X
X

Fact Check : मारीशस में पीएम मोदी के स्‍वागत में गाया गया ‘गीत-गवई’, एडिटेड है वायरल वीडियो

पड़ताल में पता चला कि मॉरिशस दौरे के वक्‍त पीएम मोदी का स्‍वागत बिहार के पारंपरिक गीत गवई से किया गया। उसी से जुड़ी वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर अलग से महंगाई डायन वाला गाना जोड़ा गया है।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Mar 17, 2025 at 03:56 PM
  • Updated: Mar 17, 2025 at 07:14 PM

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोगों को पीएम के सामने फिल्म ‘पीपली लाइव’ का महंगाई डायन गाते हुए दिखाया गया है। दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी के मारीशस दौरे के वक्‍त उनके सामने कुछ लोगों ने महंगाई डायन वाला गीत गया।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। पड़ताल में पता चला कि मारीशस दौरे के वक्‍त पीएम मोदी का स्‍वागत बिहार के पारंपरिक गीत गवई से किया गया। उसी से जुड़ी वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर अलग से महंगाई डायन वाला गाना जोड़ा गया है। हमारी जांच में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर मनीष तिवारी ने 13 मार्च को एक वीडियो को अपलोड करते हुए दावा किया, “मोदी के मॉरिशस दौरे में भी महंगाई डायन का डंका बजा। अब बताओ, ऐसे भी कोई बेइज्जत करता है भला?”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आकाईव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने पीएम मोदी के मारीशस दौरे से जुड़े वीडियो की सच्‍चाई का पता लगाने के लिए सबसे पहले इसे ध्‍यान से देखा। हमें वीडियो के ऊपर Netaflix लिखा हुआ नजर आया। इस क्‍लू के आधार पर हमने इस नाम के सोशल मीडिया हैंडल्‍स को खोजा। हमें एक्‍स पर यह हैंडल मिला।

पता चला कि यह एक पैरोडी अकाउंट है। इसमें भारतीय नेताओं के मजाकिया और व्‍यंग्‍य से जुड़े वीडियो और पोस्‍ट शेयर किए जाते हैं। इसे 66 हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।

वायरल वीडियो को 11 मार्च को इस हैंडल पर अपलोड किया गया। एक यूजर के सवाल का जवाब देते हुए इस हैंडल ने वीडियो को एडिटेड बताया।

https://twitter.com/NetaFlixIndia/status/1899423994237116667

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए पीएम नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया हैंडल्‍स को स्‍कैन किया। हमें इससे संबंधित पीएम मोदी के दो वीडियो मिले। 11 मार्च को अपलोड करीब तीन मिनट के एक वीडियो में 1:20 मिनट की टाइम लाइन पर असली वीडियो देखा जा सकता है। इसमें कुछ लोगों को भोजपुरी में गीत गाते हुए सुना जा सकता है। वीडियो के साथ कैप्‍शन में इसे गीत गवई बताया गया। इस वीडियो में कहीं भी महंगाई डायन वाला गाना नहीं गाया गया।

11 मार्च को ही पीएम नरेंद्र मोदी के यूट्यूब चैनल पर यही वीडियो दूसरे एंगल से मिला। इसमें बताया गया कि मारीशस में पीएम मोदी का स्‍वागत बिहार के पारंपरिक गीत गवई से किया गया।

सर्च के दौरान गुड न्‍यूज टूडे नाम के एक यूट्यूब चैनल पर भी असली वीडियो मिला। इसमें बताया गया कि मारीशस में पीएम मोदी का स्‍वागत गीत गवई से किया गया। गीत गवई का गायन सुनकर पीएम मोदी भी मंत्रमुग्ध हो गए और महिलाओं का साथ देने लगे। इस वीडियो रिपोर्ट में आपको मॉरिशस और गीत गवई के रिश्ते के बारे में विस्‍तार से बताया गया। इसमें बताया गया कि बिहार के भोजपुरी क्षेत्र की महिलाएं गीत गवई को मारीशस लाई थीं।

पड़ताल के अंत में हमने भाजपा के प्रवक्‍ता अवनीश त्यागी से संपर्क किया। उन्‍होंने वायरल पोस्‍ट को फर्जी बताते हुए कहा कि वायरल वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो में भोजपुरी गीत को सुना जा सकता है।

जांच के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि मनीष तिवारी नाम के यूजर को फेसबुक पर छह हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक राजनीतिक दल से जुड़ा हुआ है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में पीएम नरेंद्र मोदी से जुड़ी वीडियो फर्जी साबित हुआ। असली वीडियो में मारीशस में पीएम मोदी के स्‍वागत के लिए बिहार का पारंपरिक गीत गवई गाया गया था। उसी वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके अलग से महंगाई डायन वाला गाना जोड़ा गया।

  • Claim Review : https://www.facebook.com/100033356466479/videos/1340578254048003
  • Claimed By : FB User : Manish Tiwari
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later