Fact Check: बांग्लादेश में अतिक्रमण पर हुई कार्रवाई के वीडियो को बंगाल का बताकर किया जा रहा वायरल
अतिक्रमण पर बुलडोजर चालने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। इस वीडियो का बंगाल से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो बांग्लादेश का है, जहां अतिक्रमण को हटाया गया था। उसी घटना के वीडियो को अब पश्चिम बंगाल से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: May 20, 2026 at 05:13 PM
- Updated: May 20, 2026 at 05:31 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने के बाद हावड़ा में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाया जा रहा है। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर बुलडोजर कार्रवाई का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में महिलाओं को रोते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद अतिक्रमण पर कार्रवाई की जा रही है। यह वीडियो उसी कार्रवाई का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो का बंगाल से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो बांग्लादेश का है। वहां अतिक्रमण हटाया गया था। उसी घटना के वीडियो को अब पश्चिम बंगाल से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Sunil Jha’ ने 19 मई 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, *रेलाई चालू हो गई-बांग्लादेशी की,**योगी जी के आशीर्वाद से शुभेन्दु अधिकारी का बुल्डोजर पं० बंगाल में सफाई अभियान शुरू किया …**बाबा योगी जी ने सबको बिगाड़ रखा है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन ‘News TV Bangla’ नाम के एक बांग्लादेशी यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 14 मई 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, वीडियो बांग्लादेश के जेस्सोर का है। वहां अतिक्रमण हटाया गया था। इस अभियान के तहत करीब 600 घरों को तोड़ा गया था।
पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो इसी जानकारी के साथ बांग्लादेशी यूट्यूब चैनल ‘Maasranga News’ और ‘Dhaka Watch’ पर 14 मई 2026 को अपलोड किए हुए मिले।
पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी रिपोर्ट ‘ittefaq’ नाम की बांग्लादेशी न्यूज वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 12 मई 2026 को बंगाली भाषा में प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, जेस्सोर में 400 से अधिक अवैध ढांचों को ध्वस्त किया गया था। इनमें अनधिकृत घरों, दुकानों, कारखानों और राजनीतिक कार्यालय शामिल थे। यह कार्रवाई बांग्लादेश की राष्ट्रीय आवास प्राधिकरण ने की थी।

अधिक जानकारी के लिए हमने बांग्लादेशी ‘प्रोबाश टाइम्स समाचार’ के एडिटर मोहम्मद राफ्त से संपर्क किया। उन्होंने वायरल वीडियो को बांग्लादेश का बताते हुए कहा कि यह कार्रवाई अतिक्रमण के खिलाफ बांग्लादेशी में की गई थी।
क्या है संदर्भ?
पश्चिम बंगाल समेत चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव मई 2026 में संपन्न हो चुके हैं। पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बन चुकी है। पार्टी ने शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनाया है। पश्चिम बंगाल की 294 सीटों वाली विधानसभा में बीजेपी को 207 सीटें मिली हैं। वहीं, तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमटकर रह गई।
बंगाल में बीजेपी सरकार ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सरकार ने हावड़ा स्टेशन के बाहर बने ढांचों को हटा दिया है। सरकार ने पहले नोटिस जारी किया था और लोगों की दुकानें और जगह समय पर न खाली होने पर बुलडोजर चला दिया था। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि फेसबुक यूजर को करीब तीन हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अतिक्रमण पर बुलडोजर चालने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। इस वीडियो का बंगाल से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो बांग्लादेश का है, जहां अतिक्रमण को हटाया गया था। उसी घटना के वीडियो को अब पश्चिम बंगाल से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार द्वारा अतिक्रमण हटाने का वीडियो।
- Claimed By : FB User Sunil Jha
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












