X
X

Fact Check: अनंत सिंह की बेटी की शादी में योगी आदित्यनाथ, सलमान खान और शाह रुख खान के पहुंचने के दावे गलत

बिहार में मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और बॉलीवुड सितारे सलमान खान व शाह रुख खान के पहुंचने के दावे गलत हैं। योगी आदित्यनाथ का वीडियो लखनऊ का है, जबकि सलमान का मुंबई और शाहरुख का वीडियो उदयपुर के कार्यक्रम का है।

Anant Singh Daughter Wedding, Anant Singh News, Yogi Adityanath Viral Video, Salman Khan Viral Video, Shah Rukh Khan Viral Video, Viral Wedding Video

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार के पटना में मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को हुई। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर तीन वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें एक वीडियो में विवाह समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ​आदित्यनाथ, दूसरे में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और तीसरे वीडियो में डांस करते शाह रुख खान को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इन वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि शिवांगी सिंह की शादी में योगी आदित्यनाथ, सलमान खान और शाहरुख खान शामिल हुए थे।

विश्वास न्यूज की जांच में ये सभी वायरल दावे गलत निकले। दरअसल, योगी आदित्यनाथ का वीडियो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मध्य प्रदेश प्रभारी एवं एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने का है, जबकि सलमान खान की वायरल क्लिप एक भाजपा नेता के घर पर गणपति दर्शन के लिए जाने के दौरान की है। वहीं, शाह रुख खान का वायरल वीडियो उदयपुर में हुए एक विवाह समारोह का है, जहां उन्होंने शिरकत की थी।

क्या हैं वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘Neeraj Kumar’ ने 25 नवंबर 2026 को विवाह समारोह में शामिल होते योगी आदित्यनाथ का वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “अनंत सिंग की बेटी शिवांगी की शादी में पहुंचे सीएम योगी।”

एक अन्य फेसबुक यूजर ‘Balaji Media’ ने 25 नवंबर 2026 को सलमान खान का वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “बहूबली बिधायक अनंत सिंह बेटी के शादी में बालीवुड अभिनेता सलमान खान की ग्रैंड एंट्री।”

फेसबुक यूजर ‘Sunilsinger Yadav’ ने 26 नवंबर 2026 को विवाह समारोह में डांस करते शाह रुख खान का वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी मैं पहुचे शाहरुख खान लिए 20 मिनट के परफॉर्म के लिए उन्होंने 10 करोड़ रुपये लिए।”

पड़ताल

वायरल दावों की जांच के लिए हमने इन्हें एक-एक करके चेक किया।

पहला वीडियो

योगी आदित्यनाथ का अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने के दावे के बारे में हमने कीवर्ड से गूगल सर्च किया, लेकिन हमें ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके।

इसके बाद हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। हमें ‘डॉ. महेंद्र सिंह’ के इंस्टाग्राम अकाउंट से 23 अप्रैल 2026 को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला। इसमें वायरल वीडियो से मिलता-जुलता वीडियो अपलोड किया गया था। पोस्ट में लिखा है, “लखनऊ में मेरी सुपुत्री डॉ. मोहिनी सिंह के शुभ विवाह के अवसर पर आदरणीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।”

सीएम योगी के वायरल वीडियो और इंस्टाग्राम वीडियो में दूल्हा-दुल्हन और साथ में खड़े लोग एक जैसे हैं। इसे कोलाज में देखा जा सकता है।

‘भास्कर इंग्लिश’ की वेबसाइट पर 22 अप्रैल 2026 को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में भाजपा एमएलसी और मध्य प्रदेश के प्रभारी महेंद्र सिंह की बेटी की शादी थी। उसी पार्क के एक दूसरे हिस्से में राज्य सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की भतीजी की भी शादी हो रही थी। इन दो वरिष्ठ नेताओं के परिवारों में हो रही शादियों में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य विधायक, सांसद और अन्य अधिकारी पहुंचे थे।

इससे पता चलता ​है कि इस वीडियो का अनंत सिंह की बेटी की शादी से कोई संबंध नहीं है।

दूसरा वीडियो

इसके बाद हमने शादी समारोह में सलमान खान के शामिल होने के दावे की पड़ताल के लिए कीवर्ड से गूगल सर्च किया, लेकिन इससे संबंधित भी कोई मीडिया रिपोर्ट हमें नहीं मिली।

वायरल वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च करने पर हमें इंस्टाग्राम अकाउंट ‘voompla‘ पर 18 सिंतबर 2026 को अपलोड किया गया वायरल वीडियो मिला। इस पोस्ट में वीडियो को गणपति महोत्सव का बताया गया।

‘एनडीटीवी’ की वेबसाइट पर 18 सितंबर 2026 को छपी रिपोर्ट में भी वीडियो के कीफ्रेम का प्रयोग किया गया था। खबर के अनुसार, मुंबई में सलमान खान को गणपति दर्शन के लिए भाजपा नेता ‘आशीष शेलार’ के आवास पर देखा गया था।

हमारी पड़ताल में सलमान का यह वीडियो भी असंबंधित साबित हुआ।

तीसरा वीडियो

हमने शादी में शाह रुख खान के शामिल होने के बारे में भी पहले गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया, लेकिन हमें कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली।

इसके बाद वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च करने पर हमें इंस्टाग्राम अकाउंट ‘udaipurupdates‘ पर 26 नवंबर 2026 को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला। इसमें वायरल क्लिप के एक हिस्से को देखा जा सकता है। इस पोस्ट के अनुसार, यह वीडियो उदयपुर का है, जहां एक विवाह समारोह में शाह रुख खान शामिल हुए थे।

‘दैनिक भास्कर’ की वेबसाइट पर 27 नवंबर 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “शाह रुख खान ने उदयपुर में एनआरआई की शादी में अपनी परफॉर्मेंस दी।” खबर में शाह रुख खान के डांस वीडियो को भी देखा जा सकता है।

इससे साफ होता है कि शाह रुख खान का वीडियो भी अनंत सिंह की बेटी की शादी से संबंधित नहीं है।

इस बारे में हमने पटना में ‘दैनिक जागरण’ के रिपोर्टर प्रशांत कुमार से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि अनंत सिंह की बेटी की शादी में कई मंत्री और भोजपुरी स्टार पहुंचे ​थे, लेकिन योगी आदित्यनाथ, सलमान खान और शाह रुख खान के शामिल होने के सभी दावे गलत हैं।

क्या है संदर्भ?

बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को संपन्न हुई थी। ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 26 नवंबर 2026 को छपी खबर के मुताबिक, समारोह में केंद्रीय मंत्री एवं जदयू नेता ललन सिंह समेत बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, रामकृपाल यादव और पवन सिंह पहुंचे थे। साथ ही, समारोह में भाजपा-जदयू के कई नेता और भोजपुरी सेलिब्रिटी भी शामिल हुए थे।

योगी आदित्यनाथ के पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। लखनऊ में रहने वाले इस यूजर का अकाउंट 31 जुलाई 2022 को बना है और इसके करीब 35 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: बिहार में मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और बॉलीवुड सितारे सलमान खान व शाह रुख खान के पहुंचने के दावे गलत हैं। योगी आदित्यनाथ का वीडियो लखनऊ का है, जबकि सलमान का मुंबई और शाहरुख का वीडियो उदयपुर के कार्यक्रम का है।

  • Claim Review : मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे।
  • Claimed By : FB User- Neeraj Kumar
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later