X

Fact Check : अभिनेता प्रकाश राज के 4 साल पुराने वीडियो को कर्नाटक चुनाव से जोड़कर किया जा रहा वायरल 

अभिनेता प्रकाश राज ने कांग्रेस पर उनके खिलाफ झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए यह वीडियो साल 2019 में जारी किया था।

  • By Vishvas News
  • Updated: May 9, 2023

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए 10 मई को वोट डाले जाएंगे। मतदान से ठीक पहले सोशल मीडिया के कुछ प्‍लेटफार्म पर 13 सेकंड की एक वीडियो क्लिप को वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि अभिनेता प्रकाश राज ने कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस को वोट नहीं देने की अपील की है। विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो तकरीबन चार साल पुराना है और आधा-अधूरा है। इस वीडियो का हालिया चुनाव से कोई संबंध नहीं है। चार साल पहले अभिनेता प्रकाश राज ने कांग्रेस पर उनके खिलाफ झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए यह वीडियो जारी किया था।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर Premayogan ने 5  मई 2023 को वायरल वीडियो को शेयर किया है। यूजर ने वीडियो को शेयर कर कैप्शन में लिखा है, “कर्नाटक के वोटर्स के लिए एक मैसेज।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखा जा सकता है। 

पोस्ट के कैप्शन को हिंदी में अनुवाद कर हूबहू लिखा गया है। 

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने प्रकाश राज के सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। हमें असली वीडियो प्रकाश राज के ट्विटर अकाउंट पर 17 अप्रैल 2019 को अपलोड हुआ मिला। उन्होंने अपने वीडियो को ट्वीट करते हुए लिखा था, “कांग्रेस मेरे खिलाफ फेक न्यूज फैला रही है। इस पार्टी की गंदी राजनीति को देखें। शर्म आनी चाहिए। मैंने सबूत के साथ कांग्रेस के खिलाफ चुनाव आयोग को शिकायत भेजी है। कृपया गंदी राजनीति से लड़ने के लिए इसे फैलाएं और शेयर करें।”

वीडियो में प्रकाश राज कांग्रेस पर आरोप लगा रहे हैं। वो कह रहे, “कांग्रेस मेरे  बारे में गलत जानकारियां फैला रही है। देखिए कांग्रेस बेंगलुरु  सेंट्रल में गंदी राजनीति कर रही है। एक शख्स जो रिजवान का पीए होने का दावा करता है, उसका नाम मजहर अहमद है। उन्होंने एक उम्मीदवार की बैठक में मेरी और रिजवान की एक तस्वीर ली थी। फिर, उस तस्वीर को शेयर कर कहने लगे कि प्रकाश राज कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं, इसलिए अपना वोट कांग्रेस पर बर्बाद न करें। मैं किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ा हूं। मैं निर्दलीय हूं। मैं कांग्रेस पार्टी और रिजवान की इस गंदी राजनीति को गंभीरता से लेता हूं। मैंने  इस हरकत के खिलाफ चुनाव आयोग से  शिकायत की है और कृपया ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करें।”

सर्च को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। इस दौरान हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 17 अप्रैल 2019 को प्रकाशित मिली। रिपोर्ट के अनुसार, “अभिनेता से राजनेता बने प्रकाश राज ने कहा कि एक तस्वीर के जरिए फर्जी खबर फैलाने वाले शख्स के खिलाफ हमने चुनाव आयोग से शिकायत दर्ज की है। इस शख्स का नाम मजहर है। आरोप है कि मजहर ने प्रकाश राज की कांग्रेस में शामिल होने की अफवाह फैलाई है।”

अधिक जानकारी के लिए हमने कर्नाटक के स्थानीय पत्रकार यसीर खान से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो तकरीबन 4 साल पुराना है। इसका कर्नाटक में होने वाले चुनाव से कोई संबंध नहीं है।

पड़ताल के अंत में हमने वायरल वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के पेज को स्कैन किया। हमने पाया कि ये  बीजेपी से जुड़े हुए हैं। 

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अभिनेता प्रकाश राज का वायरल वीडियो तकरीबन चार साल पुराना है। इस वीडियो का हालिया चुनाव से कोई संबंध नहीं है। चार साल पहले अभिनेता प्रकाश राज ने कांग्रेस पर उनके खिलाफ झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए यह वीडियो जारी किया था।

  • Claim Review : अभिनेता प्रकाश राज ने कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस को वोट नहीं देने की अपील की है।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर Premayogan
  • Fact Check : भ्रामक
भ्रामक
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later