Fact Check: राहुल गांधी ने अपने जन्मदिन पर केक पर जलती मोमबत्तियां बुझाई थीं, फर्जी है वायरल पोस्ट
राहुल गांधी ने अपने जन्मदिन पर केक पर लगी जलती हुई मोमबत्तियां बुझाई थीं। तस्वीर को गलत दावे के साथ वायरल करके राहुल गांधी का मजाक उड़ाया जा रहा है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jun 25, 2026 at 04:15 PM
- Updated: Jun 25, 2026 at 06:44 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की एक तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें उन्हें केक के ऊपर फूंक मारते हुए दिखाया गया है। दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी बिना मोमबत्ती वाले केक पर फूंक मार रहे हैं। इस तस्वीर के जरिए राहुल गांधी का मजाक उड़ाया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। जांच में पता चला कि केक पर मोमबत्तियां थीं और तस्वीर के एंगल के कारण मोमबत्तियां नहीं दिखीं।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘आरके सिंह’ ने 22 जून 2026 को एक तस्वीर को शेयर करते हुए दावा किया, “राहुल गांधी अपने जन्मदिन पर मोमबत्ती बुझा रहे हैं लेकिन मोमबत्ती कहां गई ? क्या सीधे मुंह से ही केक खा रहे हैं ?”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले राहुल गांधी की वायरल तस्वीर को सर्च किया। हमें ‘यूएनआई’ के एक्स हैंडल पर 19 जून 2026 को अपलोड की हुई कुछ तस्वीरें मिलीं। इसमें राहुल गांधी को केक पर लगी मोमबत्तियों को बुझाने के लिए फूंक मारते हुए देखा जा सकता है।
इसी तरह हमें ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ के इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट मिली। इसमें कई तस्वीरों को इस्तेमाल करते हुए बताया गया कि राहुल गांधी ने कांग्रेस के नेताओं के संग अपना 56वां जन्मदिन मनाया। यह पोस्ट 19 जून 2026 को की गई थी।

सर्च के दौरान हमें एबीपी न्यूज के फेसबुक पेज पर एक रील मिली। इसमें 20 सेकंड में राहुल गांधी को केक के ऊपर लगी मोमबत्तियों पर फूंक मारते हुए देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस की वेबसाइट पर संबंधित तस्वीर सर्च किया। हमें 19 जून 2026 की तारीख पर यह तस्वीर मिली।

कांग्रेस की वेबसाइट पर मौजूद दो तस्वीरों को देखने से यह स्पष्ट हो गया कि केक पर मोमबत्तियां मौजूद थीं। इनमें से एक तस्वीर में जलती हुई मोमबत्तियां साफ दिखाई दे रही हैं।

दूसरी तस्वीर में मोमबत्तियों को हल्का जलते हुए और राहुल गांधी को फूंक मारते हुए देखा जा सकता है।

इसी तरह कांग्रेस की ओर से एक्स पर अपलोड वीडियो में भी 20वें सेकंड पर साफ देखा जा सकता है कि राहुल गांधी जलती हुई मोमबत्तियों पर फूंक मारते हैं और वे बुझ जाती हैं।
हमारी अब तक की जांच से यह साबित हो गया कि राहुल गांधी के बर्थडे पर मौजूद केक के ऊपर मोमबत्तियां थीं, जिन्हें राहुल गांधी ने फूंक मारकर बुझाया था।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सोशल मीडिया विभाग के कोआर्डिनेटर नितिन अग्रवाल से संपर्क किया और उनके साथ वायरल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने बताया कि वायरल पोस्ट पूरी तरह से बेबुनियाद है और राहुल गांधी की छवि बिगाड़ने के लिए भाजपा की आईटी सेल इस तरह की करतूत करती है।
क्या है संदर्भ?
लोकसभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 19 जून 2026 को अपना 56वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उन्होंने पार्टी के कार्यालय में केक काटा। मौके पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। ‘जागरण डॉट कॉम’ की 19 जून 2026 की एक खबर के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तक ने उन्हें बधाई दी।
पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि आरके सिंह नाम के यूजर को फेसबुक पर चार हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर आगरा का रहने वाला है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। राहुल गांधी ने अपने जन्मदिन पर केक पर लगी जलती हुई मोमबत्तियां बुझाई थीं। तस्वीर को गलत दावे के साथ वायरल करके राहुल गांधी का मजाक उड़ाया जा रहा है।
- Claim Review : राहुल गांधी ने अपने जन्मदिन पर बिना मोमबत्ती वाले केक पर फूंक मारी।
- Claimed By : FB User RK Singh
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












