Fact Check : स्कूल में रील बनाती महिला टीचर नहीं, बल्कि यूट्यूबर डिंपल सिंह है
स्कूल में रील बनाती महिला के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो में नजर आ रही महिला टीचर नहीं, बल्कि यूट्यूबर डिंपल सिंह है।
- By: Pragya Shukla
- Published: May 14, 2025 at 04:33 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर सरकारी स्कूल में रील बनाते हुए एक महिला का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पोस्टेड टीचर हैं, जो कि पढ़ाने की जगह स्कूल में रील बना रही है। इस वीडियो को शेयर कर उत्तर प्रदेश सरकार पर तंज कसा जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो में नजर आ रही महिला टीचर नहीं, बल्कि यूट्यूबर डिंपल सिंह है, जो कि स्कूल बंद होने के बाद वहां पर वीडियो बनाने के लिए जाती है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘राजेश कुमार रैगर’ ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “शिक्षकों की गुणवत्ता में सुधार के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नई शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप शिक्षकों की योग्यता मानदंडों को भी अपडेट किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश का प्राइमरी शिक्षा मॉडल “रील मॉडल” बन गया है। ये मैडम सुल्तानपुर में पोस्टेड है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो आस्था सिंह नामक यूट्यूब चैनल पर मिला। चैनल पर महिला के स्कूल में रील बनाने के कई वीडियो मौजूद हैं।

चैनल को खंगालने पर हमें महिला का एक वीडियो 2 अप्रैल 2025 को अपलोड हुआ मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, महिला का नाम डिंपल सिंह है और वो वीडियो बनाने के लिए स्कूल में आती है।
वीडियो को गौर से देखने के बाद हमने पाया कि वीडियो में पीछे की तरफ स्कूल का यू डायस कोड लिखा हुआ है। इस कोड के जरिए यह पता किया जा सकता है कि यह स्कूल कहां का है। हमने इस कोड के बारे में kys.udiseplus.gov.in की वेबसाइट पर सर्च किया। मौजूद जानकारी के अनुसार, स्कूल सुल्तानपुर जिले के कुरवां ब्लॉक में खदार बसंतपुर गांव में पड़ता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने उस स्कूल के प्रिंसिपल नरसिंह यादव से संपर्क किया। उन्होंने हमें हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। लड़की का नाम डिंपल सिंह है और वो स्कूल में टीचर नहीं है। उसका घर स्कूल के पास है। इसलिए वो स्कूल बंद होने के बाद वहां पर वीडियो बनाती है। इस संबंध में उनके घरवालों से बातचीत की गई है और उसे स्कूल के अंदर वीडियो बनाने से मना भी किया गया है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 4.3 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को राजस्थान का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि स्कूल में रील बनाती महिला के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो में नजर आ रही महिला टीचर नहीं, बल्कि यूट्यूबर डिंपल सिंह है, जो कि स्कूल बंद होने के बाद वहां पर वीडियो बनाने के लिए जाती है।
- Claim Review : उत्तर प्रेदश के सुल्तानपुर के एक स्कूल में रील बनाती टीचर का वीडियो।
- Claimed By : FB User Rajesh Kumar Raigar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












