X
X

Fact Check: बिहार चुनाव से पहले युवा लोक गायिका मैथिली ठाकुर की एडिटेड तस्‍वीर वायरल

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बीजेपी प्रत्याशी मैथिली ठाकुर के साथ स्वामी चिन्मयानंद और मनोहर लाल धाकड़ की तस्वीर एडिटेड है। असली तस्वीर को एडिट करके इस फर्जी तस्वीर को तैयार किया गया है।

  • By: Umam Noor
  • Published: Oct 21, 2025 at 12:57 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार चुनाव को लेकर फर्जी और भ्रामक खबरों का वायरल होना तेज होता जा रहा है। इस बीच एक तस्वीर वायरल हो रही है। वायरल हो रही इस तस्वीर में भारतीय जनता पार्टी में हाल में शामिल हुईं और बीजेपी से अलीनगर की प्रत्याशी लोक गायिका मैथिली ठाकुर को मनोहर लाल धाकड़ और स्वामी चिन्मयानंद के साथ कथित तौर पर स्टेज पर खड़े देखा जा सकता है। तस्वीर को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि गायिका मैथिली ठाकुर के बीजेपी में शामिल होने के समारोह में स्वामी चिन्मयानंद और मनोहर लाल धाकड़ पहुंचे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। बीजेपी प्रत्याशी मैथिली ठाकुर के साथ स्वामी चिन्मयानंद और मनोहर लाल धाकड़ की तस्वीर असली नहीं है। असली तस्वीर को एडिट करके स्वामी चिन्मयानंद और मनोहर लाल धाकड़ को जोड़ा गया है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर हंसराज मूलनिवासी ने 19 अक्टूबर को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “धाकड़ का अगला शिकार मैथिली ठाकुर.… ये वही महाशय जी है मनोहर लाल धाकड़ #हाइवे वाले .. दुखद ! अगला शिकार – प्रोग्राम छोटा रिचार्ज।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल फोटो को सर्च किया। सर्च करने पर हमें 14 अक्टूबर 2025 को दैनिक भास्कर के इंस्टाग्राम हैंडल पर अपलोड की हुई असली तस्वीर मिली। यहां तस्वीर में मैथिली ठाकुर को बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और भूरे रंग की जैकेट में एक अन्य बीजेपी नेता के साथ देखा जा सकता है। तस्वीर के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, “लोक गायिका मैथिली ठाकुर बीजेपी में शामिल हो गई हैं। पटना के होटल चाणक्य स्थित भाजपा मीडिया सेंटर में मिलन समारोह में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर आरजेडी विधायक भरत बिंद ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।”

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें यह तस्वीर गेट्टी इमेजेज की वेबसाइट पर भी मिली। दी गई जानकारी के अनुसार, यह 6 अक्टूबर की तस्वीर है, जब मैथिली ठाकुर बीजेपी में शामिल हुई थी। यह समारोह 14 अक्टूबर को बिहार में हुआ था। इस असली तस्वीर में हमें स्वामी चिन्मयानंद और मनोहर लाल धाकड़ कहीं नजर नहीं आये।

गेट्टी इमेजेज की वेबसाइट पर इस मौके की और भी तस्वीरों को देखा जा सकता है।

नीचे दिए गए कोलाज में असली और फर्जी एडिटेड तस्वीर को देख सकते हैं।

14 अक्टूबर की दैनिक जागरण वेबसाइट की खबर के अनुसार, “बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी पारा हाई है। मैथिली ठाकुर आधिकारिक रूप से भाजपा में शामिल हो गई हैं। बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उनको बीजेपी की सदस्यता दिलाई। इसी के साथ यह भी साफ हो गया कि मैथिली ठाकुर विधानसभा का चुनाव लड़ेंगी।

19 अक्टूबर की नवभारत टाइम्स की खबर के अनुसार, “लोक गायिका और बीजेपी नेता मैथिली ठाकुर ने बिहार चुनाव के लिए अलीनगर विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया है।”

बता दें, मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर महिला के साथ अश्लील कृत्य करने के बहुचर्चित मामले में भाजपा का कथित नेता मनोहरलाल धाकड़ का एक वीडियो मई 2025 में वायरल हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने नेता को गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि दूसरे दिन जमानत मिल गई थी।

वायरल तस्वीर से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण बिहार में बीजेपी और आगामी चुनावों को कवर करने वाले वरिष्ठ संवाददाता रमन शुक्ल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल तस्वीर फर्जी है।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर हंसराज मूलनिवासी को स्कैन करने की। स्कैन करने पर पता चला कि हंसराज मूलनिवासी को 6 हजार लोग फॉलो करते हैं। वहीं, यूजर के बायो के अनुसार, वह उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बीजेपी प्रत्याशी मैथिली ठाकुर के साथ स्वामी चिन्मयानंद और मनोहर लाल धाकड़ की तस्वीर एडिटेड है। असली तस्वीर को एडिट करके इस फर्जी तस्वीर को तैयार किया गया है।

  • Claim Review : गायिका मैथिली ठाकुर के बीजेपी शामिल होने के समारोह में स्वामी चिन्मयानंद और मनोहर लाल धाकड़ पहुंचे हैं।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर हंसराज मूलनिवासी
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later