X
X

Fact Check: राजघाट की विजिटर बुक में लिखे मैसेज में पुतिन ने नहीं की मोदी सरकार की अलोचना, वायरल पोस्ट फर्जी

विजिटर बुक में लिखे पुतिन के मैसेज को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा मैसेज फर्जी है। राजघाट पर पुतिन ने विजिटर बुक में सिर्फ महात्मा गांधी और उनके सिद्धांतों के बारे में लिखा था।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Dec 12, 2025 at 02:53 PM
  • Updated: Dec 12, 2025 at 06:12 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लेकर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि पुतिन ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी थी। उस दौरान पुतिन ने राजघाट के विजिटर बुक में जो मैसेज लिखा था, उसमें उन्‍होंने महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू की तारीफ की थी। यह भी दावा किया जा रहा है कि अपने संदेश में उन्होंने मोदी सरकार की अलोचना की थी।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा मैसेज फर्जी है। राजघाट पर पुतिन ने विजिटर बुक में सिर्फ महात्मा गांधी और उनके सिद्धांतों के बारे में लिखा था। फर्जी मैसेज को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Kamlesh Kumar Singh’ ने 11 दिसंबर 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा है, “राजघाट के रजिस्टर में पुतिन जी लिख कर गए है उसका हिंदी अनुवाद..मैं ही नहीं मेरे पूर्वज और मेरे पूरे रसिया के लोग, और पूरी दुनिया ये मानती है कि भारत महात्मा गांधी जी और नेहरू जी के सिद्धांतों  अहिंसा, भाईचारे,पर चलने वाला सेकुलर लोकतांत्रिक देश है,.मैं भारत देश की जनता से निवेदन करना चाहूंगा की गोड़सेवादी नफरती विचारधारा की सरकार को जल्द से जल्द गिरा देने में ही इस देश का भविष्य सुरक्षित है।” पुतिन

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें पुतिन की राजघाट यात्रा से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘times now hindi’ की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 5 दिसंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और पुष्प चढ़ाये। साथ ही रूसी भाषा में विजिटर बुक में एक मैसेज भी लिखा। रिपोर्ट में मैसेज का हिंदी अनुवाद कुछ इस प्रकार से दिया गया है, “आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महात्मा गांधी एक महान मानवतावादी थे। दुनिया में शांति स्थापित करने में उनका योगदान बहुत मूल्यवान रहा है। आज भी उनकी स्वतंत्रता, सत्य, अहिंसा और मानवता की सोच उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी पहले थी।” उन्होंने आगे लिखा,”गांधीजी एक ऐसे नए विश्व की कल्पना करते थे जहां सभी देशों के बीच न्याय, समानता और सम्मान हो। वह किसी एक देश के प्रभुत्व के बजाय एक बहुध्रुवीय और संतुलित विश्व व्यवस्था चाहते थे। अपने समय में उन्होंने रूसी दार्शनिक लियो टॉल्स्टॉय के साथ पत्राचार में इसी तरह के भविष्य के विश्व पर विचार साझा किए थे। एक ऐसी दुनिया जो परस्पर सम्मान और बराबरी के सिद्धांतों पर चले। आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और रूस भी उसी तरह के मूल्यों का समर्थन करते हैं। दोनों देश ऐसे वैश्विक ढांचे का पक्ष लेते हैं, जिसमें किसी पर दबाव न हो और सहयोग व सम्मान के आधार पर दुनिया आगे बढ़े।” रिपोर्ट में रूसी भाषा में लिखे पुतिन के मैसेज की तस्वीर भी दी गई है। 

पड़ताल के दौरान हमें राजघाट यात्रा के दौरान पुतिन द्वारा लिखे संदेश से जुड़ी रिपोर्ट्स दैनिक जागरण, न्यूज18 और एनडीटीवी की वेबसाइट्स पर भी मिलीं। इन रिपोर्ट्स को 5 दिसंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। सभी रिपोर्ट्स में यही बताया गया है कि पुतिन ने विजिटर बुक में महात्मा गांधी और उनके सिद्धांतों की तारीफ के बारे में लिखा है। 

सर्च में हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें इस बात का जिक्र हो कि पुतिन ने राजघाट के विजिटर बुक में लिखे मैसेज में मोदी सरकार की अलोचना और नेहरू की तारीफ की है। 

हमने रसियन न्यूज वेबसाइट पर भी मैसेज के बारे में सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट रूसी वेबसाइट ‘ria.ru’ पर 5 दिसंबर 2025 को प्रकाशित मिली। इस रिपोर्ट में भी रूसी भाषा में यही बताया गया है कि पुतिन ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। साथ ही, विजिटर बुक में महात्मा गांधी और उनके सिद्धांतों की तारीफ करते हुए एक मैसेज लिखा। 

हमने जांच को आगे बढ़ाते हुए गूगल लेंस की मदद ली। विजिटर बुक में लिखे पुतिन के मैसेज की फोटो को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। फिर उसे कॉपी कर गूगल ट्रांसलेटर की मदद से ट्रांसलेट किया। हमने पाया कि उन्होंने महात्मा गांधी और उनके सिद्धांतों की ही तारीफ की है। 

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के नेशनल ब्यूरो के पत्रकार नीलू रंजन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि पुतिन ने महात्मा गांधी की तारीफ करते हुए विजिटर बुक में मैसेज लिखा था।

अंत में हमने वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किय। हमने पाया कि यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि विजिटर बुक में लिखे पुतिन के मैसेज को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा मैसेज फर्जी है। राजघाट पर पुतिन ने विजिटर बुक में सिर्फ महात्मा गांधी और उनके सिद्धांतों के बारे में लिखा था। फर्जी मैसेज को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : पुतिन ने राजघाट की विजिटर बुक में लिखी सरकार को गिराने की बात।
  • Claimed By : FB User Kamlesh Kumar Singh
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later