Fact Check: दाऊद इब्राहिम का इंटरव्यू कर रहीं पत्रकार शीला भट्ट की तस्वीर सुप्रिया श्रीनेत के नाम से गलत दावे से वायरल
वायरल तस्वीर में दाऊद इब्राहिम के साथ बैठी नजर आ रही महिला कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत नहीं, बल्कि पत्रकार शीला भट्ट हैं, जिन्होंने 1987 में दुबई की पर्ल बिल्डिंग में दाऊद इब्राहिम का इंटरव्यू लिया था।
- By: Pragya Shukla
- Published: May 20, 2025 at 03:07 PM
- Updated: May 20, 2025 at 04:48 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारत-पाक तनाव के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां उन लोगों का पता लगाने में जुटी हुई हैं, जो छिपकर पाकिस्तान के लिए काम कर रहे थे। इसी मामले में अभी तक कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसी बीच सोशल मीडिया पर मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड और अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के साथ ऑफिस में बैठी एक महिला की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत हैं।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा गलत साबित हुआ। दरअसल, वायरल तस्वीर में नजर आ रही महिला कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत नहीं, बल्कि पत्रकार शीला भट्ट हैं, जिन्होंने 1987 में दुबई की पर्ल बिल्डिंग में दाऊद इब्राहिम का इंटरव्यू लिया था।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर हिंदू स्याम राय ने वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “देश के बॉर्डर पर हमारे देश के Army तैनात है और देश के भीतर हम है खुद को army से कम ना समझो जब तक जीऊंगा तबतक इन सब को expose करता रहूंगा जय हिन्द जय भारत।”
पोस्ट पर लिखा हुआ है, “अब समझ में आया कांग्रेस क्या चीज है? गौर करो और सोचो एक महिला पत्रकार दाऊद इब्राहिम के साथ बैठी हुई है यह फोटो 1987 का है और जो महिला पत्रकार बैठी है वह आज की कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत है। अब समझ में आया कांग्रेस क्या चीज है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
सोशल मीडिया पर यह तस्वीर जून और दिसंबर 2023 में इसी दावे के साथ वायरल हुई थी। विश्वास न्यूज ने पड़ताल कर इसकी सच्चाई सामने रखी थी।
वायरल तस्वीर को पत्रकार शीला भट्ट ने 14 जून 2023 को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर शेयर किया था। उन्होंने शेयर करते हुए शीइससे जुड़े अन्य फैक्ट और इस इंटरव्यू को लेकर अपना अनुभव साझा किया था। उन्होंने बताया था कि यह फोटो 1987 में दुबई स्थित पर्ल बिल्डिंग की है। यहां पर ही उन्होंने दाऊद इब्राहिम का इंटरव्यू लिया था। इस इंटरव्यू और तस्वीर को साप्ताहिक अभियान और द इलस्ट्रेटेड वीकली ने 1987 में छापा था।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे के बारे में जानने के लिए शीला भट्ट से भी संपर्क साधा था। उन्होंने पुष्टि करते हुए विश्वास न्यूज को बताया था कि इसमें नजर आ रही महिला कोई और नहीं, बल्कि वे स्वयं हैं।
अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 86 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने पड़ताल में पाया कि वायरल तस्वीर में दाऊद इब्राहिम के साथ बैठी नजर आ रही महिला कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत नहीं, बल्कि पत्रकार शीला भट्ट हैं, जिन्होंने 1987 में दुबई की पर्ल बिल्डिंग में दाऊद इब्राहिम का इंटरव्यू लिया था। सोशल मीडिया पर यह तस्वीर पहले भी कई बार इसी दावे के साथ वायरल हो चुकी है।
- Claim Review : दाऊद इब्राहिम के साथ सुप्रिया श्रीनेत की तस्वीर।
- Claimed By : FB User Hindu Syam Rai
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












