X
X

Fact Check: पाकिस्‍तानी पैनलिस्‍ट ने चित्रा त्रिपाठी से नहीं कही 50 किलो मेकअप वाली बात, एडिटेड वीडियो वायरल

विश्वास न्‍यूज की जांच में न्‍यूज एंकर चि‍त्रा त्रिपाठी की वायरल क्लिप फर्जी साबित हुई। उनकी एक पुरानी डिबेट के वीडियो के एक हिस्‍से के साथ छेड़छाड़ करके वायरल क्लिप तैयार की गई है।

नई दिल्‍ली (विश्वास न्‍यूज)। ‘एबीपी न्‍यूज’ की एंकर चित्रा त्रिपाठी पर निशाना साधते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कथित तौर पर एक पाकिस्‍तानी पैनलिस्‍ट को चित्रा त्रिपाठी के मेकअप का मजाक उड़ाते हुए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में पाकिस्‍तानी पैनलिस्‍ट को चित्रा त्रिपाठी को यह बोलते हुए दिखाया गया है कि आपके 50 किलो मेकअप का खर्चा नरेंद्र मोदी उठाते हैं। इस वीडियो को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्‍यूज ने विस्‍तार से वायरल वीडियो की जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। जांच में पता चला कि एबीपी न्‍यूज के कार्यक्रम ‘महादंगल’ के एक पुराने वीडियो के कुछ हिस्‍सों के साथ छेड़छाड़ करके पाकिस्‍तानी पैनलिस्‍ट वाला हिस्‍सा अलग से जोड़ा गया है।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Azhar Husain’ ने 8 अप्रैल 2026 को एक वीडियो क्लिप को शेयर करते हुए लिखा, “लाइव पैनलिस्ट ने टीवी पर चित्रा त्रिपाठी के मेकअप का मज़ाक उड़ाया! कहा, जनरल आसिम मुनीर तो बलूचिस्तान संभाल लेंगे, लेकिन आपके 50 किलो मेकअप का खर्चा मोदी जी उठाते हैं?”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। फर्जी वीडियो को कार्टूनिस्‍ट मंजूल, कांग्रेस नेता अलका लांबा और रागिनी नायक ने भी शेयर किया है।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो को स्‍कैन किया। इसमें न्‍यूज एंकर चित्रा त्रिपाठी को एक पाकिस्‍तानी पत्रकार को यह बोलते हुए सुना जा सकता है कि अपने बलूचिस्तान को देखिए। खैबर पख्तूनख्वा को देखिए। इसके बाद पाकिस्तानी शख्‍स आपत्तिजनक भाषा में जवाब देते हुए नजर आता है।

पड़ताल के अगले चरण में हमने गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। वायरल वीडियो के आधार पर कुछ कीवर्ड बनाए गए। इनके आधार पर सर्च करने पर हमें एबीपी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर असली वीडियो मिला। इसे 2 मई 2025 को अपलोड किया गया था। 49:32 मिनट के इस एपिसोड को पूरा देखने पर हमें वायरल वीडियो से जुड़ा एक हिस्‍सा मिला। इस वीडियो में 18वें मिनट पर चि‍त्रा त्रिपाठी को यह बोलते हुए देखा जा सकता है कि अपने बलूचिस्तान को देखिए। खैबर पख्तूनख्वा को देखिए।

इस बहस में हमें पाकिस्‍तान के पत्रकार हैदर हयात खान और मुकीम अहमद खान नजर आए। पूरे वीडियो में कहीं भी वायरल वीडियो वाला शख्‍स नजर नहीं आया। असली वीडियो में पाकिस्‍तानी पत्रकार मुकीम अहमद खान को यह बोलते हुए सुना जा सकता है कि मैं मेकअप करके नहीं आया हूं आज।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने चि‍त्रा त्रिपाठी के सोशल मीडिया हैंडल्‍स को स्‍कैन किया। हमें उनके एक्‍स हैंडल पर एक पोस्‍ट मिली। 8 अप्रैल 2026 की इस पोस्‍ट में उन्‍होंने वायरल वीडियो को फेक बताते हुए लिखा, “ये फेक वीडियो है, जो शेयर किया जा रहा है। ये पाकिस्तानी यूट्यूबर है जो मेरे शो के विंडो को एडिट कर अपना वीडियो लगाकर वायरल करता है और पैसे कमाता है। भाइयों और बहनों, पाकिस्तानी यूट्यूबर के झूठे वीडियो को लेकर इतने भी खुश मत हो जाओ।”

https://twitter.com/chitraaum/status/2041601772519879002

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए चि‍त्रा त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि वायरल वीडियो एडिटेड है। असली डिबेट में वायरल वीडियो वाला शख्‍स नहीं था। असली वीडियो से छेड़छाड़ करके वायरल क्लिप तैयार की गई है।

अंत में फेक वीडियो वायरल करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि ‘अजहर हुसैन’ नाम के इस यूजर को फेसबुक पर 10 हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर महाराष्‍ट्र के अकोला का रहने वाला है। यह अकाउंट 8 मई 2011 को बनाया गया था। यूजर एक राजनीतिक दल से जुड़ा हुआ है।

निष्‍कर्ष: विश्वास न्‍यूज की जांच में न्‍यूज एंकर चि‍त्रा त्रिपाठी की वायरल क्लिप फर्जी साबित हुई। उनकी एक पुरानी डिबेट के वीडियो के एक हिस्‍से के साथ छेड़छाड़ करके वायरल क्लिप तैयार की गई है।

  • Claim Review : पाकिस्‍तानी पैनलिस्ट ने चित्रा त्रिपाठी से कहा कि आपके 50 किलो मेकअप का खर्चा नरेंद्र मोदी उठाते हैं।
  • Claimed By : FB User azhar hussain
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later