X
X

Fact Check : अमेठी में मुस्लिम बुजुर्ग की पिटाई का पुराना वीडियो हालिया बताकर किया गया वायरल 

अमेठी के एक गांव में हुई पुरानी घटना के वीडियो को अभी का समझकर वायरल किया जा रहा है। यह घटना जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव में हुई थी।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया के कई प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक शख्‍स को एक मुस्लिम शख्‍स की बेरहमी से पिटाई करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को अभी का बताकर दावा किया जा रहा है कि यूपी के अमेठी के एक गांव में एक आदमी ने मुस्लिम बुजुर्ग की इसलिए पिटाई कर दी थी, क्‍योंकि वह उसके घर के सामने से गुजर गया। वीडियो में मुस्लिम बुजुर्ग को गालियां देते हुए पीटा जा रहा है। 

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। पता चला कि अमेठी के एक गांव में हुई पुरानी घटना के वीडियो को अभी का समझकर वायरल किया जा रहा है। यह घटना जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव में हुई थी। 

क्‍या हो रहा है वायरल 

फेसबुक पेज सीटीवी न्‍यूज इंडिया ने 12 अप्रैल को एक वीडियो पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “उत्तर प्रदेश अमेठी ग्राम भगतपुर मे एक मुस्लिम बुज़ुर्ग ठाकुर के घर के सामने से गुजर गए तो ठाकुर को बुरा लग गया उसी से नाराज ठाकुर ने मुस्लिम आदमी की पिटाई कर दी और गंदी गंदी गालियां भी दी ठाकुर का नाम विजय बहादुर सिंह है।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें। 

पड़ताल 

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। इसके लिए वायरल दावे के आधार पर कीवर्ड बनाए और फिर इसे सर्च किया। हमें जी न्‍यूज की वेबसाइट पर 9 अक्‍टूबर 2024 की एक रिपोर्ट मिली। इस खबर में बताया गया, “वीडियो में एक शख्स मुस्लिम बुजुर्ग की पिटाई करता नजर आ रहा है। मुस्लिम शख्स उस इलाके में भीख मांग रहा था। तभी एक हिंदू शख्स ने इस मुस्लिम भिखारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। शख्स ने उसे गंदी-गंदी गालियां भी दी और उस इलाके में दोबारा आने से मना किया।” 

सर्च के दौरान सियासत डॉट कॉम नाम की एक वेबसाइट पर भी वीडियो से संबंधित एक खबर‍ मिली। 10 अक्‍टूबर 2024 की इस खबर में बताया गया कि अमेठी में एक मुस्लिम भिखारी की पिटाई करने के आरोप में एक शख्‍स को अरेस्‍ट किया गया। 

जांच के दौरान पुरानी तारीख को एक्‍स पर मौजूद इस वीडियो के जवाब में अमेठी पुलिस ने यूजर को जवाब देते हुए 10 अक्‍टूबर 2024 को लिखा था कि संदर्भित प्रकरण में थाना मोहनगंज पुलिस द्वारा दिनांक 07/10/2024 को आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की जा चुकी है। 

अब तक की पड़ताल से यह साबित हो गया कि वायरल घटना पुरानी है। इस मामले में कार्रवाई भी की जा चुकी है।

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, अमेठी के संवाददाता दिलीप सिंह से संपर्क किया। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल वीडियो वाली घटना पुरानी है। इस मामले में कार्रवाई भी हो चुकी है। 

जांच के अंत में पुरानी घटना को अभी का बताकर वायरल करने वाले यूजर की जांच की गई। सीटीवी न्‍यूज इंडिया के इस पेज को 84 हजार लोग फॉलो करते हैं, जबकि लाइक करने वालों की संख्‍या 50 हजार से ज्‍यादा है। 

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की जांच में पता चला कि मुस्लिम शख्‍स के साथ मारपीट की पुरानी घटना को अभी का बताकर वायरल किया जा रहा है। अमेठी की इस घटना के बाद कार्रवाई भी की जा चुकी है। 

  • Claim Review : उत्तर प्रदेश अमेठी ग्राम भगतपुर मे एक मुस्लिम बुज़ुर्ग ठाकुर के घर के सामने से गुजर गए तो ठाकुर को बुरा लग गया उसी से नाराज ठाकुर ने मुस्लिम आदमी की पिटाई कर दी
  • Claimed By : FB User CTV News India
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later