Fact Check: राहुल गांधी को लेकर अनिल कपूर का फर्जी बयान वायरल
सोशल मीडिया पर अनिल कपूर को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। अनिल कपूर ने राहुल गांधी को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
- By Vishvas News
- Updated: April 10, 2023

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले राहुल गांधी को लेकर अनिल कपूर का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है, “अनिल कपूर ने कहा है कि राहुल गांधी को एक बार प्रधानमंत्री के तौर पर मौका मिलना चाहिए।”
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर ने राहुल गांधी को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। सोशल मीडिया पर गलत दावा वायरल हो रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर मोहम्मद तौसिफ Md Tosif (आर्काइव लिंक) ने 4 अप्रैल को यह पोस्ट की। इसके साथ में उन्होंने हैशटैग अनिल कपूर और हैशटैग राहुल गांधी भी लिखा। इसमें अनिल कपूर की फोटो के साथ में लिखा है,
राहुल गांधी युवा हैं, नए विचारों वाले हैं, देश के लिए अच्छा चाहते हैं
उनको एक बार प्रधानमंत्री के तौर पर मौका मिलना चाहिए
अनिल कपूर

कुछ अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने इस दावे को शेयर किया है।

पड़ताल
वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर ओपन सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई खबर नहीं मिली। अगर अनिल कपूर ने ऐसा कोई बयान दिया होता तो वह मीडिया में जरूर आता।
इसके बाद हमने अनिल कपूर के फेसबुक अकाउंट और इंस्टाग्राम अकाउंट को भी सर्च किया, लेकिन इससे संबंधित कोई पोस्ट नहीं मिली।
राहुल गांधी कीवर्ड से हमने ट्विटर एडवांस सर्च की मदद से अनिल कपूर के ट्विटर हैंडल को भी चेक किया, लेकिन ऐसी कोई भी पोस्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके।
इसकी पुख्ता जानकारी के लिए हमने अनिल कपूर का पीआर देखने वाली एजेंसी रेनड्रॉप के पीआर संतोष शर्मा से संपर्क कर उनको वायरल पोस्ट भेजी। उन्होंने कहा, “यह फेक है।“
गलत दावा शेयर करने वाले फेसबुक यूजर मोहम्मद तौसिफ (Md Tosif) की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। इसके मुताबिक, यूजर बिहार के कटिहार में रहता है। 27 दिसंबर 2019 को बनी इस प्रोफाइल के करीब 6 हजार फॉलोअर्स हैं। यूजर एक राजनीतिक दल से प्रेरित है।
निष्कर्ष: सोशल मीडिया पर अनिल कपूर को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। अनिल कपूर ने राहुल गांधी को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
- Claim Review : अनिल कपूर ने कहा है कि राहुल गांधी को एक बार प्रधानमंत्री के तौर पर मौका मिलना चाहिए।
- Claimed By : FB User- Md Tosif
- Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-