Fact Check: महाकवि सुब्रमण्यम के भांजे से मुलाकात करतीं निर्मला सीतारमण के पुराने वीडियो को गलत दावे से किया गया शेयर
महाकवि सुब्रमण्यम भारती के भांजे केवी कृष्णन से मुलाकात करतीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का वीडियो गलत दावे के साथ वायरल हो रहा है। वीडियो साल 2022 में वाराणसी में महाकवि सुब्रमण्यम भारती के घर पर उनके परिजनों से मुलाकात करने का है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 26, 2026 at 04:07 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्हें एक बुजुर्ग व्यक्ति से बात करते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह बुजुर्ग व्यक्ति वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पिता हैं, जो एक साधारण घर में सादगी से रहते हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा फर्जी निकला। असल में यह बुजुर्ग व्यक्ति वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पिता नहीं, बल्कि महाकवि सुब्रमण्यम भारती के भांजे केवी कृष्णन हैं। दरअसल, साल 2022 में निर्मला सीतारमण ‘काशी तमिल संगम’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वाराणसी पहुंची थीं। उस दौरान वह हनुमान घाट स्थित महाकवि सुब्रमण्यम भारती के आवास पर भी गई थीं औरउन्होंने वहां उनके परिजनों से भी मुलाकात की थी। यह दावा पहले भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और हमने इसकी पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर ‘Promila’ ने 25 सितंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “देश की वित्त मंत्री पिताजी को मिलने गई उनके घर की हालत देखो नही तो आज के नेताओं की कोठिया सभी अरबपति हो गए हैं जनता का पैसा लूट कर।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
अपनी पहले की पड़ताल में इस दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वायरल वीडियो के कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया था। हमें यह वीडियो वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के एक आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर मिला था। इस वीडियो को 4 दिसंबर 2022 को इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो वाराणसी में महाकवि सुब्रमण्यम भारती के परिवार के सदस्यों से मुलाकात का है।
निर्मला सीतारमण ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने आधिकारिक फेसबुक और एक्स अकाउंट पर 3 दिसंबर 2022 को शेयर की थीं। कैप्शन में बुजुर्ग व्यक्ति को महाकवि सुब्रमण्यम भारती के भांजे केवी कृष्णन बताया गया है।
यह वीडियो जब पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, उस दौरान हमने ‘दैनिक जागरण’, वाराणसी के सीनियर पत्रकार शाश्वत मिश्रा से संपर्क किया था। उन्होंने हमें बताया था कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो तब का है, जब सीतारमण ‘काशी तमिल संगम’ में शामिल होने के लिए बनारस आई थीं। उस दौरान उन्होंने महाकवि सुब्रमण्यम भारती के घर पहुंचकर उनके परिजनों से भी मुलाकात की थी। वीडियो में दिख रहे बुजुर्ग व्यक्ति सीतारमण के पिता नहीं, बल्कि महाकवि सुब्रमण्यम भारती के भांजे केवी कृष्णन हैं।
क्या है संदर्भ?
‘आजतक’ पर प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, “सुब्रमण्यम भारती एक तमिल कवि थे, जिन्हें ‘महाकवि भरतियार’ के नाम से भी जाना जाता है। देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कविताएं लिखने वाले भारती, कवि होने के साथ-साथ भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के सेनानी, समाज सुधारक और पत्रकार भी थे। 11 दिसंबर 1882 को तमिलनाडु के एक गांव एट्टयपुरम् में जन्मे भारती की रचनाओं से प्रभावित होकर दक्षिण भारत में बड़ी संख्या में लोग आजादी की लड़ाई में शामिल हुए थे। सुब्रमण्यम भारती का निधन 11 सितंबर 1921 को हुआ था।”
अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाली एक्स यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 11 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को दिल्ली की रहने वाली बताया है। वह एक्स पर दिसंबर 2025 से सक्रिय हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि महाकवि सुब्रमण्यम भारती के भांजे केवी कृष्णन से मुलाकात करतीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का वीडियो गलत दावे के साथ वायरल हो रहा है। वीडियो साल 2022 में वाराणसी में महाकवि सुब्रमण्यम भारती के घर पर उनके परिजनों से मुलाकात करने का है।
- Claim Review : सादगी से रहने वाले पिता से मिलने पहुंचीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण।
- Claimed By : X User-Promila
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












