Fact Check: चिड़ियाघर पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं के हमले के दावे से वायरल हो रही पोस्ट मजाक में की गई थी
महाशिवरात्रि पर दिल्ली के चिड़ियाघर पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं के हमले के दावे से वायरल हो रही पोस्ट मजाक में की गई थी। उसको कुछ यूजर्स सच मानकर शेयर कर रहे हैं।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Mar 3, 2025 at 03:48 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जोड़कर एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें एक कथित खबर की कटिंग शेयर की जा रही है, जिसकी हेडिंग है, ‘महाशिवरात्रि पर बाघों को मांस देने पर एबीवीपी ने चिड़ियाघर पर हमला बोला’। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर एबीवीपी पर निशाना साध रहे हैं।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि वायरल पोस्ट मजाक के तौर पर शेयर की गई थी, जिसे कुछ यूजर्स असली समझने लगे। दिल्ली के चिड़ियाघर में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Satyan Rai ने 1 मार्च को खबर की कटिंग को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है,
“इतने मूर्ख लोगो की जमात कही और नहीं मिलेगी..
AmritKaal!!“

पड़ताल
वायरल खबर की कटिंग को देखने से पता चलता है कि उस पर कोई तारीख नहीं लिखी है, केवल फरवरी 2025 लिखा हुआ है। साथ ही उस पर लिखा हुआ है, यह व्यंग्य हो सकता है।

इसके बाद हमने The Savla Vada के बारे में सर्च किया। 28 फरवरी को इस पेज से वायरल पोस्ट की गई है। इसके साथ में लिखा है कि एबीवीपी के सदस्यों ने महाशिवरात्रि पर मांस परोसने पर प्रतिबंध के नियमों का उल्लंघन करने के लिए दिल्ली चिड़ियाघर पर हमला किया और प्रदर्शन किया।

प्रोफाइल के बायो में सटायर /पैरोडी लिखा हुआ है। इस पर वायरल पोस्ट की तरह की अन्य सटायर पोस्ट देखी जा सकती हैं।

इस बारे में हमने गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। अगर दिल्ली के चिड़ियाघर पर ऐसा कोई हमला या प्रदर्शन होता, तो सुर्खियों में जरूर आता।
दिल्ली दैनिक जागरण के प्रमुख संवाददाता वीके शुक्ला का कहना है कि चिड़ियाघर में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। वायरल हो रही खबर की कटिंग पर सटायर लिखा हुआ है। यह मजाक है, सच नहीं।
मजाक में की गई पोस्ट को असली समझकर शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के करीब 3600 फ्रेंड्स हैं।
निष्कर्ष: महाशिवरात्रि पर दिल्ली के चिड़ियाघर पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं के हमले के दावे से वायरल हो रही पोस्ट मजाक में की गई थी। उसको कुछ यूजर्स सच मानकर शेयर कर रहे हैं।
- Claim Review : महाशिवरात्रि पर बाघों को मांस देने पर एबीवीपी ने चिड़ियाघर पर हमला बोला
- Claimed By : FB User- Satyan Rai
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












