Fact Check: शिवराज सिंह चौहान का सिरफिरे वाला बयान कांग्रेस को लेकर था, बीजेपी नेताओं के खिलाफ नहीं
बीजेपी के खिलाफ बयान देने के दावे से वायरल हो रहा शिवराज सिंह चौहान का वीडियो आधा-अधूरा है। असली वीडियो में वह कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं पर निशाना साध रहे थे, जिसे आधे-अधूरे वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Oct 19, 2026 at 03:11 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। चुनाव आयोग के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) अभियान को लेकर चल रहे विवादों के बीच केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है, “देश संविधान से चलता है…नियम-प्रक्रियाओं से चलता है, किसी सिरफिरे की सनक से नहीं चलता।” इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने अपनी ही पार्टी पर हमला बोलते हुए यह बयान दिया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि शिवराज सिंह चौहान का वायरल हो रहा वीडियो आधा-अधूरा है। असली वीडियो में वह कांग्रेस पार्टी पर निशाना साध रहे थे। उन्होंने बीजेपी के नेताओं पर यह विवादास्पद बयान नहीं दिया, बल्कि कांग्रेस को लेकर दिया था और पार्टी की लीडरशिप पर सवाल उठाया था। कांग्रेस पर दिए गए उनके बयान के वीडियो को अब एडिट कर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर ‘Gyanendra Singh’ (ज्ञानेन्द्र सिंह) ने 13 अक्टूबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “प्रधानमंत्री अमित शाह मोहन यादव को शिवराज जी संविधान का पाठ पढ़ा रहे हैं कह रहे हैं देश संविधान से चलता है नियम-प्रक्रियाओं से चलता है किसी सिरफिरे की सनक से नहीं चलता है प्रधानमंत्री गृह मंत्री अमित शाह भाजपा पार्टी के लोग सिरफिरे सनकी है शिवराज चौहान कृषि केंद्रीय मंत्री खुद कह रहे हैं यह लोग सिरफिरे है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। इस वीडियो का लंबा वर्जन हमें ‘Bharatiya Janata Party’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 12 अक्टूबर 2026 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो बीजेपी कार्यालय में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का है। इसमें 12 मिनट के बाद सुना जा सकता है कि एक रिपोर्टर शिवराज सिंह चौहान से सवाल पूछता है, “राहुल गांधी ने यह भी कहा है कि हमसे जहां कहा जाएगा, हम वहां प्रोटेस्ट कर लेंगे। हम लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना चाहते हैं। हमें रोक क्यों रहे हैं।” इसके जवाब में शिवराज सिंह चौहान कहते हैं, “देश संविधान से चलता है। नियम-प्रक्रियाओं से चलता है, किसी सिरफिरे की सनक से नहीं चलता।” पूरे वीडियो में उन्होंने कहीं भी बीजेपी के नेताओं पर निशाना नहीं साधा था और न ही बीजेपी के खिलाफ कोई बयान दिया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं पर ही आरोप लगाते नजर आए।
डीडी न्यूज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी हमें शिवराज सिंह का पूरा वीडियो 12 अक्टूबर 2026 को अपलोड किया हुआ मिला।
अधिक जानकारी के लिए हमने बीजेपी प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा वीडियो आधा-अधूरा है। शिवराज सिंह चौहान की छवि खराब करने के लिए इस तरह का आधा-अधूरा वीडियो शेयर किया जा रहा है।
क्या है संदर्भ?
चुनाव आयोग के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) अभियान के खिलाफ दिल्ली सहित देशभर में भारी विरोध-प्रदर्शन देखने को मिले हैं। कांग्रेस सहित प्रमुख विपक्षी दलों और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) ने चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के प्रति नाराजगी जताते हुए प्रदर्शनकारियों ने उनके इस्तीफे की मांग की है। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां से पढ़ें।
अंत में हमने शिवराज सिंह चौहान के आधे-अधूरे वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को दो हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यह यूजर अक्टूबर 2020 से एक्स पर सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बीजेपी के खिलाफ बयान देने के दावे से वायरल हो रहा शिवराज सिंह चौहान का वीडियो आधा-अधूरा है। असली वीडियो में वह कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं पर निशाना साध रहे थे, जिसे आधे-अधूरे वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : शिवराज सिंह चौहान ने बीजेपी नेताओं को बताया सिरफिरा।
- Claimed By : X User-Gyanendra Singh
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












