X
X

Fact Check : NCP नेता को पुलिस के थप्पड़ मारने के दावे के साथ वायरल वीडियो पुराना, भ्रामक दावे से वायरल 

नेता को थप्पड़ मारते पुलिसकर्मी के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल में हुई किसी घटना का नहीं, बल्कि साल 2013 का है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Apr 1, 2025 at 03:02 PM
  • Updated: Apr 2, 2025 at 05:53 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक शख्स को थप्पड़ मारते पुलिसकर्मी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि पुलिस चंद्रपुर में एनसीपी नेता प्रमोद मोहोड़ के घर पर छापा मारने के लिए पहुंची थी। इस दौरान प्रमोद मोहोड़ पुलिस के साथ बदतमीजी करने लगे और कार्रवाई को रोकने लगे, जिसके बाद डीएसपी गणेश गावड़े ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल में हुई किसी घटना का नहीं, बल्कि साल 2013 का है। दरअसल, साल 2013 में कोयला खदान से बर्खास्त किये गये कर्मचारी, एनसीपी के नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान तात्कालिक एनसीपी नेता प्रमोद मोहोड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ बदतमीजी की। फिर पुलिसकर्मी गणेश गावड़े ने उन्हें थप्पड़ मारा था, जिसके बाद उन पर कार्रवाई करते हुए उनका ट्रांसफर कर दिया गया था।

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर satyendranath74 ने 18 मार्च 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “डीएसपी गणेश गावड़े ने चंद्रपुर एनसीपी नेता प्रमोद मोहोड़ को थप्पड़ मारा।”

पोस्ट पर लिखा हुआ है,  “डीएसपी गणेश गावड़े ने चंद्रपुर एनसीपी नेता प्रमोद मोहोड़ को थप्पड़ मारा। नेताजी को दिन में तारे नजर आ गए छापे की कार्रवाई को रोकने के लिए कर रहे थे पुलिस से बदतमीजी डीएसपी ने धर दिया कंटाप”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट जी24 तास नामक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो रिपोर्ट को 22 दिसंबर 2013 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के चंद्रपुर में हो रहे एक धरने प्रदर्शन में शामिल होने आये तत्कालीन एनसीपी नेता प्रमोद मोहोड़ ने पुलिस के साथ बदतमीजी की, जिसके कारण वहां पर मौजूद पुलिसकर्मी ने उन्हें थप्पड़ मार दिया।

पड़ताल के दौरान हमें डेली मोशन की वेबसाइट पर टीवी9 मराठी की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट को 21 दिसंबर 2013 को अपलोड किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, तत्कालीन एनसीपी नेता प्रमोद मोहोड का कहना था कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उनका हाथ टूट गया था और उन्हें कई अन्य चोटें भी आई थी।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक अन्य रिपोर्ट महाराष्ट्र भूमि के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो को 16 फरवरी 2025 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, कोयला खदान में काम करने वाले कई कर्मचारियों को एक साथ निकाल दिया गया था। कर्मचारियों का आरोप था कि वो खदान से लोकल लोगों को निकालकर बाहर से आये हुए लोगों को वहां काम पर रख रहे हैं। इसी को लेकर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया था। एनसीपी के नेता और कार्यकर्ता भी इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान तत्कालीन एनसीपी नेता प्रमोद मोहोड प्रदर्शनकारियों के साथ मिलकर फैक्ट्री के अंदर जाने की मांग करने लगे और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से बदतमीजी करने लगे। प्रमोद मोहोड की बदतमीजी को बढ़ता देख वहां मौजूद पुलिसकर्मी गणेश गावड़े ने उन्हें थप्पड़ मारा। इस पूरे मामले पर कार्रवाई करते हुए उनका ट्रांसफर कर दिया गया था।

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता ह

कई न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक साल 2023 में एनसीपी में फूट पड़ गई थी और पार्टी दो भागों में बट गई थी। एक गुट शरद पावर का था और दूसरा गुट अजीत पावर का था।

अधिक जानकारी के लिए हमने मुंबई के मिड-डे के सीनियर रिपोर्टर समीउल्लाह खान से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो कई साल पुराना है। हाल-फिलहाल की घटना का नहींj है।

अंत में हमने भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 66 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि नेता को थप्पड़ मारते पुलिसकर्मी के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल में हुई किसी घटना का नहीं, बल्कि साल 2013 का है। दरअसल, साल 2013 में कोयला खदान से बर्खास्त किये गये कर्मचारी, एनसीपी के नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान तात्कालिक एनसीपी नेता प्रमोद मोहोड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ बदतमीजी की। फिर पुलिसकर्मी  गणेश गावड़े ने उन्हें थप्पड़ मारा था, जिसके बाद उन पर कार्रवाई करते हुए उनका ट्रांसफर कर दिया गया था।

  • Claim Review : छापा मारने गये पुलिसकर्मी ने कार्रवाई रोकने पर एनसीपी नेता को थप्पड़ मारा।
  • Claimed By : Inst User satyendranath74
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later