Fact Check : छात्रों के दो गुटों में हुई मारपीट की पुरानी PHOTO झूठे दावे के साथ VIRAL
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह बेबुनियाद और सांप्रदायिक साबित हुई।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Aug 2, 2025 at 03:47 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें कुछ लोगों को एक शख्स को बुरी तरह से पीटते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि घटना राजस्थान की है। राजस्थान में जुनैद अंसारी नाम के एक शख्स ने फेसबुक पर लड़कियों को जोड़ने के लिए एक ग्रुप बनाया हुआ था। जिसके बाद उसकी पिटाई की गई।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह बेबुनियाद और सांप्रदायिक साबित हुई। ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी में वर्ष 2023 में छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई थी। उसी घटना से जुड़ी तस्वीर को अब फर्जी दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक पर कृतिका राजपूत नाम की एक यूजर ने 31 जुलाई को एक तस्वीर को पोस्ट करते हुए दावा किया, “ये है जुनैद अंसारी राजस्थान का। इसने फेसबुक पर #ब्राह्मण_एकता ग्रुप बना रखा था और खुद उसका एडमिन था। उसमें ये ढूंढ ढूंढ कर लडकियों को जोडता था। खासकर ब्राह्मण। पुलिस से सहायता मागी गई। इसके लिए लेकिन राजस्थान पुलिस ने कोई सहयोग नहीं किया। इसके पीछे कई हिन्दू वादी टीमें काफी दिन से लगी हुई थी। लेकिन ये हाथ नहीं आ रहा था। फिर इसे चारा डाला गया माले गनीमत वाला और इसने उसे चुग लिया और आज हत्थे चढ ही गया। धन्यवाद -टीम उपदेश राणा, आदित्य हिन्दू यादव, बजरंग दल,और जिन हिन्दू भाइयों ने पर्दे के पीछे से काम किया। आप सबका।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच के लिए सबसे पहले तस्वीर को गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें एनडीटीवी की वेबसाइट पर एक खबर मिली। घटना का एक वीडियो रिपोर्ट में इस्तेमाल करते हुए इसे पांच दिसंबर 2023 को प्रकाशित किया गया। खबर में बताया गया कि ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी में कॉलेज छात्रों के दो गुटों के बीच हुई हाथापाई और उसके बाद कथित तौर पर अपहरण की कोशिश से इलाके में दहशत फैल गई थी। सोसायटी में उज्ज्वल भाटी नाम के एक शख्स के घर पर एक पार्टी चल रही थी। अचानक, कारों में सवार लगभग एक दर्जन युवक सोसाइटी में घुस आए। फिर हाथापाई शुरू हो गई।

सर्च के दौरान हमें भास्कर डॉट कॉम पर भी संबंधित घटना से जुड़ी एक पुरानी खबर मिली। दो साल पुरानी इस खबर में भी घटना को ग्रेटर नोएडा की बताया गया। पुलिस के हवाल से जानकारी देते हुए कहा गया कि यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले दो छात्रों के गुटों में हुए विवाद के बाद कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया था।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए राजस्थान के पत्रकार संतोष पांडेय से संपर्क किया । उनके साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया । उन्होंने बताया कि प्रदेश में कहीं भी ऐसी कोई घटना नहीं हुई है, जैसा कि वायरल पोस्ट में दावा किया गया है।
जांच के अंत में हमने फर्जी पोस्ट करने वाली यूजर की जांच की । इसे 15 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर कोलकाता की रहने वाली है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी में दो साल पहले छात्रों के दो गुटों में मारपीट हुई थी। उसी घटना से जुड़ी एक तस्वीर को राजस्थान के नाम पर सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल किया गया है।
- Claim Review : राजस्थान में जुनैद अंसारी की पिटाई
- Claimed By : FB User Kritka Rajput
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












