Fact Check: प्लेन क्रैश से ठीक पहले का यह लाइव अहमदाबाद हादसे का नहीं, नेपाल विमान दुर्घटना का है
गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश कर गया। वायरल वीडियो, जिसमें एक यात्री को विमान के भीतर लाइव वीडियो बनाते हुए देखा जा सकता है, इस विमान हादसे का नहीं है। नेपाल में 2023 में हुए विमान हादसे के ठीक पहले उसमें मौजूद यात्री के लाइव वीडियो के विजुअल को अहमदाबाद विमान हादसे का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Jun 12, 2025 at 07:34 PM
- Updated: Jun 13, 2025 at 02:15 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में कई यात्रियों की मृत्यु की आशंका है। इसी बीच सोशल मीडिया यूजर्स एक वीडियो को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि यह विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से ठीक पहले उसके भीतर मौजूद किसी यात्री का रिकॉर्ड किया हुआ वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है, बल्कि यह 2023 में नेपाल में हुए विमान हादसे का वीडियो है, जिसे अहमदाबाद प्लेन क्रैश का बताकर शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Pathan Vasim’ ने इस वीडियो (आर्काइव लिंक) को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे का बताकर शेयर किया गया है, जिसमें दुर्घटना से पहले एक यात्री को विमान के भीतर वीडियो को रिकॉर्ड करते हुए देखा जा सकता है।
कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो के ऑरिजिनल सोर्स को ढूंढने के लिए हमने इसके की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया। सर्च में हमें डेलीमेल.यूके की वेबसाइट पर 15 जनवरी 2023 की रिपोर्ट मिली, जिसमें इस वीडियो के देखा जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह नेपाल में हुए विमान हादसे से ठीक पहले का वीडियो है, जिसमें 68 लोग मारे गए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, विमान के भीतर फेसबुक लाइव कर रहे एक यात्री ने लैडिंग के दौरान हुए हादसे के ठीक पहले के क्षण को अपने कैमरे में कैद किया और इसके तुरंत बाद विमान हादसे का शिकार हो गया।
‘Mojo Story’ के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर भी यह वीडियो नेपाल में हुए विमान हादसे के संदर्भ में मौजूद है, जिसे 16 जून 2023 को शेयर किया गया है।
कई अन्य रिपोर्ट्स में इस विमान हादसे और लाइव रिकॉर्डिंग का जिक्र है।
हमारी पड़ताल से स्पष्ट है कि वायरल हो रहा वीडियो गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे का नहीं है। वायरल वीडियो को लेकर हमने नेपाल के पत्रकार घनश्याम खड़का से संपर्क किया। उन्होंने बताया, “यह नेपाल में हुए विमान हादसे से संबंधित है।”
गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश कर गया। एयर इंडिया की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद से लंदन जा रही उड़ान संख्या AI171 टेक-ऑफ के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
दी गई जानकारी के मुताबिक, “इस विमान में चालक दल को मिलाकर कुल 242 यात्री सवार थे। इनमें 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक थे।”
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पिछले एक दशक में भारत में हुआ सबसे बड़ा विमान हादसा है। रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले 2020 में एयर इंडिया एक्सप्रेस बोइंग 737 विमान हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें 21 लोग मारे गए थे।
निष्कर्ष: गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश कर गया। वायरल वीडियो, जिसमें एक यात्री को विमान के भीतर लाइव वीडियो बनाते हुए देखा जा सकता है, इस विमान हादसे का नहीं है। नेपाल में 2023 में हुए विमान हादसे के ठीक पहले उसमें मौजूद यात्री के लाइव वीडियो के विजुअल को अहमदाबाद विमान हादसे का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : अहमदाबाद में हुए विमान दुर्घटना से ठीक पहले का फेसबुक लाइव वीडियो।
- Claimed By : FB User-Pathan Vasim
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












