Fact Check: गुजरात और हैदाराबाद में लियोनेल मेसी के इवेंट का बताकर वायरल हुए पुराने वीडियो
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। मेसी के गुजरात इवेंट के नाम से वायरल वीडियो, असल में जनवरी 2025 का अहमदाबाद में हुए कोल्डप्ले कॉन्सर्ट का है। वहीं दूसरा वीडियो साल 2024 का है, जब अभिनेता अल्लू अर्जुन हैदराबाद के संध्या थिएटर में फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ के प्रचार के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी। लोग पुराने वीडियो को हालिया बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Dec 18, 2025 at 04:52 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। फुटबॉलर लियोनेल मेसी हाल ही में अपने ‘GOAT इंडिया टूर 2025’ (Greatest Of All Time/सर्वकालिक महानतम) के लिए भारत दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली का दौरा किया था। इसी बीच सोशल मीडिया पर कई दावे भी वायरल किए गए। ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें स्टेडियम में लोगों की भीड़ और लाइटिंग नजर आ रही है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह गुजरात में हुए मेसी के एक हालिया इवेंट का वीडियो है।
एक अन्य वीडियो, जिसमें सड़क पर लोगों कि भीड़ देखी जा सकती है, वायरल कर दावा किया जा रहा है कि हैदराबाद पहुंचने पर लियोनेल मेसी का स्वागत करने के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। पहला वीडियो जनवरी 2025 का अहमदाबाद में कोल्डप्ले कॉन्सर्ट का है। वहीं, दूसरा वीडियो साल 2024 का है, जब अभिनेता अल्लू अर्जुन हैदराबाद के संध्या थिएटर में अपनी फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ के प्रचार के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी। दोनों वीडियो को अब हालिया बताकर फर्जी दावे से शेयर किया जा रहा है। वीडियो का हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर ‘Keya Bose’ ने (आर्काइव लिंक) 15 दिसंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया और लिखा, “गुजरात में मेसी का कार्यक्रम।”

‘GOAT Info’ नाम के सोशल मीडिया यूजर ने भी मेसी के भारत दौरे से जोड़ते हुए एक वीडियो शेयर किया है और इसे हैदराबाद का बताया है।
पड़ताल
पहला वीडियो
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो ‘MyGovIndia’ के वेरिफाइड फेसबुक पेज पर मिला। वीडियो को 26 जनवरी 2025 को अपलोड किया गया था। दी गई जानकारी के अनुसार, यह वीडियोअहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए कोल्डप्ले कॉन्सर्ट का है।
हमें इस वीडियो से जुड़ी खबर ‘ndtv.com’ की वेबसाइट पर भी मिली। 27 जनवरी 2025 को प्रकाशित खबर में बताया गया, “ब्रिटिश बैंड कोल्डप्ले ने भारत में अपने “म्यूजिक ऑफ द स्फेयर्स वर्ल्ड टूर” का समापन अहमदाबाद में एक शानदार कार्यक्रम के साथ किया। यह कॉन्सर्ट नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें हजारों प्रशंसक कोल्डप्ले के हिट गानों पर झूमते हुए दिखाई दिए।”

वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ें।
हमने वीडियो के बारे में अधिक जानकारी के लिए गुजराती जागरण के एसोसिएट एडिटर जीवन कपूरिया से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो अहमदाबाद का है, जबकि मेसी गुजरात के जामनगर में अनंत अंबानी के वनतारा वाइल्डलाइफ सेंटर में गए थे। अहमदाबाद में मेसी का कोई इवेंट नहीं हुआ।
दूसरा वीडियो
हमने दूसरे वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को गूगल लेंस पर अपलोड किया। हमें वीडियो ‘AAdhii’ नाम के एक्स हैंडल पर मिला। 26 नवंबर 2025 को की गई पोस्ट में इसे फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ का प्रचार करते अल्लू अर्जुन के स्वागत का बताया गया है।
हमें दूसरे वायरल वीडियो से मिलता-जुलता वीडियो ‘News Buzz’ के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। वीडियो को 5 दिसंबर 2024 को अपलोड किया गया था। दी गई जानकारी के अनुसार, यह वीडियो फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ के प्रीमियर के दौरान का है, जब अल्लू अर्जुन हैदराबाद के संध्या थिएटर पहुंचे थे।
वीडियो से जुड़ी अन्य पोस्ट यहां देखें।
पड़ताल के अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। हमें पता चला कि फेसबुक पर यूजर को 7 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। मेसी के गुजरात इवेंट के नाम से वायरल वीडियो, असल में जनवरी 2025 का अहमदाबाद में हुए कोल्डप्ले कॉन्सर्ट का है। वहीं दूसरा वीडियो साल 2024 का है, जब अभिनेता अल्लू अर्जुन हैदराबाद के संध्या थिएटर में फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ के प्रचार के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी। लोग पुराने वीडियो को हालिया बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं।
- Claim Review : गुजरात और हैदाराबाद में हुए मेसी के इवेंट के वीडियो।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Keya Bose
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












