Fact Check: फिलीपींस के वीडियो को चंद्रशेखर आजाद की रैली का बताकर किया जा रहा है वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि चंद्रशेखर आजाद की रैली का बताकर शेयर किया जा रहा वीडियो असल में फिलीपींस का है। यह सच है कि मुजफ्फरनगर में हाल ही में रैली आयोजित की गई थी। पर वायरल वीडियो का इस रैली से कोई संबंध नहीं है। वीडियो फिलीपींस का है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Nov 28, 2025 at 05:25 PM
- Updated: Dec 1, 2025 at 12:08 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नगीना लोकसभा सीट के सांसद एवं आजाद समाज पार्टी के प्रमुख, चंद्रशेखर आजाद ने मुजफ्फरनगर में एक रैली की थी। ‘संवैधानिक अधिकार बचाओ, भाईचारा बनाओ’ रैली से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि मुजफ्फरनगर में चंद्रशेखर की रैली के कारण शहर में भारी जाम लग गया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक पाया। वायरल हो रहा वीडियो मुजफ्फरनगर का नहीं है, बल्कि फिलीपींस का है। वीडियो को हाल ही में मुजफ्फरनगर में हुई रैली का बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर ‘Deepak Rajwas’ ने 27 नवंबर 2025 को वीडियो को शेयर किया है। वीडियो पर लिखा हुआ है, “मुजफ्फरनगर में चंद्रशेखर भैया के आने के बाद रोड जाम हो गया।”
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है। पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। हमें वीडियो ‘Naga City Government’ के वेरिफाइड फेसबुक पेज पर मिला। वीडियो में वायरल वीडियो के दृश्य को देखा जा सकता है। वीडियो को 23 सितंबर 2025 को शेयर किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, वीडियो फिलीपींस के फ्लुवियल प्रोसेशन (Fluvial Procession) का है।
हमें कई जगह यह वीडियो फिलीपींस में हुए भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शन का बताकर शेयर किया है। ‘@creativebuddyexperts’ नाम के यूट्यूब चैनल पर वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। 18 नवंबर 2025 को अपलोड वीडियो में इसे फिलीपींस में भ्रष्टाचार के खिलाफ की जा रही रैली का बताया है।
वीडियो को ‘Alma Hemedez Vlog’s’ नाम की फेसबुक यूजर ने भी शेयर किया है। 17 नवंबर 2025 को शेयर किए गए वीडियो में इसे फिलीपींस का बताया गया है।
वीडियो को कई अन्य यूजर्स ने भी फिलीपींस का बताकर शेयर किया है।
जांच में आगे हमने वीडियो में दिखे रहे ‘Naga City People’s Mall’ के बारे में सर्च किया। पता चला कि यह मॉल फिलीपींस में है।


हमने गूगल पर चंद्रशेखर आजाद की मुजफ्फरनगर में हुई रैली के बारे में सर्च किया। हमें ‘नवभारत टाइम्स’ की वेबसाइट पर 26 नवंबर 2025 को प्रकाशित खबर में इस रैली के बारे में जानकारी मिली। बताया गया, “मुजफ्फरनगर में संविधान दिवस पर जीआईसी मैदान में ‘संवैधानिक अधिकार बचाओ–भाईचारा बनाओ’ रैली आयोजित की गई थी। इस रैली में उत्तर प्रदेश के नगीना सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने संविधान की किताब उठाकर मंच से कई बड़े बयान दिए। चंद्रशेखर ने संदेश दिया कि जब तक जिंदा हूं, संविधान पर आंख उठने नहीं दूंगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई अधिकारों और समानता की है।”
हमें ‘नवभारत टाइम्स’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर इस रैली का वीडियो मिला। 26 नवंबर 2025 को अपलोड वीडियो में वायरल वीडियो जैसे दृश्य दिखाई नहीं दे रहे हैं। यह वीडियो वायरल वीडियो से अलग है।
इस बारे में हमने मुजफ्फरनगर के स्थानीय टीवी पत्रकार प्रवेश मलिक से बात की। उन्होंने कहा कि यह वीडियो मुजफ्फरनगर में हुई रैली का नहीं है।
अंत में हमने पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 6 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि चंद्रशेखर आजाद की रैली का बताकर शेयर किया जा रहा वीडियो असल में फिलीपींस का है। यह सच है कि मुजफ्फरनगर में हाल ही में रैली आयोजित की गई थी। पर वायरल वीडियो का इस रैली से कोई संबंध नहीं है। वीडियो फिलीपींस का है।
- Claim Review : वायरल वीडियो मुजफ्फरनगर में हुई चंद्रशेखर आजाद की रैली का है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Deepak Rajwas
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












