X
X

Fact Check : रोहित शर्मा, विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी का यह वीडियो एडिटेड है

विश्‍वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। अलग-अलग समय के तीन अलग-अलग वीडियो क्लिप्स को जोड़कर वायरल वीडियो बनाया गया है। रोहित शर्मा के साथ असल वीडियो में युवराज सिंह, विराट कोहली के साथ सुनील छेत्री हैं। वहीं, वैभव सूर्यवंशी का वीडियो आईपीएल के दौरान का है। लोग एडिटेड वीडियो को असली समझकर शेयर कर रहे हैं।

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Jun 12, 2025 at 04:34 PM
  • Updated: Jun 12, 2025 at 05:18 PM

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। आईपीएल 2025 का खिताब इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने जीता है। फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर अपना पहला खिताब जीता है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें रोहित शर्मा, विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी को एक साथ वीडियो कॉल पर  देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को असली समझकर शेयर कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि दोनों ने वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करने पर बधाई दी है।  

विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा फर्जी निकला। तीन अलग-अलग वक्त के वीडियो को जोड़कर वायरल वीडियो तैयार किया गया है। असली वीडियो में रोहित शर्मा युवराज सिंह के साथ, विराट कोहली सुनील छेत्री के साथ बात कर रहे हैं। वहीं, वैभव सूर्यवंशी का वीडियो आईपीएल के दौरान का है। एडिटेड वीडियो को असली समझकर वायरल किया जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर Sunil Prajapati ने (आर्काइव लिंक) 7 जून 2025 को वीडियो को शेयर कर लिखा है,”विराट रोहित एंड वैभव सूर्यवंशी वीडियो कॉल वीडियो वायरल क्रिकेटर रोहित शर्मा विराट कोहली वैभव सूर्यवंशी”

Cric Barbhuiya नाम के एक यूजर ने विराट कोहली और रोहित शर्मा का एक वीडियो शेयर किया है। दावा किया गया,”मुंबई के पंजाब से क्वालीफायर 2 हारने के बाद विराट कोहली ने रोहित शर्मा को वीडियो कॉल कर सांत्वना दी #viratkohli #rohitsharma #ipl2025 #videos #videoviral #viralvideo #viralvideoシ #viralpost”

पड़ताल

पड़ताल शुरू करते हुए हमने तीनों वीडियो को अलग-अलग करके सर्च किया।

रोहित शर्मा वीडियो:

हमने वीडियो का स्क्रीनशॉट निकाला और गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी खबर वनइंडिया हिंदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। 8 अप्रैल 2020 को अपलोड वीडियो में रोहित शर्मा को युवराज सिंह के साथ बात करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के साथ दी गई जानकारी अनुसार,” युवराज और रोहित ने इंस्टाग्राम लाइव में बात की। दोनों ने बहुत सारे मुद्दों जैसे- कोरोना वायरस और युवा खिलाड़ियों के बारे में भी बात की।”

वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां देखी जा सकती हैं।

विराट कोहली वीडियो :

जांच में आगे हमने विराट कोहली के वीडियो को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग (CCL) के यूट्यूब चैनल पर वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। वीडियो को 18 मई 2020 को अपलोड किया गया था। इसमें विराट कोहली को भारतीय फुटबॉल टीम के स्ट्राइकर सुनील छेत्री के साथ बात करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो में वायरल वीडियो के हिस्से को 20:50 से देखा जा सकता है।

वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां देखी जा सकती हैं।

वैभव सूर्यवंशी वीडियो :

वैभव सूर्यवंशी का वीडियो हमें ‘राजस्थान रॉयल्स’ के वेरिफाइड इंस्टाग्राम हैंडल पर मिला। 28 अप्रैल 2025 को वीडियो शेयर किया गया है।

दूसरा दावा :

बता दें की विराट कोहली और रोहित शर्मा का वीडियो कॉल का वायरल किया जा रहा वीडियो भी एडिटेड है। इस दावे को पहले भी वायरल किया जा चुका है। उस समय दावा किया गया,”कोहली के दूसरी बार पिता बनने पर रोहित शर्मा ने वीडियो चैट कर बधाई दी।” विश्वास न्यूज ने इस वीडियो को जांच में एडिटेड पाया था। जिसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

सर्च के दौरान हमें कई मीडिया रिपोर्ट्स मिली, जिसमें बताया गया कि रोहित शर्मा ने आईपीएल में वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन की तारीफ की है। वहीं, विराट कोहली ने वैभव को कुछ टिप्स दिए थे।  

हमने वायरल वीडियो को दैनिक जागरण के खेल संवाददाता अभिषेक त्रिपाठी के साथ शेयर किया। उन्होंने वीडियो को एडिटेड बताया है।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला यूजर को करीबन 6 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को गोरखपुर का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्‍वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। अलग-अलग समय के तीन अलग-अलग वीडियो क्लिप्स को जोड़कर वायरल वीडियो बनाया गया है। रोहित शर्मा के साथ असल वीडियो में युवराज सिंह, विराट कोहली के साथ सुनील छेत्री हैं। वहीं, वैभव सूर्यवंशी का वीडियो आईपीएल के दौरान का है। लोग एडिटेड वीडियो को असली समझकर शेयर कर रहे हैं।

  • Claim Review : विराट रोहित एंड वैभव सूर्यवंशी वीडियो कॉल वीडियो
  • Claimed By : फेसबुक यूजर- Sunil Prajapati
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later