Fact Check : पंजाबी गाने पर डांस करते हुए शख्स भाजपा नेता नहीं, बागपत के टीचर हैं
राजस्थान भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के नाम से 45 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक शख्स को पंजाबी गाने पर डांस करते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष का बताकर वायरल कर रहे हैं।
- By Vishvas News
- Updated: March 31, 2023

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राजस्थान भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के नाम से 45 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक शख्स को पंजाबी गाने पर डांस करते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष का बताकर वायरल कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा गलत साबित हुआ। पड़ताल में पता चला कि वीडियो यूपी के बागपत जिले के शिक्षक अजय कुमार शर्मा का है। इस वीडियो का राजस्थान के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी से कोई संबंध नहीं है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर ‘मोरपाल जाट’ ने 29 मार्च को एक वीडियो को पोस्ट करते हुए दावा किया, “राजस्थान में भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष जी का जलवा बरकरार है।”
वायरल वीडियो को सच समझकर कई यूजर्स वायरल कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो के बारे में जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल रिवर्स इमेज और गूगल लेंस के माध्यम से सर्च करना शुरू किया। वीडियो से जुड़ी खबर कई वेबसाइट पर मिली। आजतक की वेबसाइट पर 20 दिसंबर 2022 को पब्लिश खबर में बताया गया कि यह वीडियो बागपत के रहने वाले अजय कुमार शर्मा का है। उन्होंने पंजाबी गाने पर यह डांस अपने भतीजे की शादी में किया था। बागपत जिले के धनोरा सिल्वर नगर के रहने वाले अजय पेशे से अध्यापक हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें।

वायरल वीडियो को लेकर ट्राईसिटी टुडे नाम की एक वेबसाइट ने भी तीन महीने पहले खबर पब्लिश की थी। इसमें बताया गया कि बागपत के कॉम्पोजिट विद्यालय फजलपुर में तैनात शिक्षक अजय शर्मा के भतीजे की शादी समारोह में डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस खबर को यहां पढ़ा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए अजय शर्मा के सोशल मीडिया हैंडल को खोजना शुरू किया। इंस्टाग्राम पर उनका एक अकाउंट मिला। उस पर उनके कई दूसरे वीडियो भी नजर आए। वायरल वीडियो को 15 दिसंबर 2022 को पोस्ट किया गया था। इसे यहां देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते दैनिक जागरण, उदयपुर के पत्रकार सुभाष शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि वीडियो में दिख रहे शख्स बीजेपी के चित्तौड़गढ़ सांसद और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी नहीं हैं।
पड़ताल के अंत में फेसबुक यूजर ‘मोरपाल जाट’ की सोशल स्कैनिंग की तो पता चला कि इसके 893 ऑनलाइन फ्रेंड हैं। यूजर राजस्थान का रहने वाला है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। जिस वीडियो को राजस्थान भाजपा के नए अध्यक्ष सीपी जोशी का बताकर वायरल किया गया, वह यूपी के बागपत के एक टीचर का है। टीचर का नाम अजय कुमार शर्मा है।
- Claim Review : बीजेपी के नए प्रदेशाध्यक्ष जी का जलवा बरकरार है
- Claimed By : फेसबुक यूजर मोरपाल जाट
- Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-