X
X

Fact Check: योगी आदित्यनाथ ने बंगाल में ‘बाबरी मस्जिद’ की जगह राम मंदिर बनाने की बात नहीं की, फेक दावा वायरल

योगी आदित्यनाथ ने बंगाल में बन रही ‘बाबरी मस्जिद’ को तोड़कर वहां राम मंदिर बनाने की बात नहीं कही है। वायरल दावा फेक है।

Yogi Adityanath News, Ram Temple News, Babri Masjid news, Ram Mandir News, Yogi Adityanath in Bangal

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद में ‘बाबरी मस्जिद’ की नींव रखे जाने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि बंगाल में ‘बाबरी मस्जिद’ की जगह राम मंदिर बनाया जाएगा।

विश्‍वास न्‍यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि योगी आदित्यनाथ ने ऐसी कोई बात नहीं कही है। सोशल मीडिया पर फेक दावा वायरल हो रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर mr_pradumn09 ने 10 दिसंबर को पोस्ट को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर योगी आदित्यनाथ, राम मंदिर और अयोध्या के विवादित ढांचे की तस्वीर है। साथ में लिखा है, “योगी का फैसला बंगाल में बन रही मस्जिद, बाबरी मस्जिद की जगह पर बनेगा राम मंदिर”।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले गूगल पर कीवर्ड से इस बारे में सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके। अगर योगी आदित्यनाथ ने ऐसा कोई बयान दिया होता तो सुर्खियों में जरूर होता।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 11 दिसंबर को छपी खबर के अनुसार, 6 दिसंबर को मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद-शैली की मस्जिद की आधारशिला रखी थी। इसके जवाब में उसी दिन जिले के बहरामपुर में भाजपा नेता ने राम मंदिर निर्माण के लिए शिला पूजन किया था। अब कोलकाता के साल्टलेक में एक अन्य भाजपा नेता ने अयोध्या के राम मंदिर जैसा राम मंदिर बनाने का एलान किया है। इसके पोस्टर कई जगहों पर लगाए गए हैं।

नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 7 दिसंबर को छपी खबर के मुताबिक, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बंगाल में बन रही ‘बाबरी मस्जिद’ को लेकर कहा कि बाबर के नाम का काई भी ढांचा गिरा दिया जाएगा।

इस बारे में हमने यूपी भाजपा के प्रवक्ता अवनीश त्यागी से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि योगी ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।

गलत पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर एक विचारधारा से प्रभावित है।

निष्कर्ष: योगी आदित्यनाथ ने बंगाल में बन रही ‘बाबरी मस्जिद’ को तोड़कर वहां राम मंदिर बनाने की बात नहीं कही है। वायरल दावा फेक है।

  • Claim Review : यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि बंगाल में 'बाबरी मस्जिद' की जगह राम मंदिर बनाया जाएगा।
  • Claimed By : Insta User- mr_pradumn09
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later