Fact Check : पंजाब में महिला को थप्पड़ मारते पुलिसकर्मी का वीडियो दो साल पुराना
महिला को थप्पड़ मारते पुलिसकर्मी के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Mar 20, 2025 at 04:22 PM
- Updated: Mar 21, 2025 at 12:32 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। साल भर से शंभू और खनोरी बॉर्डर पर बैठकर आंदोलन कर रहे किसानों को पंजाब सरकार ने वहां से हटा दिया है। इसी से जोड़ते हुए पंजाब पुलिस का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी को महिला को थप्पड़ मारते और वहां से भागते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को हाल का बताते हुए दावा किया जा रहा है कि यह किसानों को हटाने के लिए बॉर्डर पर पहुंची पुलिस का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है। जब जमीन अधिग्रहण को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों को रोकने के लिए वहां पर पुलिसकर्मी पहुंचे थे। उन्हीं में से एक ने महिला को थप्पड़ मार दिया था। उस समय प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर किया था।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘अमर गोल्डर’ ने 19 मार्च 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “महिला किसान को MSP देती हुई केजरीवाल की पंजाब पुलिस पर..तानाशाह तो मोदी जी है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट एबीपी न्यूज की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 18 मई 2023 को प्रकाशित किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, “वीडियो पंजाब के गुरदासपुर जिले में हुई घटना का है। दिल्ली-कटरा नेशनल हाईवे पर किसानों ने जमीन अधिग्रहण को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। जिसके बाद पुलिस द्वारा गुरदासपुर जिले के श्री हरगोबिंदपुर प्रखंड के भमरी गांव में छापेमारी की गई थी। छापेमारी के दौरान एक पुलिसकर्मी ने महिला किसान को थप्पड़ मारा था।”

पीटीसी की वेबसाइट पर 18 मई 2023 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिसकर्मी पर कार्रवाई करते हुए उसे लाइन हाजिर कर दिया गया था। इस मामले को लेकर बटाला के एसएसपी ने कहा था कि आरोपी पुलिसकर्मी को हमने लाइन हाजिर कर दिया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के आधार पर गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट को 18 मई 2023 को प्रकाशित किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, वीडियो के वायरल होने के बाद विपक्षी दलों ने भगवंत मान सरकार की काफी आलोचना की थी।
पंजाब केसरी की वेबसाइट पर 18 अप्रैल 2023 को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, भारत माला प्रोजेक्ट के लिए दिल्ली-कटरा नेशनल हाईवे पर जमीन अधिग्रहण की जा रही थी। इसे लेकर किसानों का कहना था कि जिला प्रशासन ने सही ढंग से मुआवजे के पैसे नहीं दिये और सिर्फ कुछ ही किसानों को पैसे दिये गये थे। इसलिए वो विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के गुरदासपुर जिले के पत्रकार सुनील थानेवालिया से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को दिल्ली का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महिला को थप्पड़ मारते पुलिसकर्मी के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है। जब जमीन अधिग्रहण को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों को रोकने गये पुलिसकर्मियों में से एक ने महिला को थप्पड़ मार दिया था। उस समय प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर किया था।
- Claim Review : पंजाब बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों को हटाती पुलिस का वीडियो।
- Claimed By : FB User Amar Golder
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












