X
X

Fact Check: गुरुग्राम हिट-एंड-रन केस के आरोपी कल्याण बैंसला के समर्थन में कार रैली निकालने के दावे से पुराना वीडियो वायरल

विश्वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्‍ट फर्जी साब‍ित हुई। गुरुग्राम हिट-एंड-रन केस के आरोपी कल्याण बैंसला के समर्थन में कार रैली न‍िकालने के दावे से वायरल किया जा रहा वीडियो साल 2025 का है।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Sep 22, 2026 at 06:48 PM
  • Updated: Sep 22, 2026 at 07:09 PM

विश्वास न्‍यूज (नई द‍िल्ली)। हर‍ियाणा के गुरुग्राम में 13 स‍ितंबर 2026 को एक महिला बाइक सवार को टक्कर मारने का वीड‍ियो वायरल हुआ था, जि‍सके बाद मुख्‍य आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्‍थान से गिरफ्तार कर ल‍िया गया था। अब सोशल मीड‍िया पर आरोपी कार चालक कल्याण बैंसला के समर्थन के नाम पर एक वीड‍ियो खूब वायरल हो रहा है। वीड‍ियो के साथ दावा क‍िया जा रहा है क‍ि हिट-एंड-रन मामले के आरोपी कल्याण बैंसला के समर्थन में गुर्जर समुदाय ने कार रैली न‍िकाली है। इसे सच मानकर कई सोशल मीड‍िया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की सच्‍चाई की जांच की। यह फर्जी साब‍ित हुई। हमारी जांच में पता चला क‍ि वायरल वीड‍ियो साल 2025 का है। इसका गुरुग्राम हिट-एंड-रन केस से कोई संबंध नहीं है। पुराने वीड‍ियो को फेक दावे के साथ वायरल क‍िया जा रहा है।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Ashok Sahu’ ने 17 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “गुरुग्राम हिट-एंड-रन केस: आरोपी के समर्थन में लोगों का जमावड़ा! गुरुग्राम में शुक्रवार को कुछ लोगों ने एक कार रैली निकाली। यह रैली महिला बाइकर के साथ हुए हिट-एंड-रन मामले के आरोपी कल्याण बैंसला के समर्थन में थी। सोशल मीडिया पर इस जमावड़े को “गुर्जर एकता” का प्रदर्शन बताया गया। जांच जारी रहने तक बैंसला और उनके चचेरे भाई लवनीश को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। हर चीज़ में जाति का एंगल…? फुटेज में साफ दिख रहा था कि आरोपी ने जान-बूझकर टक्कर मारी थी। और आगे का फैसला कोर्ट को करने दें…l”

इस वीडियो के साथ क‍िए गए दावों को सच मानकर कई अन्य यूजर्स भी इसे शेयर कर रहे हैं। फेसबुक पोस्‍ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखें।

वायरल वीड‍ियो के आधार पर द फ्री प्रेस जर्नल, द डेली जागरण और मनी कंट्रोल जैसी न्‍यूज वेबसाइट्स ने भी खबरें प्रकाश‍ित की थीं।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच के ल‍िए सबसे पहले पोस्‍ट में इस्‍तेमाल क‍िए गए वीड‍ियो की सच्‍चाई पता लगाने की कोश‍िश की। इसके ल‍िए वीडियो के कई कीफ्रेम्‍स निकाले गए, फिर उन्हें गूगल लेंस टूल के माध्‍यम से खोजना शुरू किया गया। हमारी खोज के दौरान एक पुराना वीड‍ियो हमें ‘जाट समाज’ (@jatsamaj_official) नाम के एक इंस्‍टाग्राम हैंडल पर मिला। इस वीड‍ियो को 8 मई 2025 को अपलोड क‍िया गया था।

सर्च के दौरान हमें यही वीड‍ियो ‘अभय बल‍ियान’ नाम के एक इंस्‍टाग्राम हैंडल पर भी म‍िला। इसे 20 अप्रैल 2025 को अपलोड क‍िया गया था।

हमारी अब तक की जांच से यह तो स्‍पष्‍ट हो गया क‍ि गुरुग्राम हिट-एंड-रन मामले के आरोपी कल्याण बैंसला के समर्थन के दावे से वायरल हो रहा वीड‍ियो घटना से काफी पहले का है।

सर्च के दौरान हमें ‘अमर उजाला’ की एक खबर म‍िली। इसे 18 स‍ितंबर 2026 को प्रकाश‍ित क‍िया गया था। खबर में बताया गया क‍ि हिट-एंड-रन पीड़िता ने केस को जातिवाद से जोड़ने पर आपत्ति जताई है और उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा है। खबर में कल्‍याण बैंसला के समर्थन में महापंचायत की जानकारी दी गई है। ‘द प्र‍िंट’ ने 18 स‍ितंबर 2026 की अपनी एक खबर में बताया क‍ि गुर्जर समुदाय के कई लोग कल्‍याण बैंसला के समर्थन में आए।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए ‘दैनिक जागरण’, गुरुग्राम के ब्यूरो प्रभारी आद‍ित्‍य राज से संपर्क किया और उनके साथ वायरल वीडियो शेयर किया। उन्होंने कन्फर्म किया कि वायरल वीडियो का ह‍िट एंड रन केस से कोई संबंध नहीं है। वीड‍ियो पुराना है।

क्‍या है संदर्भ?

13 स‍ितंबर 2026 को गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर शिवानी चौहान उर्फ सिया को एक कार ने टक्कर मार दी थी। घटना के बाद आरोपी कार समेत फरार हो गया था। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला और लवनीश को गिरफ्तार कर लिया है। ‘जागरण डॉट कॉम’ पर 15 स‍ितंबर 2026 की एक खबर में इस घटना के बारे में व‍िस्‍तार से पढ़ा जा सकता है।

पड़ताल के अंतिम चरण में हमने वायरल सोशल मीड‍िया पोस्‍ट शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट की जांच की। हमें पता चला कि इस फेसबुक अकाउंट को छह हजार से अध‍िक लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट 2009 में बनाया गया था। यूजर ओड‍िशा के संबलपुर का रहने वाला है।

निष्कर्ष: विश्वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्‍ट फर्जी साब‍ित हुई। गुरुग्राम हिट-एंड-रन केस के आरोपी कल्याण बैंसला के समर्थन में कार रैली न‍िकालने के दावे से वायरल किया जा रहा वीडियो साल 2025 का है। इसका वर्तमान घटना से कोई संबंध नहीं है।

  • Claim Review : गुरुग्राम हिट-एंड-रन केस के आरोपी कल्याण बैंसला के समर्थन में कार रैली।
  • Claimed By : FB User Ashok Sahu
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later