Fact Check : रोहित शर्मा की बेटी की तस्वीर भ्रामक दावे के साथ की जा रही है शेयर
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया। असल में यह तस्वीर जुलाई 2019 की है और फोटो में रितिका सजदेह की गोद में उनकी बेटी समायरा है। जिसे अब रोहित शर्मा के बेटे अहान की बताकर शेयर किया जा रहा है। वायरल फोटो को हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Mar 5, 2025 at 02:57 PM
- Updated: Mar 6, 2025 at 04:29 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल मैच में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया टीम को 4 विकेट से हराया। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह की गोद में एक बच्चे को देखा जा सकता है। यूजर्स इस फोटो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीर रोहित शर्मा के बेटे अहान की है।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल की जा रही तस्वीर जुलाई 2019 की हैं। यह तस्वीर आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 में हेडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड में हुए मैच की है। तस्वीर में रितिका की गोद में उनकी बेटी समायरा है, जिसे अब हालिया बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर chhotu_2410 ने वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, ”जूनियर हिटमैन अहान का फर्स्ट लुक देखकर फैंस गदगद हो गए। बता दें कि रोहित शर्मा और रितिका सहदेव के बेटे को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार खुले तौर पर देखना एक बेहद सुखद अहसास हुआ। जूनियर हिटमैन अहान के लिए एक प्यारा दुलार बनता है।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
वायरल तस्वीर की पड़ताल के लिए हमने गूगल लेंस का इस्तेमाल किया। हमें वायरल तस्वीर से जुड़ी खबर एएनआई न्यूज की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 7 जुलाई 2019 को प्रकाशित किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 में हेडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड में श्रीलंका के खिलाफ एक मैच के दौरान रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह और बेटी समायरा पहुंचे थे।”
वायरल तस्वीर से जुड़ी खबर इंडिया डॉट कॉम की वेबसाइट पर मिली। 6 जुलाई 2019 को प्रकाशित खबर में बताया गया, यह तस्वीर आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 के दौरान की है। जब रितिका सजदेह बेटी के साथ पहुंची थी।”
वायरल तस्वीर को रोहित शर्मा ने भी अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया था। फोटो को 7 जुलाई 2019 को शेयर किया गया था।
वायरल तस्वीर से जुड़ी अन्य खबरें यहां देखी जा सकती हैं।
बता दें की रोहित शर्मा और रितिका सजदेह ने अपने बेटे की कोई तस्वीर शेयर नहीं की है। हमने दोनों के सोशल मीडिया हैंडल को खंगाला, हमें कहीं भी उनके बेटे की कोई तस्वीर नहीं मिली।
अधिक जानकारी के लिए हमने स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और कमेंटेटर सैयद हुसैन से बात की। उन्होंने हमें बताया, रोहित शर्मा और रितिका सजदेह ने अभी अपने नवजात बेटे की कोई तस्वीर रिवील नहीं की है और यह तस्वीर उनकी बेटी समायरा की है।
पहले भी रोहित शर्मा के बेटे को लेकर कई दावे सोशल मीडिया पर वायरल किए गए हैं। जिनकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को 28 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया। असल में यह तस्वीर जुलाई 2019 की है और फोटो में रितिका सजदेह की गोद में उनकी बेटी समायरा है। जिसे अब रोहित शर्मा के बेटे अहान की बताकर शेयर किया जा रहा है। वायरल फोटो को हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : यह तस्वीर रोहित शर्मा के बेटे अहान की है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर - chhotu_2410
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












