Fact Check: कथावाचक देवी चित्रलेखा की शादी की फोटो को मनगढ़ंत और आपत्तिजनक दावे के साथ किया जा रहा वायरल
बदायूं में सगे भाई-बहन के शादी करने का वायरल दावा गलत है। दरअसल, तस्वीर में नजर आ रही महिला कथावचक देवी चित्रलेखा और उनके पति माधव तिवारी हैं। 2017 में दोनों की शादी हुई थी। उसी की तस्वीर को दुष्प्रचार की मंशा से अब मनगढ़ंत और आपतिजनक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jun 12, 2025 at 04:31 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक महिला की शादी की तस्वीर को शेयर कर आपत्तिजनक दावा किया जा रहा है। पोस्ट में कहा जा रहा है कि उत्तर प्रदेश बदायूं जिला में मोहम्मद आमिर को अपनी ही सगी बहन फातिमा से प्यार हो गया और लड़की प्रेग्नेंट हो गई, जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। दरअसल, तस्वीर में नजर आ रही महिला कथावाचक देवी चित्रलेखा और उनके पति माधव तिवारी हैं। 2017 में दोनों की शादी हुई थी। उसी की तस्वीर को दुष्प्रचार की मंशा से सांप्रदायिक दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘Sumit Shukla Ayodhya Dham’ ने 11 जून 2025 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “उत्तर प्रदेश बदायूं जिला में मोहम्मद आमिर ने अपनी ही सगी बहन फातिमा से निकाह कर लिया आपको बता दे की मोहम्मद आमिर और फातिमा एक दूसरे के सगे भाई बहन है लेकिन इन दोनों भाई बहन को ही एक दूसरे से प्यार हो गया प्यार का परवान इस तरह चढ़ा कि यह दोनों भाई बहन एक दूसरे से घर ही में संबंध बनाने लगे जिसकी वजह से जल्द ही मोहम्मद आमिर अपनी बहन फातिमा को प्रेग्नेंट कर दिया और अपनी बहन के साथ में निकाह कर लिया सेकुलर हिंदुओं के लिए प्यार संदेश।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल तस्वीर नवीन कुमार नाम के एक एक्स अकाउंट पर मिली। तस्वीर को 27 मई 2017 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल तस्वीर में नजर आ रही महिला कथावाचक देवी चित्रलेखा हैं।
प्राप्त जानकारी के आधार पर यूट्यूब पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें चित्रलेखा की शादी से जुड़ा वीडियो हिंदुस्तान तक नाम के एक चैनल पर मिला। वीडियो को 7 नवंबर 2018 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो कथावाचक देवी चित्रलेखा की शादी के कार्यक्रम का है। शादी 23 मई 2017 को हिंदू-रीति रिवाज के अनुसार हुई थी।
जांच के दौरान हमें देवी चित्रलेखा की शादी से जुड़े कई अन्य वीडियो भी मिले।
हमें देवी चित्रलेखा के आधिकारिक फेसबुक पेज पर हमें एक पोस्ट मिली। पोस्ट को 2 जून 2020 को शेयर किया गया था। देवी चित्रलेखा ने अपनी शादी की तस्वीरों को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “गलत अफवाहों को खारिज किया गया। दिनांक 23 मई 2017 को गौसेवा धाम हॉस्पिटल के ही पावन प्रांगण में देवी चित्रलेखा जी का विवाह बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के ‘कश्यप गोत्रीय’ कान्यकुब्ज ब्राह्मण परिवार में श्री अरुण तिवारी जी के सुपुत्र श्री माधव तिवारी जी के साथ हिंदू रीति-रिवाज़ों के साथ संपन्न हुआ। कृपया अफ़वाहों को नजरअंदाज करें …!!!”

अधिक जानकारी के लिए हमने बदायूं दैनिक जागरण के रिपोर्टर अंकित गुप्ता से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि हाल ही में ऐसी किसी घटना की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। यह कथावाचक देवी चित्रलेखा की तस्वीर है।
अंत में हमने वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से प्रेरित पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को पांच हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को अयोध्या का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बदायूं में सगे भाई-बहन के शादी करने का वायरल दावा गलत है। दरअसल, तस्वीर में नजर आ रही महिला कथावचक देवी चित्रलेखा और उनके पति माधव तिवारी हैं। 2017 में दोनों की शादी हुई थी। उसी की तस्वीर को दुष्प्रचार की मंशा से अब मनगढ़ंत और आपतिजनक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : बदायूं में सगे भाई-बहन की शादी की तस्वीरें।
- Claimed By : FB User Sumit Shukla Ayodhya Dham
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












