X
X

Fact Check : PM मोदी ने संसद में नहीं दिया आरक्षण के खिलाफ बयान, एडिटेड क्लिप वायरल

विश्‍वास न्‍यूज ने विस्‍तार से इसकी पड़ताल की। हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है।

नई दिल्ली (Vishvas News)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 14 सेकंड की एक क्लिप कई सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म्‍स पर वायरल की जा रही है। इसमें पीएम मोदी को यह बोलते हुए दिखाया गया है कि अगर एससी, एसटी और ओबीसी को नौकरियों में आरक्षण मिला, तो सरकारी काम का स्‍तर गिर जाएगा। इस क्लिप को पीएम मोदी के बयान के नाम पर वायरल करते हुए उन पर निशाना साधा जा रहा है।

विश्‍वास न्‍यूज ने विस्‍तार से इसकी पड़ताल की। हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रही वीडियो क्लिप एडिटेड है। दरअसल, पीएम मोदी संसद में देश के पहले प्रधानमंत्री के एक पत्र का हवाला देते हुए यह बात जवाहर लाल नेहरू के लिए कही थी। पूरे भाषण को सुनने से यह स्‍पष्‍ट हुआ है कि पीएम मोदी ने संसद में आरक्षण के मुद्दे को लेकर कांग्रेस को घेरते हुए पंडित नेहरू के पत्र का जिक्र करते हुए कहा था कि कांग्रेस हमेशा से आरक्षण की विरोधी रही है।

क्‍या हो रहा है वायरल

एक थ्रेड यूजर ने पीएम मोदी की क्लिप को पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “अनपढ़ और ढोंगी पाखंडियो से बहुजन समाज को उम्‍मीद करना बेकार है। ये है इनका असली चेहरा। जरा देखा इसे। ऐसे नेता देश चला रहे हैं तो क्‍या क्‍या क्‍या हो रहा है। सोचो और सब लोग देख भी रहे हैं।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने सबसे पहले वायरल क्लिप को स्‍कैन किया। इसमें पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सभापति की कुर्सी पर बैठे हुए देखा जा सकता है। जबकि धनखड़ जुलाई में ही स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे चुके हैं। इससे यह साफ हो गया कि वीडियो पुराना है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल क्लिप के कई कीफ्रेम्‍स निकाले । फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया । हमें असली वीडियो भाजपा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 7 फरवरी 2024 को अपलोड मिला। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आरक्षण पर विस्‍तार से बोलते हुए सुना जा सकता है। वीडियो के 3:38 की टाइम लाइन से पीएम को यह बोलते हुए सुना जा सकता है,

नेहरू जी कहते थे कि अगर एससी/एसटी, ओबीसी को नौकरियों में आरक्षण मिला, तो सरकारी कामकाज का स्तर गिर जाएगा।

कीवर्ड की मदद से गूगल ओपन सर्च टूल पर खोजने से हमें लाइव हिंदुस्‍तान की वेबसाइट पर एक खबर मिली। 7 फरवरी 2024 की खबर में बताया गया कि एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण को लेकर कांग्रेस के स्टैंड पर पीएम मोदी खूब बरसे। उन्होंने देश के पहले पीएम पंडित नेहरू का जिक्र करते हुए कहा कि वह तो आरक्षण के खिलाफ थे और उन्होंने यह खुलकर कहा था।

भाजपा की सोशल मीडिया टीम के शशि कुमार ने विश्‍वास न्‍यूज को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वायरल क्लिप फर्जी है। असली वीडियो में उन्‍होंने कांग्रेस की आलोचना करते हुए जवाहर लाल नेहरू के पत्र को पढ़ा था।

जांच के अंत में हमने फर्जी क्लिप वायरल करने वाले थ्रेड यूजर की जांच की । इस अकाउंट के बारे में कोई खास जानकारी नहीं मिली।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। पीएम मोदी ने फरवरी 2024 में संसद में पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू के हवाले से आरक्षण वाली बात कही थी। सोशल मीडिया पर अब कुछ यूजर्स इसे एडिट करके वायरल कर रहे हैं।

  • Claim Review : पीएम मोदी ने दिया संसद में आरक्षण के खिलाफ बयान
  • Claimed By : Threads User Ravindra
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later