X
X

Fact Check: बागपत में राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड के साथ हुई घटना का तस्वीर में दिख रहे शख्स से नहीं है कोई संबंध 

जांच में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साब‍ित हुई। राष्ट्रपति के साथ तस्‍वीर में द‍िख रहे व्‍यक्‍त‍ि को गोली नहीं मारी गई है। इनका नाम सौरभ एस नायर है, जो राष्ट्रपति के एडीसी (एड-डी-कैंप) हैं।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Nov 12, 2026 at 05:42 PM
  • Updated: Nov 12, 2026 at 05:53 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीड‍िया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मुकी एक तस्‍वीर वायरल करते हुए उसमें वर्दी में द‍िख रहे एक शख्‍स के बारे में दावा क‍िया जा रहा है क‍ि राष्ट्रपति के अंगरक्षक के रूप में तैनात सौरभ तोमर को उनके गांव में गोली मार दी गई।

सोशल मीड‍िया पर कई यूजर्स वायरल तस्‍वीर में मौजूद शख्‍स को सौरभ तोमर मानकर इस फोटो को शेयर कर रहे हैं। विश्वास न्‍यूज की जांच में पता चला क‍ि राष्ट्रपति के साथ तस्‍वीर में द‍िख रहा शख्‍स सौरभ तोमर नहीं है। यह व्‍यक्‍ति सौरभ एस नायर हैं, जो राष्ट्रपति के एडीसी (एड-डी-कैंप) हैं और वे पूरी तरह स्‍वस्‍थ हैं। इनका बागपत वाली घटना से कोई संबंध नहीं है। बागपत के गोपालपुरा खड़ाना गांव में दीपावली की रात पटाखा छुड़ाने के व‍िवाद में कहासुनी के दौरान एक शख्‍स ने सौरभ तोमर को गोली मार दी थी।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘अमित पंडित’ ने 11 नवंबर 2026 को एक तस्‍वीर शेयर करते हुए लिखा, “गांव के मामूली विवाद में राष्ट्रपति के अंगरक्षक को पड़ोसियों ने मारी गोली। लाल घेरे में दिखाई दे रहे सौरभ तोमर राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति के अंगरक्षक के रूप में तैनात हैं। मूल निवासी गोपालपुर खड़ाना, रमाला, बागपत (उत्तर प्रदेश) के हैं… दीपावली पर छुट्टी लेकर सौरभ अपने परिवार के साथ गाँव आए थे। त्योहार के दिन घर के बाहर भाइयों के साथ पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान पड़ोसियों धीरज और प्रवीण से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ा कि धीरज ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली दीवार से टकराकर सौरभ के सिर में जा धँसी। उनके भाई विनीत के साथ भी मारपीट की गई। सौरभ की हालत गंभीर बताई जा रही है…हम गाँव के संस्कार, अपनापन और भाईचारे का खूब गुणगान करते हैं, लेकिन कुछ जगहों पर किसी की तरक्की आज भी लोगों की आँखों में खटकती है। पुरानी रंजिश, ईर्ष्या और आपसी खुन्नस इतनी हावी हो जाती है कि लोग किसी भी हद तक जाने को तैयार हो जाते हैं…किसी का आगे बढ़ना अगर आपको बर्दाश्त नहीं होता, तो समस्या उसकी तरक्की में नहीं, आपकी सोच में है…गाँव में रहिए, सबसे अच्छे संबंध रखिए, लेकिन आँख मूँदकर किसी पर भरोसा मत कीजिए। कभी-कभी सबसे नजदीक रहने वाले ही सबसे बड़ी परेशानी की वजह बन जाते हैं। सौरभ तोमर के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना। दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए…।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्‍ट में मौजूद तस्‍वीर की सच्‍चाई जानने के ल‍िए इसे गूगल लेंस टूल पर सर्च क‍िया। हमें यह तस्‍वीर राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट पर म‍िली। 2025 की इस तस्‍वीर के बारे में बताया गया क‍ि यह राष्ट्रपति भवन में स्केटिंग रिंक, बास्केटबॉल कोर्ट और ओपन जिम जैसी खेल सुविधाओं के उद्घाटन के दौरान की है।

सर्च के दौरान हमें इस तस्‍वीर से जुड़ी एक पोस्‍ट बागपत पुलिस के एक्‍स हैंडल पर म‍िली। 11 नवंबर 2026 को इस तस्‍वीर का फैक्ट चेक करते हुए बागपत पुल‍िस ने बताया, “सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ एक व्यक्ति की तस्वीर वायरल हो रही है, जिसे बागपत में हुए विवाद के दौरान गोली लगने से घायल हुए सौरभ तोमर की तस्वीर बताकर पोस्ट किया जा रहा है। बागपत पुलिस द्वारा किए गए फैक्ट चेक में यह दावा भ्रामक पाया गया है। वायरल तस्वीर 2025 की है, जिसमें राष्ट्रपति के साथ दिखाई दे रहे व्यक्ति सौरभ एस. नायर हैं, जो राष्ट्रपति के ADC (Aide-de-Camp) हैं तथा स्वस्थ हैं। यह तस्वीर बागपत की घटना में घायल सौरभ तोमर की नहीं है। बागपत पुलिस की अपील: सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी फोटो अथवा खबर की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे शेयर न करें। भ्रामक खबरों एवं अफवाहों से बचें तथा जिम्मेदार नागरिक बनें।”

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए बागपत पुल‍िस के एक्‍स हैंडल को स्‍कैन क‍िया। वहां हमें सौरभ तोमर का एक वीड‍ियो म‍िला। इसमें उन्‍होंने अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया है।

जांच के अगले चरण में ‘दैन‍िक जागरण’ के बागपत संस्‍करण को खंगाला गया। हमें 12 नवंबर 2026 के अखबार में एक खबर म‍िली। इसमें बताया गया है क‍ि इंटरनेट मीडिया पर राष्ट्रपति के अंगरक्षक सौरभ तोमर से जुड़ी भ्रामक खबर और फर्जी तस्वीर प्रसारित होने का मामला सामने आया है। तस्वीर में राष्ट्रपति के साथ उनके एडीसी सौरभ एस नायर को सौरभ तोमर बताया जा रहा है। पुलिस ने जांच के बाद इस तस्वीर को भ्रामक बताया और अस्पताल में भर्ती सौरभ के एक बयान का वीडियो भी प्रसारित किया, जिसमें सौरभ स्वयं को ठीक बता रहे हैं।

‘यूपी तक’ नाम के यूट्यूब चैनल पर हमें एक खबर म‍िली। 11 नवंबर 2026 की इस र‍िपोर्ट में बताया गया क‍ि राष्ट्रपति की सुरक्षा में तैनात जवान को बदमाशों ने गोली मार दी। पटाखा जलाने को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की दबिश के लिए टीम बनाकर, उनकी तलाश शुरू कर दी है।

बागपत के एएसपी प्रवीण चौहान ने बताया क‍ि वायरल हो रही तस्‍वीर 2025 की है। इसमें राष्ट्रपति के साथ दिखाई दे रहे व्यक्ति सौरभ एस नायर हैं, जो राष्ट्रपति के एडीसी (एड-डी-कैंप) हैं और वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। उनका गोपालपुर खड़ाना की घटना में घायल हुए सौरभ से कोई संबंध नहीं है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पुरानी तस्वीर को मौजूदा घटना से जोड़कर गलत जानकारी प्रसारित की जा रही है।

क्‍या है संदर्भ?

‘जागरण डॉट कॉम’ की 9 नवंबर 2026 की एक खबर में बताया गया क‍ि बागपत के गांव गोपालपुर खड़ाना में दीपावली पर लगभग 9:15 बजे जनकराज के बेटे विनीत तोमर उर्फ मिंटू, सौरभ तोमर और सुमित तोमर घर के बाहर पटाखे छुड़ा रहे थे। सौरभ तोमर राष्ट्रपति के अंगरक्षक हैं। इसी दौरान पटाखे छुड़ाने को लेकर गांव के ही धीरज से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर धीरज ने तमंचे से सौरभ के सिर में गोली मार दी। मारपीट में विनीत भी घायल हो गया। वहीं, सौरभ पक्ष ने धीरज के भाई प्रवीण तोमर उर्फ मोनू के साथ भी मारपीट की। सौरभ को मेरठ के न्यूटिमा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत ठीक है।

जांच के अंत में भ्रामक पोस्ट करने वाले फेसबुक यूजर की जांच की गई। सोशल स्कैनिंग में पता चला कि ‘अम‍ित पंड‍ित’ नाम के इस यूजर को आठ हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर लखनऊ में रहता है। यह अकाउंट 2014 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साब‍ित हुई। राष्ट्रपति के साथ तस्‍वीर में द‍िख रहे व्‍यक्‍त‍ि को गोली नहीं मारी गई है। इनका नाम सौरभ एस नायर है, जो राष्ट्रपति के एडीसी (एड-डी-कैंप) हैं। आपसी व‍िवाद में ज‍िस शख्‍स को गोली मारी गई है, उनका नाम सौरभ तोमर है और वह राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड के रूप में कार्यरत हैं।

  • Claim Review : तस्‍वीर में लाल घेरे में दिखाई दे रहे राष्‍ट्रपत‍ि के बॉडीगार्ड सौरभ तोमर को गोली मारी गई।
  • Claimed By : Facebook User Amit Pandit
  • Fact Check : भ्रामक
Our Sources
  1. Website of President House
  2. Post by X@BaghpatPolice, Dated 11 Nov 2026 
  3. News Report by Dainik Jagran, Dated 12 Nov 2026
  4. Video Posted by YT@UP Tak, Dated 8 Nov 2026
  5. News Report by Jagran.com, Dated 9 Nov 2026 

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later