X
X

Fact Check : मुस्लिम समुदाय के बहिष्कार की बात करते लोगों का यह वीडियो नागपुर नहीं, दिल्ली का है

मुस्लिम लोगों के बहिष्कार की बात करते लोगों के वायरल वीडियो को लेकर किया जा दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो नागपुर का नहीं, बल्कि दिल्ली का है। दरअसल, वायरल वीडियो दिल्ली के गाजीपुर में हुई रोहित गुर्जर की हत्या का है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Mar 26, 2025 at 04:25 PM
  • Updated: Mar 26, 2025 at 04:40 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। औरंगजेब विवाद को लेकर नागपुर में हाल ही में हुई हिंसा से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शख्स को मुस्लिम समुदाय का बहिष्कार करने की बात करता हुआ देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि नागपुर में हुई हिंसा के बाद वहां के हिंदूओं ने मुस्लिम समुदाय का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो नागपुर का नहीं, बल्कि दिल्ली का है। दरअसल, वायरल वीडियो दिल्ली के गाजीपुर में हुई रोहित गुर्जर की हत्या का है। रोहित गुर्जर की हत्या को लेकर गुर्जर समाज के कुछ लोगों ने आरोपियों को पकड़ने और उन्हें सजा देने के लिए महापंचायत बुलाई थी और बहिष्कार की अपील की थी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए नाजिम और तारीक को गिरफ्तार किया है। जबकि कई आरोपी अभी फरार हैं।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘मनोज पाठक’ ने 22 मार्च 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है,” नागपुर में हिंदुओं ने सामूहिक रूप से मुसलमानों का बहिष्कार करने और उनसे दूर रहने का निर्णय लिया है। यह निर्णय नागपुर में मुसलमानों द्वारा हिंदुओं पर हमले के बाद लिया गया है। कोई भी हिंदू जो इस नियम का उल्लंघन करता है, उसे बहिष्कृत घोषित कर दिया जाएगा और उसका भी बहिष्कार किया जाएगा। हिंदू 23 तारीख को आगे की कार्रवाई पर चर्चा करने के लिए एक महापंचायत आयोजित कर रहे हैं, जिसमें कई जगहों से बड़ी संख्या में हिंदू लोगों के जुटने की उम्मीद है।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन अजय कुमार, राकेश यादव और संजीव भाटी नामक कई फेसबुक अकाउंट पर मिला। वीडियो को 16 और 17 मार्च 2025 को शेयर किया गया था। वीडियो में लोगों को रोहित गुर्जर की हत्या के बारे में बात करते हुए देखा जा सकता है। पोस्ट के मुताबिक, “09 मार्च 2025 को दिल्ली में हुई रोहित गुर्जर की हत्या जो कि गाजीपुर डेयरी फार्म में रहने वाले जिहादियों ने की थी जिसमें अभी तक भी पुलिस का ढीला रवैया है। और 4 मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ़्त से बाहर हैं। कृपया मेरे सभी 36 बिरादरी के लोग मेरे भाई रोहित को न्याय दिलाने आगे आयें। स्थान – गाजीपुर गाँव….समय – 12 बजे। तारीख – 23 मार्च… दिन – रविवार।”

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट एबीपी न्यूज की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 23 मार्च 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के  अनुसार, “दिल्ली के गाजीपुर इलाके में 9 मार्च  (रविवार) की देर रात को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। इस वारदात से नाराज लोगों ने नेशनल हाईवे-24 को जाम कर दिया था जबकि प्रदर्शनकारी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे। प्रदर्शनकारियों को मामले की उच्च करवाई और इंसाफ देने का आश्वासन किया गया था, लेकिन इस मामले में केवल दो लोगों की अब तक हुई गिरफ्तारी से गुज्जर समाज के लोग आहत और आक्रोशित नज़र आए। गुज्जर समाज के लोगों ने आज (23 मार्च, 2025) को गाजीपुर गांव में महापंचायत बुलाई, जिसमें हजारों की संख्या में गुर्जर समाज के पुरुष और महिलाएं पहुंचीं।”

लाइव हिंदुस्तान की वेबसाइट पर 24 मार्च 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, गाजीपुर इलाके में रोहित को इंसाफ दिलाने के लिए आयोजित महापंचायत में कई बीजेपी और आप नेता शामिल होने के लिए पहुंचे थे।

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां, यहां और यहां पर देखा जा सकता है। 

नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 13 मार्च 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “पुलिस इस मामले में नाजिम और तारीक को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि बाकि आरोपी अभी फरार हैं।”

पड़ताल के दौरान हमें इस महापंचायत से जुड़े कई अन्य वीडियो कई फेसबुक प्रोफाइल पर शेयर हुए मिले।

अधिक जानकारी के लिए हमने दिल्ली दैनिक जागरण के क्राइम रिपोर्टर शुजाउद्दीन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो दिल्ली के गाजीपुर का है और रोहित गुर्जर की हत्या से संबंधित है। वीडियो में रोहित गुर्जर की हत्या को लेकर बात की जा रही है। इसी घटना को लेकर 23 मार्च को गांव में पंचायत हुई थी, गुर्जर समुदाय के 36 गांव के लोग शामिल हुए थे। इसमें शामिल लोगों ने  रोहित की  हत्या के आरोपियो को फांसी देने की मांग की। पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी व एक करोड़ रुपये दिए जाएं। उन्होंने हमें यह भी बताया कि वायरल वीडियो में नजर आ रहा एक शख्स दिल्ली आम आदमी पार्टी का नेता और आप निगम पार्षद रचना सेठी के पति धर्मवीर सिंह हैं।

 आप निगम पार्षद रचना सेठी के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर भी हमें रोहित गुर्जर की हत्या को लेकर हुई महापंचायत से जुड़े वीडियो मिले।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मुस्लिम लोगों के बहिष्कार की बात करते लोगों के वायरल  वीडियो को लेकर किया जा  दावा भ्रामक है। असल में वायरल वीडियो नागपुर का नहीं, बल्कि दिल्ली का है। दरअसल, वायरल वीडियो दिल्ली के गाजीपुर में हुई रोहित गुर्जर की हत्या का है। रोहित गुर्जर की हत्या को लेकर गुर्जर समाज के कुछ लोगों ने आरोपियों को पकड़ने और उन्हें सजा देने के लिए महापंचायत बुलाई थी और बहिष्कार की बात कही थी।

  • Claim Review : औरंगजेब विवाद को लेकर नागपुर में हुई हिंसा के बाद हिंदूओं ने मुस्लिम समुदाय के बहिष्कार की अपील की।
  • Claimed By : FB User Manoj Pathak
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later