X
X

Fact Check: पुलिस के सामने गिड़गिड़ाती युवती का वायरल वीडियो झारखंड का नहीं, बिहार के प्रदर्शन का है

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल वीडियो झारखंड का नहीं, बल्कि बिहार की राजधानी पटना का साबित हुआ। 22 जुलाई 2026 को पटना में छात्रों का प्रदर्शन हुआ था।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Aug 12, 2026 at 04:55 PM
  • Updated: Aug 17, 2026 at 12:34 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। झारखंड की राजधानी रांची में 25 जुलाई 2026 से छात्रों का आंदोलन चल रहा है। 10 अगस्त 2026 को ‘विधानसभा मार्च’ के दौरान पुलिस ने छात्रों पर आंसू गैस के गोले छोड़ते हुए लाठीचार्ज भी किया। अब उसी घटना से जोड़ते हुए एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। इस वीडियो में एक रोती हुई युवती को पुलिसवालों के सामने हाथ जोड़ते हुए देखा जा सकता है। इतना ही नहीं, वीडियो में रोते हुए युवती पुलिसवालों के पैर भी छू रही है।

सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को झारखंड के रांची का बताकर वायरल कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो झारखंड के छात्र आंदोलन का है। विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। दरअसल, बिहार के पटना के वीडियो को अब झारखंड के स्टूडेंट प्रोटेस्ट का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है। हालांकि, रांची में 10 अगस्त 2026 को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज हुआ था, लेकिन वायरल वीडियो रांची का नहीं है।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Anoop Kumar Mishra’ ने 11 अगस्त 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “झारखंड में बेटियों का कोई सम्मान नहीं है,अगर है तो फिर बेटीबचाओ, बेटी पढ़ाओ… का नारा देने वाले सभी नेतागण अब चुप क्यों हैं..?”

वायरल पोस्‍ट को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर इसे शेयर कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें। वीडियो को भाजपा के आधिकारिक एक्स हैंडल से भी शेयर किया गया था। हालांकि, बाद में उसे डिलीट कर दिया गया।

पड़ताल

झारखंड की राजधानी रांची में आंदोलनरत छात्रों ने 10 अगस्त 2026 को विधानसभा का घेराव किया था। इन्हें रोकने के लिए पुलिस ने पहले पानी की बौछार की, फिर आंसू गैस के गोले छोड़े गए। अनियंत्रित भीड़ को कंट्रोल करने के लिए अंत में पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसमें कई छात्र और पुलिसकर्मी घायल हुए थे। ‘बीबीसी हिंदी’ की 11 अगस्त 2026 की खबर में इसके बारे में पढ़ा जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। इस दौरान हमें सबसे पुराना वीडियो शॉर्ट्स के रूप में दो अलग-अलग यूट्यूब चैनलों पर मिला। इन्हें 22 और 23 जुलाई 2026 को अपलोड किया गया था, जबकि झारखंड के रांची में छात्रों का आंदोलन 25 जुलाई 2026 से शुरू हुआ था। ऐसे में वायरल वीडियो रांची का हो ही नहीं सकता है। ‘The Bihari Talks’ नाम के यूट्यूब चैनल पर इस वीडियो को सबसे पहले 22 जुलाई को अपलोड किया गया था।

विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान वायरल वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें दो बातें गौर करने लायक लगीं। पहला तो पुलिस की वर्दी के ऊपर बिहार लिखा हुआ नजर आया। दूसरी बात, हमें साइन बोर्ड पर BPSC भी लिखा हुआ नजर आया। ‘बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन’ (BPSC) का मुख्यालय पटना में है। ऐसे में हमें वीडियो के पटना का होने का शक हुआ।

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो को सबसे पहले अपलोड करने वाले यूट्यूब चैनल ‘The Bihari Talks’ के फाउंडर अंकित कुमार से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो पटना में 22 जुलाई को हड़ताली चौक पर हुए छात्र प्रदर्शन का है।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए गूगल मैप्स के स्ट्रीट व्यू का इस्तेमाल किया। यहां हड़ताली चौक की लोकेशन सर्च करने पर हमें वही जगह दिखाई दी, जो वायरल वीडियो में दिख रही है। नीचे दिए गए कोलाज में लाल इमारत और साइन बोर्ड एक जैसे दिख रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए रांची के सिटी एसपी पारस राणा से संपर्क किया। उन्होंने वायरल वीडियो के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह वीडियो बिहार का है। इसका झारखंड या रांची से कोई संबंध नहीं है।

क्या है संदर्भ?

‘द लल्लनटॉप’ के यूट्यूब चैनल पर 22 जुलाई 2026 को अपलोड की गई एक रिपोर्ट में बताया गया कि छात्रों ने पटना के गांधी मैदान से राजभवन का घेराव करने के लिए प्रदर्शन किया था। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। इस प्रदर्शन के दौरान कई छात्र और पुलिस के जवान घायल हुए। यह घटना पटना के जेपी गोलंबर पर हुई थी।

‘दैनिक जागरण’ के रांची संस्करण में 11 अगस्त 2026 को प्रकाशित एक खबर के अनुसार, ‘झारखंड लोक सेवा आयोग’ (जेपीएससी) और ‘झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग’ (जेएसएससी) की नियुक्ति परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन चल रहा है। आंदोलनरत छात्रों ने 10 अगस्त 2026 को ‘विधानसभा मार्च’ किया। छात्रों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इसके अलावा लाठीचार्ज भी किया गया । यह प्रदर्शन 25 जुलाई से चल रहा है।

पड़ताल के अंत में पटना के वीडियो को रांची का बताकर शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट की जांच की गई। पता चला कि इस यूजर को एक लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर दिल्ली में रहता है और यह अकाउंट जून 2014 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल वीडियो झारखंड का नहीं, बल्कि बिहार की राजधानी पटना का साबित हुआ। 22 जुलाई 2026 को पटना में छात्रों का प्रदर्शन हुआ था। वायरल वीडियो पटना के हड़ताली चौक का है। इसका रांची के छात्र आंदोलन से कोई संबंध नहीं है।

  • Claim Review : झारखंड के आंदोलन का वीडियो।
  • Claimed By : FB User Anoop Kumar Mishra
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later