X
X

Fact Check : यूपी के बागपत में महिला श्रम अधिकारी के मोबाइल तोड़ने की यह घटना पुरानी है

महिला अधिकारी के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो करीब दो साल पहले हुई एक घटना का है। ईंट-भट्ठा संचालक ने विनीता सिंह पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाये थे। वहीं, विनीता सिंह ने इन आरोपों को गलत बताया था।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: May 23, 2025 at 03:44 PM
  • Updated: May 23, 2025 at 05:58 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर लोगों से बहस करते हुए एक महिला का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह घटना बागपत का है और इसमें नजर आ रही महिला श्रम विभाग की अधिकारी हैं। पोस्ट में महिला पर आरोप लगाते हुए कहा जा रहा है कि उन्होंने भट्ठा मालिक से एक लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। भट्ठा मालिक के मना करने पर महिला बहस करने लगी। लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद, गुस्से में महिला ने वीडियो बना रहे व्यक्ति का फोन छीनकर तोड़ दिया और कहा, “मैं आप की नौकर नहीं हूं।”

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। यह वीडियो करीब दो साल पहले हुई एक घटना का है। वीडियो में दिख रही महिला श्रम विभाग की अधिकारी विनीता सिंह हैं। ईंट-भट्ठा संचालक बिट्टू उर्फ उपेंद्र चौहान ने विनीता सिंह पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाये थे। वहीं विनीता सिंह ने इन आरोपों को गलत बताया था।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘विमलेश गुप्ता’ ने 22 मई 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “महिला अधिकारी ने कहा मैं आपकी नौकर नहीं हूं। वीडियो बना रहे व्यक्ति का फोन छीनकर तोड़ दिया गया, वायरल वीडियो बागपत की बताई जा रही है, श्रम विभाग की महिला अधिकारी पर भट्टा मालिक ने एक लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। अब मैडम को कौन समझाएं कि वो असल में जनता की नौकर ही है और उसी की तनख्वाह मिलती हैं।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई की-फ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो में नजर आ रही महिला का नाम विनीता सिंह है और वह 2019 बैच की पीसीएस अफसर हैं। विनीता सिंह का आरोप था कि वीडियो एडिट कर वायरल किया गया था। उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही थी। दूसरी ओर भट्ठा संचालक ने विनीता विनीत सिंह पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था।

एबीपी न्यूज की वेबसाइट पर 9 जून 2023 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “रमाला गांव निवासी ईंट-भट्ठा संचालक बिट्टू उर्फ उपेंद्र चौहान का कहना था कि पेशगी लेने के बाद मजदूरों ने काम करने से मना कर दिया था। मजदूरों ने ऑनलाइन पोर्टल पर बंधक बनाकर रखने की शिकायत कर दी थी। बंधक प्रकरण की जांच करने श्रम विभाग की टीम 13 अप्रैल को पहुंची थी। श्रम विभाग के अधिकारियों को कोई भी मजदूर बंधक नहीं मिला था। फिर भी उन्होंने रिश्वत की मांग की थी।” वहीं, विनीता सिंह ने सभी आरोपों का खंडन करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया था। उनका कहना था कि वीडियो एडिटेड है।

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है। 

हमने अधिक जानकारी के लिए बागपत के स्थानीय पत्रकार सचिन त्यागी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो करीब दो साल पहले हुई घटना का है। ईंट-भट्ठा संचालक ने विनीता सिंह पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया था। वहीं, उन्होंने सभी आरोपों को गलत बताया था। वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले को लेकर जांच के आदेश दिए गए थे और विनीता सिंह को नोटिस भी जारी किया गया था। विनीता सिंह अभी भी बागपत में ही तैनात हैं।

हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 14 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महिला अधिकारी के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो करीब दो साल पहले हुई एक घटना का है। ईंट-भट्ठा संचालक ने विनीता सिंह पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाये थे। वहीं, विनीता सिंह ने इन आरोपों को गलत बताया था।

  • Claim Review : श्रम विभाग की महिला अधिकारी ने गुस्से में फोन तोड़ा।
  • Claimed By : FB User Vimlesh Gupta
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later