X
X

Fact Check: AIMIM महिला अध्यक्ष द्वारा ‘मोहम्मद दीपक’ के स्वागत के हवाले से वायरल तस्वीर एआई निर्मित है

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि एआईएमआईएम महिला अध्यक्ष रुबीना का ‘मोहम्मद दीपक’ का स्वागत किये जाने का दावा फर्जी है। वायरल हो रही तस्वीर असली नहीं है, इस फोटो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार किया गया है। एआई निर्मित तस्वीर को गलत  दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

  • By: Umam Noor
  • Published: Feb 9, 2026 at 05:13 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तराखंड के कोटद्वार में एक मुस्लिम दुकानदार की दुकान के नाम को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान एक स्थानीय युवक दीपक कुमार, दुकानदार के समर्थन में सामने आए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स इस मामले पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसी बीच एक तस्वीर भी वायरल हो रही है, जिसमें बुर्के में नजर आ रही एक महिला को दीपक कुमार को बुके देते हुए देखा जा सकता है। इस तस्वीर को शेयर करते हुए कई यूजर दावा कर रहे हैं कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की महिला अध्यक्ष रुबीना ने बुके देकर ‘मोहम्मद दीपक कुमार’ का स्वागत किया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि एआईएमआईएम की महिला अध्यक्ष रुबीना का, ‘मोहम्मद दीपक’ का स्वागत किये जाने का दावा फर्जी है। वायरल हो रही तस्वीर असली नहीं है। इस फोटो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार किया गया है। एआई निर्मित इस तस्वीर को गलत  दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर मोहम्मद खान ने 5 फरवरी 2026 को एक पोस्ट शेयर किया, जिसकी तस्‍वीर पर लिखा था, “AIMIM महिला अध्यक्ष रुबीना ने की मोहम्मद दीपक की स्वागत और कहा भाई घबराना मत पूरा देश तुम्हारे साथ खड़ा है।”

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल तस्वीर को गौर से देखा। तस्वीर में हमें दोनों के कपड़ों पर एआई निर्मित तस्वीरों की तरह क्रीज (सलवटें) नजर आईं। वहीं, हमने गौर किया कि इस तस्वीर में गूगल जेमिनी का आधा कटा हुआ लोगो भी है। यानी इस तस्वीर को गूगल जेमिनी के जरिए बनाया गया है।

इसी बुनियाद पर अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल तस्वीर को, एआई तस्वीरों की जांच करने वाले टूल SynthCheck पर अपलोड किया। यहां तस्वीर को एआई संभावित बताया गया है। नीचे दिए गए स्क्रीनशॉट में नतीजा देखा जा सकता है।

वहीं, दूसरे टूल हाइव मॉडरेशन पर भी हमने इस तस्वीर को अपलोड किया। यहां मिले नतीजे के अनुसार, 96.4 फीसदी संभावना है कि इस तस्वीर को एआई के जरिए बनाया गया है।

वायरल तस्वीर से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता आदिल हसन से संपर्क किया। उन्होंने हमें जानकारी देते हुए बताया कि यह तस्वीर फर्जी है और पालघर जिले की महिला अध्यक्ष रुबीना अम्मार पटेल हैं।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हम एआईएमआईएम पालघर जिले की महिला अध्यक्ष रुबीना अम्मार पटेल के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पहुंचे। यह अकाउंट वेरिफाइड नहीं है। स्कैनिंग किए जाने पर हमें 5 फरवरी 2026 को इस अकाउंट पर यही वायरल तस्वीर शेयर की हुई मिली।

क्या है उत्तराखंड का यह मामला?

उत्तराखंड के कोटद्वार में 26 जनवरी को एक मुस्लिम दुकानदार की दुकान के नाम को लेकर विवाद हुआ, जहां कुछ लोगों ने दुकान के नाम से ‘बाबा’ शब्द हटाने की मांग की थी। रिपोर्टों के मुताबिक, इस दौरान स्थानीय व्यक्ति दीपक कुमार सामने आये और भीड़ का विरोध करते हुए खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले को लेकर सामाजिक-राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई। मामले से जुड़ी खबर को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘मोहम्मद खान’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर के 500 के करीब एफबी फ्रेंड्स हैं। इसके अलावा यूजर के बायो के अनुसार वह उत्तरप्रदेश के चांदपुर के रहने वाले हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि एआईएमआईएम महिला अध्यक्ष रुबीना का ‘मोहम्मद दीपक’ का स्वागत किये जाने का दावा फर्जी है। वायरल हो रही तस्वीर असली नहीं है, इस फोटो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार किया गया है। एआई निर्मित तस्वीर को गलत  दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : एआईएमआईएम की महिला अध्यक्ष रुबीना ने बुके देकर 'मोहम्मद दीपक कुमार' का स्वागत किया है।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर 'मोहम्मद खान'
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later