X
X

Fact Check: राजस्‍थान न‍िकाय चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी को मिला 1 वोट, लेकिन वायरल हो रहा वीडियो ब‍िहार के नेता का

राजस्‍थान में स‍ितंबर 2026 में हुए न‍िकाय चुनाव में भाजपा के एक उम्‍मीदवार को मात्र एक वोट ही मिला था। हालांकि, पोस्‍ट में इस्‍तेमाल क‍िया गया वीड‍ियो ब‍िहार के आरजेडी नेता श‍िवचंद्र राम का है।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Sep 19, 2026 at 05:35 PM
  • Updated: Sep 19, 2026 at 05:40 PM

विश्वास न्‍यूज (नई द‍िल्ली)। राजस्थान में 14 स‍ितंबर को 309 नगरीय निकायों के ल‍िए हुए मतदान के नतीजे घोषित हुए थे। डीडवाना के परबतसर नगर पालिका के वार्ड संख्या 13 में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार कैलाश चंद्र को सिर्फ एक वोट मिला था, ज‍िसके बाद वह काफी चर्चा में आ गए। अब उन्‍हीं के नाम पर एक वीड‍ियो सोशल मीड‍िया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक शख्‍स को मीड‍िया से बात करने के दौरान रोते हुए द‍िखाया गया है। दावा क‍िया जा रहा क‍ि यह वीड‍ियो एक वोट पाने वाले बीजेपी नेता कैलाश चंद्र का है। इसे सच मानकर कई सोशल मीड‍िया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्‍यूज ने वायरल वीड‍ियो की सच्‍चाई की जांच की। वायरल दावा भ्रामक साब‍ित हुआ। यह सही है क‍ि भाजपा के उम्‍मीदवार को राजस्थान न‍िकाय चुनाव 2026 में एक वोट म‍िला था, लेक‍िन वायरल वीड‍ियो उनका नहीं है। वीड‍ियो में द‍िख रहे शख्‍स ब‍िहार के नेता ‘शिवचंद्र राम’ हैं। राष्‍ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता श‍िवचंद्र राम को जब ब‍िहार में एमएलसी का टिकट नहीं मिला, तो वह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोने लगे थे। यह वीड‍ियो जून 2026 का है और इसका राजस्‍थान से कोई संबंध नहीं है। ब‍िहार के वीड‍ियो को भ्रामक दावे के साथ वायरल क‍िया जा रहा है।

क्‍या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Shaif Khan’ ने 17 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “राजस्थान के नगर निगम पंचायत में बीजेपी को मिला एक वोट #राजस्थान #nagarnigam #vote #bjp #Congress।”

इस वीडियो के साथ क‍िए गए दावों को सच मानकर कई अन्य यूजर्स भी इसे शेयर कर रहे हैं। फेसबुक पोस्‍ट का आर्काइव्‍ड वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच दो ह‍िस्‍सों में की। सबसे पहले पोस्‍ट में इस्‍तेमाल क‍िए गए वीड‍ियो की सच्‍चाई पता लगाने की कोश‍िश की गई। इसके ल‍िए वीडियो के कई कीफ्रेम्‍स निकाले गए। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के माध्‍यम से खोजना शुरू किया गया। हमारी खोज के दौरान सबसे पुराना वीड‍ियो हमें ‘फर्स्‍ट ब‍िहार’ (@FirstBiharNews) नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला । वीड‍ियो को 8 जून 2026 को अपलोड क‍िया गया था। वीडियो के साथ कैप्‍शन में बताया गया क‍ि MLC टिकट नहीं मिलने पर RJD नेता शिवचंद्र राम फूट-फूटकर रोए और उन्होंने RJD के तमाम पदों से इस्तीफा दे दिया।

सर्च के दौरान हमें ‘जागरण डॉट कॉम’ पर प्रकाश‍ित एक खबर म‍िली। 9 जून 2026 को प्रकाश‍ित इस खबर में बताया गया, “राजद ने शिवचंद्र राम का इस्‍तीफा नामंजूर कर दिया। एक दिन पहले उन्‍होंने पार्टी के सभी पदों से इस्‍तीफे का एलान किया था। विधान परिषद चुनाव में टिकट नहीं म‍िलने से वे आहत थे। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह फूट-फूटकर रोने लगे थे। उन्‍होंने पार्टी से उपेक्षा मिलने और मान-सम्‍मान नहीं मि‍लने का आरोप लगाया था।” पूरी खबर को विस्‍तार से आप यहां पढ़ सकते हैं।

अब तक की जांच से यह तो स्‍पष्‍ट हो गया क‍ि राजस्‍थान के भाजपा नेता के नाम पर वायरल वीड‍ियो ब‍िहार के राजद नेता श‍िवचंद्र राम का है। इस वीड‍ियो का राजस्‍थान में स‍ितंबर 2026 में हुए न‍िकाय चुनाव से कोई संबंध नहीं है।

जांच के दूसरे चरण में हमने वायरल पोस्‍ट में क‍िए गए उस दावे की जांच की, ज‍िसमें बताया गया क‍ि राजस्‍थान के न‍िकाय चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को एक वोट म‍िला। कीवर्ड सर्च करने पर हमें ‘एबीपी न्‍यूज’ की वेबसाइट पर 14 स‍ितंबर 2026 को पब्‍ल‍िश हुई एक खबर मिली, ज‍िसमें बताया गया, “राजस्‍थान के न‍िकाय चुनाव में डीडवाना के परबतसर नगर पालिका के वार्ड 13 में बीजेपी के उम्मीदवार कैलाश चंद्र को सिर्फ एक वोट मिला। इस वार्ड में कांग्रेस की हिना खान ने बड़ी जीत दर्ज की। इस वार्ड में कुल 573 वोट पड़े थे। एक वोट नोटा को मिला था। कांग्रेस की उम्मीदवार हिना खान 376 वोट पाकर चुनाव जीती हैं, जबकि निर्दलीय रशीद खान को 195 वोट मिले हैं।”

कीवर्ड सर्च के दौरान हमें ‘जागरण डॉट कॉम’ पर प्रकाश‍ित एक खबर म‍िली। इसमें बताया गया क‍ि राजस्थान के शहरी निकाय चुनावों में बीजेपी उम्मीदवार कैलाशचंद ने डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर नगरपालिका के वार्ड 13 से चुनाव लड़ा था। वहां उन्‍हें एक ही वोट म‍िला। कैलाशचंद के अनुसार, वह वार्ड 12 के वोटर हैं, लेकिन बीजेपी ने उन्हें वार्ड 13 से मैदान में उतारा, जिस कारण उन्हें सिर्फ एक वोट मिला।

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट को स्‍कैन क‍िया। वहां सर्च करने पर हमें पता चला क‍ि परबतसर नगरपालिका के वार्ड 13 से कांग्रेस उम्मीदवार हीना खान व‍िजयी रहीं। उन्‍हें 376 वोट म‍िले, जब‍क‍ि निर्दलीय उम्मीदवार राशिद खान को 195 वोट म‍िले। वहीं, भाजपा उम्‍मीदवार कैलाशचंद को मात्र एक वोट से संतुष्ट होना पड़ा।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, बिहार के ब्यूरो चीफ अरुण अशेष से संपर्क किया और उनके साथ वायरल वीडियो शेयर किया। उन्होंने कन्फर्म किया कि वायरल वीडियो में द‍िख रहे नेता राजद नेता शिवचंद्र राम हैं और यह वीड‍ियो जून 2026 का है।

क्‍या है संदर्भ?

राजस्थान में हुए नगर निकाय चुनाव के नतीजे 14 स‍ितंबर 2026 को घोष‍ित क‍िए गए। राज्‍य में 309 शहरी निकायों के 10,244 वार्ड में चुनाव हुए थे। भाजपा ने 4,179 वार्ड जीते। कांग्रेस ने 3,613 वार्ड में जीत दर्ज की। वहीं, 2,273 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। ‘बीबीसी ह‍िंदी’ ने 17 स‍ितंबर 2026 को इस चुनाव पर व‍िस्‍तार से एक र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की है।

पड़ताल के अंतिम चरण में हमने वायरल सोशल मीड‍िया पोस्‍ट करने वाले यूजर के अकाउंट की जांच की। हमें पता चला कि इस फेसबुक यूजर को 12 हजार से अध‍िक लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट 2022 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साब‍ित हुई। यह बात सही है क‍ि राजस्‍थान में स‍ितंबर 2026 में हुए न‍िकाय चुनाव में भाजपा के एक उम्‍मीदवार को मात्र एक वोट ही मिला था। हालांकि, पोस्‍ट में इस्‍तेमाल क‍िया गया वीड‍ियो ब‍िहार के आरजेडी नेता श‍िवचंद्र राम का है। जून 2026 में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वह रोने लगे थे क्‍योंक‍ि उन्‍हें ब‍िहार विधान परिषद चुनाव का उम्‍मीदवार नहीं बनाया गया था।

  • Claim Review : राजस्‍थान में नगर न‍िकाय चुनाव में एक वोट म‍िलने के बाद रोने लगे भाजपा उम्‍मीदवार।
  • Claimed By : FB User Shaif Khan
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later