Fact Check: रायबरेली में महिला पुलिस अधिकारी की सरेआम हत्या के दावे से वायरल हो रहा वीडियो वास्तविक घटना का नहीं
महिला पुलिसकर्मी के मर्डर के दावे को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि एक शो की शूटिंग का है, जिसे अब माहौल खराब करने के मकसद से गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। रायबरेली पुलिस ने भी दावे का खंडन किया है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 4, 2025 at 03:52 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर कथित महिला पुलिसकर्मी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कोई दिन दहाड़े पुलिस की वर्दी पहने हुए महिला को गोली मारकर भाग जाता है। वीडियो को उत्तर प्रदेश पुलिस पर तंज कसते हुए शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह उत्तर प्रदेश के रायबरेली में हुई घटना का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि एक शो की शूटिंग का है, जिसे अब माहौल खराब करने के मकसद से गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। रायबरेली पुलिस ने भी दावे का खंडन किया है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Er Adv Sintu Kumar’ ने 2 नवंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “बेटियां कहां सुरक्षित है राय बरेली का वीडियो बताया जा रहा है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि शूटिंग जैसा लगता है। महिला को जिस तरह से गोली लगती है और खून बहता है और फिर वो जिस तरह से धीरे-धीरे नीचे गिरती है। ये सब असली घटना का नहीं मालूम होता है। साथ ही ऐसा भी लगता है की पीछे की ओर से कोई सभी को क्या करना है ये बता रहे हैं। वहां मौजूद कार पर भी महाराष्ट्र की नंबर प्लेट लगी हुई है। हमने गूगल पर कई कीवर्ड्स की मदद से भी सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो official_rahul_jatav_50k नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। यहां पर वीडियो को शूटिंग का बताया गया है। हमें कई अन्य सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो मिला, जहां पर इसे शूटिंग का बताया गया है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें शो का वीडियो ‘LIV Crime’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 2 अप्रैल 2024 को अपलोड किया गया था। वीडियो में 2.38 मिनट पर वायरल वीडियो वाले हिस्से को देखा जा सकता है। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो क्राइम पेट्रोल शो के एक एपिसोड का है।
हमें इस एपिसोड का टीजर ‘सेट इंडिया’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी मिला। वीडियो को 26 जुलाई 2022 को शेयर किया गया था। इस वीडियो में वायरल वीडियो वाले कुछ हिस्से को देखा जा सकता है। साथ ही पुलिस की वर्दी पहने वायरल वीडियो वाली महिला को भी देखा जा सकता है।
हमें जांच के दौरान दावे से जुड़ी एक पोस्ट ‘UttarPradesh.ORG News’ के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। पोस्ट को 2 नवंबर 2025 को शेयर किया गया है। कैप्शन के अनुसार, “रायबरेली : महिला पुलिसकर्मी को गोली मारे जाने के वायरल वीडियो पर पुलिस का आया बयान। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया — “यह वीडियो किसी फिल्मी ड्रामा का हिस्सा है, वास्तविक घटना नहीं।” सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर फैल रही अफवाहों पर लगाया विराम। पुलिस ने लोगों से अपील की — बिना सत्यापन के किसी भी वीडियो को साझा न करें।”
अधिक जानकारी के लिए हमने अपर पुलिस अधीक्षक रायबरेली संजीव कुमार सिन्हा से संपर्क किया। उन्होंने दावे का खंडन करते हुए बताया कि यह वीडियो असली घटना का नहीं, बल्कि एक शूटिंग का है। माहौल खराब करने के लिए शरारती त्वत इस वीडियो को गलत तरीके से शेयर कर रहे हैं।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को झारखंड का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महिला पुलिसकर्मी के मर्डर के दावे को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि एक शो की शूटिंग का है, जिसे अब माहौल खराब करने के मकसद से गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। रायबरेली पुलिस ने भी दावे का खंडन किया है।
- Claim Review : रायबरेली में सरेआम महिला पुलिसकर्मी को मारी गोली।
- Claimed By : FB User Er Adv Sintu Kumar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












