Fact Check : भिवानी में 2023 में रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था महिला सब इंस्पेक्टर को, वीडियो अब वायरल
मार्च 2023 में हरियाणा के भिवानी में एक महिला सब इंस्पेक्टर को पांच हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। उसी वक्त के वीडियो को अब हाल में वायरल किया जा रहा है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Mar 22, 2025 at 05:34 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो क्लिप काफी ज्यादा शेयर की जा रही है। इसमें एक महिला पुलिसकर्मी को पकड़े हुए देखा जा सकता है। इसके अलावा कुछ रुपए भी क्लिप में देखे जा सकते हैं। वीडियो को हाल का ही समझकर कुछ यूजर्स इसे शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि इस महिला पुलिसकर्मी को रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। दरअसल, मार्च 2023 में हरियाणा के भिवानी में एक महिला सब इंस्पेक्टर को पांच हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। उसी वक्त के वीडियो को अब हाल में वायरल किया जा रहा है। जिससे यह भ्रम हो रहा है कि घटना हाल-फिलहाल की है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर राकेश मीणा ने 18 मार्च को एक वीडियो अपलोड करते हुए दावा किया, “रिश्वत के लिए नौकरी खराब कर ली।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे हालिया समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर एक पुरानी खबर मिली।
29 मार्च 2023 की इस खबर में बताया गया कि हरियाणा के भिवानी में मिनी सचिवालय में विजिलेंस विभाग ने मुन्नी देवी नाम की एक सब इंस्पेक्टर को पांच हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।
29 मार्च 2023 को राष्ट्रीय अपराध जांच ब्यूरो (National Crime Investigation Bureau) एक्स हैंडल पर वायरल वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा गया, “कल हिसार एवं भवानी विजिलेस विभाग की संयुक्त टीम ने बवानीखेड़ा की महिला सब इंस्पेक्टर मुन्नी देवी को भिवानी लघु सचिवालय में 5 हजार रुपए रिश्वत लेते किया गिरफ़्तार। विदित हो कि, ये वही महिला एसआई हैं जिसे गणतंत्र दिवस पर उनके बेहतर काम और ईमानदारी के लिए सम्मानित किया गया था।”
लाइव हिंदुस्तान डॉट कॉम पर 29 मार्च 2023 को प्रकाशित खबर में बताया गया कि भिवानी के बवानीखेड़ा पुलिस थाने में एक महिला का केस चल रहा था, जो कि कुछ पैसों की रिकवरी करने से जुड़ा मामला था। इसी रिकवरी के बदले वहां तैनात और मामले की जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर ने रिश्वत ली।

विश्वास न्यूज ने पड़ताल के दौरान दैनिक जागरण, हिसार के चीफ रिपोर्टर अमित धवन से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को पुराना बताया। भिवानी में मार्च 2023 को इस सब इंस्पेक्टर महिला को अरेस्ट किया गया था।
जांच के अंत में फेसबुक यूजर राकेश मीणा के अकाउंट को स्कैन किया गया। इस यूजर को दस हजार लोग फॉलो करते हैं। यह राजस्थान के दौसा का रहने वाला है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। मार्च 2023 की घटना के वीडियो को अभी वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है। उस वक्त भिवानी में एक महिला पुलिसकर्मी को पांच हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था।
- Claim Review : महिला पुलिसकर्मी के रिश्वत लेने का हालिया वीडियो
- Claimed By : FB User Rakesh Meena
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












