Fact Check : पाकिस्तान के ईसाई नेता का पुराना भाषण फिर से हिंदू सांसद के नाम से वायरल
वीडियो अगस्त 2022 का है। वीडियो में दिख रहे शख्स का नाम तारिक मसीह गिल है। वे पाकिस्तान के ईसाई नेता हैं।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Apr 10, 2025 at 01:25 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए इसे पाकिस्तान के हिंदू सांसद का बताकर वायरल किया जा रहा है। वीडियो में एक शख्स को पाकिस्तान में होने वाले धर्मांतरण पर बोलते हुए सुना जा सकता है।
यह वीडियो एक बार पहले भी इसी दावे के साथ वायरल हो चुका है। उस वक्त भी विश्वास न्यूज ने इसकी पड़ताल करके सच्चाई दुनिया के सामने लाई थी। दरअसल, वीडियो अगस्त 2022 का है। वीडियो में दिख रहे शख्स का नाम तारिक मसीह गिल है। वे पाकिस्तान के ईसाई नेता हैं। उन्होंने यह भाषण 2022 में दिया था।
क्या हो रहा है वायरल
इंस्टाग्राम हैंडल pramendrathakur ने 9 अप्रैल को एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “पाकिस्तान मे अल्पसंख्यकों के कितने बुरे हाल है ये एक पाकिस्तानी सांसद के मुंह से सुनिये। सच में आंखें नम हो गई।”
वीडियो ऊपर लिखा गया, “आप यहां भारत में मुस्लिम सांसद जैसे असदुद्दीन ओवैसी के भाषण सुनिए और आप पाकिस्तान के संसदमें एक हिंदू सांसद का भाषण सुनिए।”

फेसबुक पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। पोस्ट को सच समझकर दूसरे यूजर्स भी वायरल कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने पिछली पड़ताल के दौरान कीवर्ड के जरिए सर्च किया था। उसकी मदद से गूगल ओपन सर्च करने पर असली वीडियो पाकिस्तान के एक चैनल पर मिला। 11 अगस्त 2022 को पीटीवी पार्लियामेंट के यूट्यूब चैनल पर अपलोड इस वीडियो में 37 मिनट के बाद स्पीकर को तारिक मसीह गिल को बोलने के लिए पुकारते हुए सुना जा सकता है। वीडियो में तारिक मसीह गिल पाकिस्तान में एक बच्ची के धर्मांतरण के इश्यू पर बोलते हुए सुना जा सकता है।
पड़ताल के दौरान पाकिस्तान के पंजाब असेंबली की वेबसाइट पर तारिक मसीह गिल की प्रोफाइल भी मिली। इसमें इनका धर्म ईसाई बताया गया।
विश्वास न्यूज से बातचीत में पाकिस्तान के पत्रकार आदिल अली ने बताया कि वीडियो में दिख रहे शख्स हिंदू सांसद नहीं हैं। इनका नाम तारिक मसीह गिल है। वे ईसाई हैं।
जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। प्रमेंद्र ठाकुर नाम के इस हैंडल को अप्रैल 2016 को बनाया गया। इसे आठ सौ से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। पाकिस्तान के ईसाई नेता के वीडियो को हिंदू सांसद के नाम से वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : पाकिस्तान के हिंदू सांसद का भाषण
- Claimed By : IG Handel Pramendra Thakur
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












