Fact Check: CEC के खिलाफ प्रदर्शन में सांसद चंद्रशेखर आजाद के जंतर-मंतर पर पहुंचने के दावे से पुराना वीडियो वायरल
सीजेपी के आह्वान पर सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन हुआ था। इसमें शामिल होने के लिए जंतर-मंतर पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आजाद के दावे से वायरल हो रहा वीडियो जुलाई 2026 का है। इसका अभी के प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Oct 13, 2026 at 05:40 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी), कांग्रेस और ‘इंडी’ गठबंधन के नेता दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे जोड़कर यूपी के नगीना से सांसद एवं ‘भीम आर्मी’ प्रमुख चंद्रशेखर आजाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें चंद्रशेखर को सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास के साथ प्रदर्शनकारियों के बीच देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो 10 अक्टूबर 2026 को हुए प्रदर्शन का है, जब रात में चंद्रशेखर जंतर-मंतर पर पहुंचे थे।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की तो पता चला कि यह वीडियो जुलाई 2026 में तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए आंदोलन का है। वहीं, 10 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने चंद्रशेखर आजाद को दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू स्थित उनके सरकारी आवास पर ही रोक लिया था।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘sumitra_kajal_77’ ने 11 अक्टूबर 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “देर रात जंतर-मंतर पहुंचे चंद्रशेखर आजाद।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। यूट्यूब चैनल ‘ADACADEMY600’ पर 19 जुलाई 2026 को वायरल वीडियो अपलोड करते हुए लिखा गया, “आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद रावण देर रात जंतर-मंतर पहुंचे सीजेपी प्रोटेस्ट।”
‘AazadBauddh’ यूट्यूब चैनल पर भी 19 जुलाई 2026 को इस वीडियो को पोस्ट करते हुए इसे सीजेपी के आंदोलन का बताया गया था।
इससे साबित होता है कि वायरल वीडियो जुलाई 2026 का है, 10 अक्टूबर का नहीं।
‘आजतक’ के यूट्यूब चैनल पर 19 जुलाई 2026 को अपलोड की गई एक वीडियो न्यूज के अनुसार, ”चंद्रशेखर आजाद ने देर रात सीजेपी के आंदोलन में पहुंचकर उसे समर्थन दिया।”
फेसबुक पेज ‘Aazad Samaj Party – Kanshi Ram’ पर 10 अक्टूबर 2026 को चंद्रशेखर आजाद को रोकती दिल्ली पुलिस की कुछ तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा गया, “आज 10 अक्टूबर को CEC के खिलाफ आंदोलन से पहले दिल्ली पुलिस ने मुझे नॉर्थ एवेन्यू स्थित सरकारी आवास पर डिटेन कर लिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति में विपक्ष की पर्याप्त हिस्सेदारी और सुप्रीम कोर्ट की मजबूत भूमिका सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि चुनाव आयोग बिना किसी दबाव के निष्पक्षता से काम कर सके। गरीबों, कमजोरों और वंचितों का वोट उनका सबसे बड़ा अधिकार है। वोट का अधिकार बचेगा, तभी लोकतंत्र बचेगा!”

10 अक्टूबर 2026 को हुए प्रदर्शन में सौरभ दास की भूमिका के बारे में जानने के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से गूगल सर्च किया। ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 10 अक्टूबर को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, “एयर इंडिया की मुंबई-दिल्ली फ्लाइट में अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया गया।”
इस बारे में हमने नई दिल्ली के रिपोर्टर नेमिष हेमंत से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो पुराना है। जंतर-मंतर पर पुलिस का सख्त पहरा था और सौरभ दास को फ्लाइट में ही हिरासत में ले लिया गया था।
क्या है संदर्भ?
सीजेपी ने 10 अक्टूबर 2026 को सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान किया था। ‘बीबीसी’ की 10 अक्टूबर की रिपोर्ट के अनुसार, “दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान सीजेपी और विपक्ष के कई नेताओं के साथ बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया था। शाम तक आईसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई लोगों को छोड़ दिया गया। वहीं, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास के साथ, ध्रुव राठी को पहले ही हिरासत में ले लिया गया था। बता दें कि सीजेपी ने वामपंथी छात्र संगठनों, किसान संगठनों और अन्य समूहों के साथ मिलकर जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। इनका आरोप है कि चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) प्रक्रिया में गड़बड़ी की है, जिसकी वजह से 13 करोड़ से ज्यादा लोगों के नाम वोटर लिस्ट से कट गए हैं।”
‘ईटीवी भारत’ की 12 अक्टूबर 2026 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ”ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के आह्वान पर विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने बाराखंभा रोड से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक एक विशाल विरोध मार्च निकाला।”
पुराने वीडियो को अभी का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। जनवरी 2024 में बने इस अकाउंट के 90 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: सीजेपी के आह्वान पर सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन हुआ था। इसमें शामिल होने के लिए जंतर-मंतर पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आजाद के दावे से वायरल हो रहा वीडियो जुलाई 2026 का है। इसका अभी के प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : CEC के खिलाफ प्रदर्शन के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आजाद।
- Claimed By : Insta User- sumitra_kajal_77
- Fact Check : झूठ
- Video Posted by YT@ADACADEMY600, Dated 19 Jul 2026
- Video Posted by YT@AazadBauddh, Dated 19 Jul 2026
- Video Posted by YT@AajTak, Dated 19 Jul 2026
- Video Posted by FB@Aazad Samaj Party - Kanshi Ram, Dated 10 Oct 2026
- News Report by Dainik Jagran, Dated 10 Oct 2026
- News Report by BBC, Dated 10 Oct 2026
- News Report by ETV Bharat , Dated 12 Oct 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












