिहाद वाली बात कही थी। वीडियो में 9:30 मिनट के बाद शाहरुख खान को यह बोलते हुए देखा जा सकता है, “मैं इस्लामिक रिलीजन का हूं। मैं मुस्लिम हूं। हमारे में एक शब्द है, जिसका बहुत मिसयूज होता है-जिहाद। जिहाद का थॉट प्रोसेस भी बिल्कुल यही है कि हमारे अंदर जो बुरी सोच है, उससे लड़ना और इसपर जीत हासिल करना, इसे जिहाद कहते हैं। बाहर सड़कों पर लोगों को मारने को जिहाद नहीं कहते हैं।”
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए शाहरुख खान का पीआर संभालने वालीं शिल्पा हांडा से संपर्क किया। उनके साथ वायरल वीडियो को साझा किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो फर्जी है। इसे एडिट करके बनाया गया है।
पड़ताल के अंत में हमने फर्जी वीडियो पोस्ट करने वाले शाहिद परवेज की सोशल स्कैनिंग की । पता चला कि यूजर को चार हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की जांच में वायरल वीडियो फर्जी साबित हुआ। शाहरुख खान ने पीएम मोदी के सामने जिहाद को लेकर कोई बयान नहीं दिया था। दरअसल वर्ष 2011 में पुणे में एक किताब के विमोचन के वक्त जिहाद को लेकर शाहरुख खान ने अपनी बात रखी थी। उसी वीडियो के ऑडियो का इस्तेमाल पीएम मोदी और शाहरुख खान के दूसरे वीडियो में इस्तेमाल करके फेक वीडियो बनाया गया है।
- Claim Review : पीएम मोदी के सामने शाहरुख खान ने समझाया जिहाद का मतजब
- Claimed By : FB User Shahid Parwez
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












