X
X

Fact Check: कांग्रेस पर निशाना साधते पीएम मोदी का वायरल वीडियो CEC के खिलाफ प्रदर्शन के बाद का नहीं, बल्कि पुराना है

कांग्रेस के नेताओं को बेलगाम बताने वाला पीएम मोदी का वायरल हो रहा वीडियो फरवरी 2026 का है, जब उन्होंने मेरठ में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया था। उस समय उन्होंने एआई इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला था। 

PM Modi viral video, Gyanesh Kumar, CEC protest viral claim, old PM Modi video, Delhi Protest, Modi Congress remark

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और अन्य विपक्षी दलों ने देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन किए हैं। इस बीच सीजेपी समेत कुछ अन्य संगठनों ने 16 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में राष्ट्रीय ध्वज लहराने का एलान किया है। वहीं, एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीनियर एडवोकेट प्रशांत भूषण ने देश में ‘सत्ता परिवर्तन’ करने की बात की थी।

इसके बाद केंद्रीय मंत्रियों समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस और उसके सहयोगी संगठनों पर जमकर निशाना साधा। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पीएम यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि ‘कांग्रेस के बेलगाम नेता देश को तबाह करने पर तुले हुए हैं’। कुछ यूजर्स इस वीडियो को सीईसी के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के बाद पीएम की प्रतिक्रिया बताकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो फरवरी 2026 का है, जब दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस के ‘शर्टलेस प्रदर्शन’ को लेकर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोला था।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘जनता न्यूज 24’ ने 15 अक्टूबर 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “BREKINGNEWS : कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी, महिलाओं को आगे करने पर उठाए सवाल! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बेलगाम नेता देश को तबाह करने पर तुले हुए हैं। पीएम मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि अगर प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठना है, तो पहले जनता का दिल जीतना पड़ेगा। वहीं, प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की रणनीति पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर कांग्रेस की ऐसी क्या मजबूरी है कि वह महिलाओं और माताओं-बहनों को आगे करती है? अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विपक्ष की राजनीति पर सवाल खड़े किए।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। ‘भास्कर इंग्लिश‘ की वेबसाइट पर 22 फरवरी 2026 को छपी एक रिपोर्ट में अपलोड वीडियो में वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। इस रिपोर्ट के अनुसार, “यूपी के मेरठ में पीएम मोदी ने मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाने के बाद जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान कांग्रेस के ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक वैश्विक मंच को ‘गंदी और नग्न राजनीति’ के अखाड़े में बदल दिया है। बता दें कि भारतीय युवा कांग्रेस के सदस्यों ने 20 फरवरी को ‘AI इम्पैक्ट समिट’ में बिना शर्ट के विरोध-प्रदर्शन किया था। उन्होंने पीएम पर आरोप लगाया था कि उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार ढांचे में राष्ट्रीय हितों के साथ समझौता किया है।”

‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ के यूट्यूब चैनल पर 22 फरवरी 2026 को अपलोड किए गए एक वीडियो में भी 10:55 मिनट के बाद वायरल हो रही क्लिप को देखा जा सकता है। इस न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, मेरठ में एक जनसभा में पीएम ने ‘AI इम्पैक्ट समिट’ में भारतीय युवा कांग्रेस के सदस्यों के बिना शर्ट के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला था।

‘जी न्यूज’ की वेबसाइट पर 22 फरवरी 2026 को इससे संबंधित एक खबर छपी थी। इसमें भी लिखा है कि पीएम मोदी ने एआई समिट में हुए प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला।

इस बारे में हमने मेरठ में ‘दैनिक जागरण’ के रिपोर्टर लोकेश शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि वायरल हो रहा वीडियो मेरठ में हुई एक जनसभा का है, जो फरवरी 2026 में हुई थी।

क्या है संदर्भ?

सीजेपी, कांग्रेस और कई संगठन सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि चुनाव आयोग ने ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ अभियान (एसआईआर) प्रक्रिया में गड़बड़ी की है। इस कारण 13 करोड़ से अधिक लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब हो गए हैं।

इस बीच सीजेपी के आशुतोष रांका और सौरभ दास को जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराने और नारेबाजी करने के बाद दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर पांच दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया है। एएनआई की 15 अक्टूबर 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, “दिल्ली में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीनियर एडवोकेट प्रशांत भूषण ने देश में सरकार बदलने की मांग करते हुए कहा कि मोदी सरकार देश में चुनावी लोकतंत्र को कुचलने पर तुली हुई है। सीजेपी और दूसरे संगठनों ने लोगों से दिल्ली के कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 16 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की है। आम आदमी पार्टी (AAP) भी इस मांग का समर्थन कर रही है और सीईसी के खिलाफ उनके आंदोलन का यह अगला कदम है।”

‘नवभारत टाइम्स’ की वेबसाइट पर 16 अक्टूबर 2026 को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, “एसआईआर को लेकर चल रहे प्रदर्शनों पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और दूसरे संगठनों पर हमला बोलते हुए कहा है कि विपक्ष का मकसद चुनावी सुधार नहीं, बल्कि देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करना है। युवाओं को अराजकता का मोहरा बनाया जा रहा है और कुछ लोग बांग्लादेश के घटनाक्रम की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन चाहते हैं।”

वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर (आर्काइव लिंक), भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा (आर्काइव लिंक), यूपी के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक (आर्काइव लिंक) और महिला एवं बाल विकास मंत्री (भारत सरकार) अन्नपूर्णा देवी (आर्काइव लिंक) ने पीएम मोदी के फरवरी 2026 के वीडियो को 16 अक्टूबर को शेयर किया है।

पुराने वीडियो को हाल का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। यह पेज 16 जुलाई 2025 को बना है और इसकी लोकेशन दिल्ली दी गई है।

निष्कर्ष: कांग्रेस के नेताओं को बेलगाम बताने वाला पीएम मोदी का वायरल हो रहा वीडियो फरवरी 2026 का है, जब उन्होंने मेरठ में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया था। उस समय उन्होंने एआई इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला था। 

  • Claim Review : पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के बेलगाम नेता देश तबाह करने पर तुले हैं।
  • Claimed By : FB User- जनता न्यूज 24
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later